
LG काफी दिनों से टेक बाजार की सुर्खियों में छाई हुई है। कंपनी भारतीय स्मार्टफोन बाजार के लिए नई स्ट्रेटजी बना रही है और इस स्ट्रेटजी के तहत LG W सीरीज़ का लॉन्च किया जाएगा। कंपनी ने हालांकि अभी तक इस सीरीज़ में लॉन्च होने वाले स्मार्टफोन के नाम का खुलासा नहीं किया है लेकिन चर्चा है कि एलजी डब्ल्यू सीरीज़ के तहत लॉन्च होने वाला पहला स्मार्टफोन LG W10 होगा। इस स्मार्टफोन के कई अहम फीचर की जानकारी कंपनी पहले ही दे चुकी है, वहीं आज LG ने अपनी W सीरीज़ की लॉन्च डेट से भी पर्दा उठा दिया है। LG W सीरीज़ आने वाली 26 जून को इंडिया में दस्तक देगी।
LG India ने W सीरीज़ के लॉन्च से पर्दा उठाते हुए भारतीय मीडिया को इन्वाइट भेज दिए हैं। कंपनी ने बताया है कि आने वाली 26 जून को LG राजधानी दिल्ली में एक ईवेंट का आयोजन करेगी और इसी ईवेंट में मंच से कंपनी की W सीरीज़ टेक मंच पर दस्तक देगी। आपको बता दें कि यह स्मार्टफोन सीरीज़ पूरी दुनिया में सबसे पहले भारत में ही लॉन्च की जा रही है। इस सीरीज़ की मुख्य यूएसपी ट्रिपल रियर कैमरा और पावरफुल बैटरी मानी जा रही है जो सस्ती कीमत पर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर सेल के लिए उपलब्ध होगी।

ऐसी होगी लुक
LG W10 की लीक हुई फोटो में फोन का ट्रिपल रियर कैमरा दिखाया गया है। यह कैमरा सेटअप बैक पैनल पर उपरी बाईं ओर वर्टिकल शेप में स्थित है। इस कैमरा सेटअप में दो सेंसर जहां ब्लैक रिंग में हैं वहीं तीसरा सेंसर रेड रिंग में दिखाया गया है। इस फोटो में फोन के बैक पैनल पर फिंगरप्रिंट सेंसर भी दिखाया गया है जो कैमरा सेटअप के साईड में पैनल के बीच में स्थित है। फोन के बैक पैनल पर नीचे ही ओर LG की ब्रांडिग दी गई है। इस फोटो में फोन का साईड पैनल और लोवर पैनल भी नज़र आया है। फोन के साईड पैनल पर वाल्यूम रॉकर लगा हुआ है तथा इसके नीचे पावर बटन मौजूद है। LG W सीरीज़ के इस आगामी स्मार्टफोन के नीचले पैनल पर यूएसबी टाईप सी पोर्ट स्थित है। एलजी के इस फोन को एंटिना बैंड डिजाईन पर बनाया गया है।
स्पेसिफिकेशनस
LG W10 से जुड़े एक लीक में सामने आया है कि एलजी अपनी डब्ल्यू सीरीज़ के पहले स्मार्टफोन को 6.2-इंच की डिसप्ले पर पेश करेगी। लीक के अनुसार एलजी का यह फोन एंडरॉयड 9.0 पाई वर्ज़न पर पेश किया जाएगा। लीक के मुताबिक LG W10 को 3जीबी रैम मैमोरी पर लॉन्च किया जाएगा तथा इस फोन में 32जीबी की इंटरनल स्टोरेज देखने को मिलेगी। हालांकि इस बात को भी नकारा नहीं जा सकता है कि एलजी डब्ल्यू10 को एक से ज्यादा वेरिएंट्स में बाजार में उतारा जा सकता है।
आपको बता दें कि LG India पहले ही कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर LG W10 का प्रोडक्ट पेज बना चुकी है जहां फोन से जुड़ी अन्य स्पेसिफिकेशन्स व जानकारियां मौजूद है। इस पेज से पता चला है कि LG अपनी W सीरीज़ के स्मार्टफोन को 4,000एमएएच की पावरफुल बैटरी से लैस कर बाजार में लॉन्च करेगी। फोन की बैटरी के साथ ही यह जानकारी भी सामने आ गई है कि LG W सीरीज़ स्मार्टफोन को एंडरॉयड के नए आपरेटिंग सिस्टम एंडरॉयड 9 पाई पर पेश किया जाएगा। इसके साथ ही प्रोसेसिंग के लिए फोन में 2.0गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाला आक्टाकोर प्रोसेसर दिया जाएगा। इस फोन का चिपसेट 12एनएम तकनीक बना होगा जो 64बिट आर्कटेक्चर प्रोसेसिंग पर काम करेगा। यह भी पढ़ें : Samsung Galaxy M40 के लिए अब नहीं करना होगा इंतजार, ओपन सेल के लिए हुआ उपलब्ध
LG W10 को कंपनी अपने इस फोन को लो बजट सेग्मेंट में ही उतारेगी। LG W सीरीज़ के साथ कंपनी Samsung की Galaxy M सीरीज़ और Xiaomi तथा Realme जैसे ब्रांड्स को टक्कर देने वाली है। लगे हाथ आपको बता दें कि LG W सीरीज़ के लिए कंपनी ने शॉपिंग साइट अमेज़न से हाथ मिलाया है और यह स्मार्टफोन इसी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर सेल के लिए उपलब्ध होगा।



















