
पिछले सप्ताह कार्बन ने कम कीमत में चार 4जी फोन पेश किए हैं। सभी फोन 5,000 रुपये से 6,500 रुपये के बजट में उपलब्ध हैं। इन में सबसे कम कीमत का फोन है कार्बन के9 स्मार्ट 4जी। इस फोन की कीमत 5,090 रुपये है। वहीं इसी बजट में हाल में प्रमुख भारतीय मोबाइल फोन निर्माता कंपनी माइक्रोमैक्स ने भी अपना 4जी वोलएलटीई फोन पेश किया है। यह फोन भी लगभग 5,000 रुपये के बजट का है। ऐसे में भारत की दूसरी सबसे बड़ी मोबाइल कंपनी माइक्रोमक्स और तीसरी सबसे बड़ी मोबाइल निर्माता कंपनी कार्बन के बीच सीधी टक्कर बनती है। हर उपभोक्ता जानना चाहेगा कि कार्बन के9 स्मार्ट 4जी बेहतर है या माइक्रोमैक्स वीडियो 2। आगे हमनें दोनों फोन की टक्कर ली है और अपना निष्कर्ष भी दिया है।
डिजाइन व डिसप्ले
कार्बन के9 स्मार्ट 4जी कम बजट का फोन है लेकिन देखने में बेहतर है। फोन की बॉडी मैटल और मैटफिनिश पालीकार्बोनेट की बनी है। पीछे से यह थोड़ा कर्व है जो इसे स्मार्ट बनाता है। कर्व की वजह से इसकी मोटाई 10 एमएम तक है लेकिन कोने काफी पतले हैं ऐसे में यह स्लिम दिखाई देता है।

वहीं माइक्रोमैकस वीडियो 2 की बात करें तो कंपनी ने इसे मैटल फिनिश में पेश किया है। फोन के मुख्य पैनल में ग्लास मिलेगा जबकि पिछला पैनल प्लास्टिक और मैटल का है। मैटल देकर कंपनी ने इसे प्रीमियम लुक देने की कोशिश की है लेकिन कहा जा सकता है कि सफल नहीं हुई है। वीडियो 2 काफी मोटा है और थोड़ा अधिक भारी भी।
ऐसे में डिजाइन के मामले में कार्बन के9 स्मार्ट 4जी बेहतर कहा जाएगा।
असूस जेनफोन 3 मैक्स रिव्यू: स्टाइलिश लुक, शानदार बैटरी लेकिन थोड़ी कमी
डिसप्ले
कार्बन के9 स्मार्ट 4जी में 5-इंच की टीएफटी एफडब्ल्यूवीजीए स्क्रीन दी गई है। फोन का स्क्रीन रेजल्यूशन 480 x 854 पिक्सल है। वहीं कंपनी ने प्रोटेक्शन की भी जानकारी नहीं दी है।
वहीं माइक्रोमैक्स वीडियो 2 की बात की जाए तो इस फोन में 4.5-इंच की एफडब्ल्यूवीजीए स्क्रीन दी गई है। इसका भी स्क्रीन रेजल्यूशन 480×854 पिक्सल है। हालांकि जहां के9 स्मार्ट 4जी में स्क्रीन रेशियो 196पीपीआई है वहीं वीडियो 2 में 218पीपीआई है। ऐसे में वीडियो 2 आपको थोड़ा शार्प डिसप्ले देगा लेकिन फोन की स्क्रीन छोटी है। इस मामले में भी आप कार्बन के9 स्मार्ट 4जी को ही बेहतर कहेंगे।
प्रोसेसर, रैम व रोम
के9 स्मार्ट 4जी को मीडियाटेक चिपसेट पर पेश किया गया है और इसमें 1.2गीगाहट्र्ज का क्वाडकोर प्रोसेसर दिया गया है। इसके साथ ही 1जीबी रैम और 8जीबी की इंटरनल मैमोरी है। फोन में कार्ड सपोर्ट दिया गया है।
माइक्रोमैक्स वीडियो 2 में भी आपको 1.3गीगाहट्र्ज का क्वाडकोर प्रोसेसर मिलेगा इसके साथ ही 1जीबी रैम और 8जीबी की इंटरनल मैमोरी दी गई है। इसमें 32जीबी तक का कार्ड सपोर्ट है। यहां आप किसी को भी आगे नहीं कह सकते।
जानें शाओमी रेडमी नोट 3 और नुबिया एन1 में कौन सा फोन है बेहतर
आॅपरेटिंग सिस्टम
कार्बन का यह फोन इंडस आॅपरेटिंग सिस्टम पर कार्य करता है। यह एंडरॉयड आॅपरेटिंग सिस्टम 6.0 मार्शमेलो आधारित ही है लेकिन भारतीय उपभोक्ताओं को ध्यान में रखते हुए कई कस्टमाइजेशन दिया है। साथ ही क्षेत्रीय भाषाओं का सपोर्ट भी मिलेगा। इसमें आपको टेक्सट टू स्पीच, फ्री इंडस मैसेज और फाइल ट्रांसफर के लिए जेंडर जैसे आॅप्शन मिलेंगे।
वहीं वीडियो 2 एंडरॉयड आॅपरेटिंग सिस्टम 6.0 मार्शमेलो आधारित है। इसमें आपको गूगल डूओ एप्लिकेशन प्री लोडेड मिलेगा जिससे आप वीडियो कॉल कर सकते हैं। हालांकि यह बहुत बड़ा फीचर नहीं है। इस ऐप को किसी भी एंडरॉयड फोन में गूगल प्ले स्टोर से मुफ्त में भी डाउनलोड कर सकते हैं। ऐसे में यहां भी थोड़े अंतर से ही सही लेकिन कार्बन का ही फोन बाजी मार जाता है।
कैमरा
फोटोग्राफी के लिए कार्बन के9 स्मार्ट 4जी में 5-मेगापिक्सल का फ्रंट और 5-मेगापिक्सल का मेन कैमरा दिया गया है।
वहीं माइक्रोमैक्स वीडियो 2 में मेन कैमरा 5-मेगापिक्सल का है जबकि सेकेंडरी कैमरा 2-मेगापिक्सल का है। ऐसे में कैमरे के मामले में भी के9 स्मार्ट फोन ही अच्छा कहा जाएगा।
कनेक्टिविटी
दोहरा सिम आधारित के9 स्मार्टर 4जी में कनेक्टिविटी के लिए 4जी वोएलटीई सपोर्ट है। इसमें आप रिलायंस के 4जी सिम का उपयोग कर सकते हैं। वहीं वाईफाई, 3जी और जीपीएस भी मिलेगा।
वीडियो 2 में 4जी वोएलटीई सपोर्ट है और कंपनी इसके साथ फ्री जियो सिम भी दे रही है। इसमें भी डुअल सिम सपोर्ट है और आप 4जी के साथ 3जी, वाईफाई और जीपीएस का उपयोग कर सकते हैं।
बैटरी
पावर बैकअप के लिए कार्बन के9 स्मार्ट 4जी में 2,300 एमएएच की बैटरी दी गई है। जबकि माइक्रोमैक्स वीडियो 2 में 1,600 एमएएच की बैटरी है। यहां भी माइक्रोमैक्स ही पीछे नजर आता है।
निष्कर्ष
एक भी ऐसा सेग्मेंट नहीं है जहां माइक्रोमैक्स को बेहतर कहा जाए। हर सेग्मेंट में कार्बन के9 स्मार्ट 4जी बेहतर साबित होता है। ऐसे में कहा जा सकता है कि यदि बजट 5,000 रुपये का है तो माइक्रोमैक्स वीडियो 2 को न लेना ही बेहतर है। कार्बन के9 स्मार्ट 4जी ज्यादा अच्छा आॅप्शन है।


























