Motorola ने टीज किया नया वाइड फोल्डेबल फोन, मिल सकती है Apple और Samsung को टक्कर

Motorola ने नए फोल्डेबल फोन का टीजर जारी किया है। कंपनी के ग्लोबल Instagram हैंडल से शेयर किए गए वीडियो में Razr सीरीज के पुराने और नए फोंस को दिखाया गया है। वीडियो के आखिर में एक नए फोल्डेबल फोन की तस्वीर नजर आती है। जो मौजूदा Razr Fold से अलग वाइड फॉर्म फैक्टर वाला फोन हो सकता है। कंपनी के पोस्ट के कैप्शन से भी नए डिवाइस आने की संभावना बढ़ चुकी है। आइए, आगे डिटेल्स जानते हैं।
Motorola ने नए वाइड फोल्डेबल फोन को किया टीज
Motorola के वीडियो में कंपनी के कई Razr फोंस को दिखाया गया है। इसमें आइकॉनिक Razr V3, 2019 में आया फ्लेक्सिबल डिस्प्ले वाला पहला Razr और इसके बाद के Razr 2022, Razr 40, Razr 50 और हाल ही में लॉन्च हुआ Razr Fold शामिल हैं।
वीडियो के आखिर में एक ऐसे फोल्डेबल फोन की तस्वीर दिखाई देती है, जिसका फॉर्म फैक्टर चौड़ा नजर आता है। यह डिजाइन iPhone Duo, Samsung Galaxy Z Fold 8 और Xiaomi 18 Fold जैसे वाइड फोल्डेबल फोंस जैसा लग रहा है।
Motorola ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा है, “कुछ लोग अभी इसके बारे में जान रहे हैं। हम इसे और भी बेहतर बना रहे हैं। बस हमारे अगले कदम का इंतजार करें।” इससे लगता है कि कंपनी आने वाले समय में नए फोल्डेबल डिवाइस को पेश कर सकती है। हालांकि, Motorola ने अभी इस फोन का नाम और स्पेसिफिकेशन कंफर्म नहीं किए हैं।
Razr Fold से कितना अलग होगा नया फोन?
अगर Motorola वाइड फॉर्म फैक्टर वाला नया फोल्डेबल फोन लाती है तो इसका सबसे बड़ा अंतर इसके डिस्प्ले के आस्पेक्ट रेशियो में देखने को मिल सकता है। मौजूदा Razr Fold का इंटरनल डिस्प्ले 8:7.2 आस्पेक्ट रेशियो के साथ लगभग चौकोर नजर आता है। वहीं, नया वाइड फोल्डेबल फोन करीब 4:3 आस्पेक्ट रेशियो वाले इंटरनल डिस्प्ले के साथ आ सकता है। इससे फोल्ड होने के बाद फोन का आउटर डिस्प्ले भी मौजूदा Motorola Razr Fold की तुलना में अलग आकार का हो सकता है।
वाइड स्क्रीन का फायदा खासतौर पर वीडियो और दूसरे कंटेंट को देखने में मिल सकता है। 4:3 जैसे आस्पेक्ट रेशियो पर YouTube और OTT ऐप्स में वीडियो देखते समय स्क्रीन के ऊपर और नीचे कम ब्लैक बार देखने को मिल सकते हैं। वहीं, छोटा हाइट वाला बाहरी डिस्प्ले एक हाथ से इस्तेमाल करने में ज्यादा सुविधा दे सकता है। बता दें कि Razr Fold बंद होने पर ज्यादा बेसिक स्मार्टफोन जैसा अनुभव देता है। इसलिए दोनों डिजाइन अलग-अलग तरह के यूजर्स को आकर्षित कर सकते हैं।
नए Motorola वाइड फोल्डेबल फोन के फीचर्स की जानकारी अभी सामने नहीं आई है। हालांकि, इसमें Qualcomm Snapdragon 8 Gen 5 चिपसेट मिलने की उम्मीद है। सॉफ्टवेयर की बात करें तो नए फोल्डेबल में मल्टीटास्किंग से जुड़े कई फीचर्स और AI फीचर्स दिए जा सकते हैं। बड़े इंटरनल डिस्प्ले का फायदा उठाकर Motorola यूजर्स को एक साथ कई ऐप चलाने और काम को आसान बनाने वाले फीचर्स दे सकता है।
यदि Motorola वाइड फॉर्म फैक्टर वाला फोल्डेबल फोन लेकर आता है, तो यह Samsung Galaxy Z Fold 8 और iPhone Duo को टक्कर दे सकता है। हालांकि असल मुकाबला और जानकारी मिलने के बाद ही सामने आएगा। आगे के अपडेट के लिए 91मोबाइल्स के साथ बने रहें।