
हाल ही में खबर सामने आई थी कि एलजी इलेक्ट्रॉनिक भारतीय बाजार में एक नया स्मार्टफोन पेश करने की तैयारी कर रही है। एलजी का ये स्मार्टफोन डब्लू सीरीज का हिस्सा होगा। वहीं, एलजी ने साउथ कोरिया में अपने नए स्मार्टफोन को एक्स सीरीज में LG X6 के नाम से पेश किया है।
LG X6 की कीमत
अगर बात करें LG X6 की कीमत की तो साउथ कोरिया में इसे KRW 349,800 (लगभग 20,500 रुपए) में पेश किया गया है। डिवाइस को मार्केट में Moroccan Blue और Aurora Black कलर ऑप्शन में सेल किया जाएगा। हालांकि, साउथ कोरिया के अलावा इसे दूसरी मार्केट में कब लॉन्च किया जाएगा इस बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

LG X6 की स्पेसिफिकेशन्स और फीचर्स
अगर बात करें LG X6 की स्पेसिफिकेशन्स की तो इसमें 6.26-इंच एचडी+ (720×1520 पिक्सल) डिसप्ले दिया गया है। साथ ही यह मीडियाटेक एमटी6762 एसओसी से लैस है। वहीं, फोन में 3जीबी रैम और 64जीबी स्टोरेज दी गई है। फोन की स्टोरेज को माइक्रोएसडी कार्ड की मदद से बढ़ाया जा सकता है।
फोटोग्राफी के लिए फोन में ट्रिपल रियर कैमरा दिया गया है। इसमें 16-मेगापिक्सल प्राइमरी सेंसर, 5-मेगापिक्सल वाइड-एंगल लेंस और तीसरे 2-मेगापिक्सल डेप्थ सेंसर दिया गया है। इसके अलावा फोन के फ्रंट में वीडियो कॉलिंग और सेल्फी के लिए 13-मेगापिक्सल का कैमरा दिया गया है।
वहीं, पावर बैकअप के लिए फोन में 3,500एमएएच की बैटरी दी गई है। बैटरी को लेकर कंपनी का दावा है कि इसमें 13 घंटे का टॉक टाइम और 625 घंटे का स्टैंडबाए टाइम मिलता है।


















