
LG कंपनी में लगातार हलचल तेज हो रही है जो जल्द ही टेक मार्केट तक पहुॅंच जाएगी। एलजी खुद बता चुकी है कि कंपनी इंडियन मार्केट में फिर से वापसी की तैयारी कर रही है और विभिन्न बजट में अपने कई नए स्मार्टफोन लॉन्च करेगी। पिछले कुछ दिनों में ‘एलजी के’ सीरीज़ के कई स्मार्टफोंस सर्टिफिकेशन्स साइट पर सामने आए हैं जिनके नाम LG K22, LG K31, LG K31s, LG K32 और LG K42 थे। इनमें से ही एक एलजी के42 की चर्चा फिर से तेज हुई है। यह स्मार्टफोन इस बार ब्लूटूथ सर्टिफाईड किया गया है।
LG K42 को ब्लूटूथ सर्टिफिकेशन्स साइट ब्लूटूथ एसआईजी पर लिस्ट किया गया है। यह लिस्टिंग आज यानि 17 अगस्त की ही है जहां फोन फोन को LM-K420EMW मॉडल नंबर के साथ सर्टिफाइड किया गया है। इस वेबसाइट से पहले यह फोन एफसीसी पर भी स्पॉट किया जा चुका है जहां इसी मॉडल नंबर के साथ लिस्ट हुआ है। इन दोनों लिस्टिंग में एक ओर जहां LG K42 की कुछ स्पेसिफिकेशन्स सामने आई है वहीं दूसरी ओर से उम्मीद और भी मजबूत हो गई है कि एलजी जल्द ही अपना नया स्मार्टफोन पेश करने वाली है।
LG K42
एलजी के42 की इन दोनों लिस्टिंग्स में खुलासा हुआ है कि LG K42 को एंडरॉयड 10 ओएस पर पेश किया जाएगा। लिस्टिंग में इस फोन में 3 जीबी रैम मैमोरी दिए जाने की बात सामने आई है जिसके साथ 64 जीबी की इंटरनल स्टोरेज दिखाई गई है। यहां प्रोसेसर और चिपसेट की जानकारी तो सामने नहीं आई है लेकिन चर्चा है कि यह फोन मीडियाटेक हीलियो पी22 चिपसेट पर लॉन्च होगा।
LG K42 की एफसीसी लिस्टिंग से पता चला है कि यह फोन क्वॉड रियर कैमरा सपोर्ट करेगा और यह कैमरा सेटअप बैक पैनल के उपरी बाईं ओर स्क्वायर शेप में फिट होगा। इसके साथ ही लिस्टिंग के अनुसार एलजी के42 फोन को 3,900एमएएच की बैटरी के साथ लॉन्च किया जाएगा जो 10वॉट फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करेगी। बहरहाल फोन की अन्य स्पेसिफिकेशन्स और लॉन्च डिटेल्स के सामने आने का इंतजार किया जा रहा है।
LG K31
एलजी के31 की गीकबेंच लिस्टिंग की बात करें तो यहां फोन के एंडरॉयड 10 ओएस से लैस बताया गया है। फोन में 2.0गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाला आक्टाकोर प्रोसेसर दिए जाने की बात गीकबेंच पर सामने आई है जिसके साथ मीडियाटेक का हीलियो पी22 चिपसेट दिए जाने की पुष्टि इस लिस्टिंग में हुई है। बता दें कि यह चिपसेट लो एंड डिवाईस के देखने को मिलता है।
LG K31 को गीकबेंच पर 4 जीबी रैम मैमोरी से लैस दिखाया गया है। बहरहाल उम्मीद की जा सकती है कि एलजी अपने फोन को एक से अधिक वेरिएंट में लॉन्च करेगी। बेंचमार्किंग स्कोर की बात करें तो सिंगल-कोर में जहां एलजी के31 को 826 स्कोर प्राप्त हुआ है वहीं मल्टी-कोर में LG K31 को 3822 स्कोर मिला है।


















