
पिछले साल एचएमडी ग्लोबल ने नोकिया ब्रांड के तहत कई एंडरॉयड फोन लॉन्च किए थे। कंपनी ने नोकिया 3, नोकिया 5, नोकिया 6 और नोकिया 8 को पेश किया था। हालांकि इसके साथ ही नोकिया 9 की भी चर्चा थी लेकिन अब तक वह लॉन्च नहीं हुआ है। वहीं अब नोकिया के एक और फोन के बारे में जानकारी आई है। खबर है कि कंपनी नोकिया 4 मॉडल पर कार्य कर रही है। इस फोन को मोबाइल वर्ल्ड कॉन्ग्रेस 2018 में प्रदर्शित किया जा सकता है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कंपनी नोकिया 4 पर कार्य कर रही है जो मध्य बजट का फोन होगा। इस फोन को कपंनी क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 450 चिपसेट पर पेश कर सकती है। मोबाइल वर्ल्ड कॉन्ग्रेस इसी माह के अंत में आयोजित होने वाला है और कंपनी उसी दौरान इसके स्पेसिफिकेशन का खुलासा कर सकती है। हालांकि फोन के अन्य फीचर्स की जानकारी अभी नहीं आई है।
इस फोन के साथ ही नोकिया 1, नोकिया 7 प्लस और नोकिया 9 को भी लॉन्च किया जा सकता है। नोकिया 1 को लेकर अब तक कई खुलासे किए जा चुक हैं। खबर के अनुसार यह कंपनी का पहला फोन होगा जो एंडरॉयड गो सपोर्ट करने में सक्षम होगा।
अब तक मिली जानकारी के अनुसार नोकिया 1 में 1 जीबी रैम के साथ 8जीबी की इंटरनल स्टोरेज दी जा सकती है। यह फोन एंडरॉयड ओरियो (गो एडिशन) पर चलेगा तथा इसमें फाइल्स गो, गूगल मैप्स गो और यूट्यूब गो जैसे ऐप इनबिल्ट होंगे। वहीं फोन को क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 212 चिपसेट पर पेश किया जा सकता है और इसमें 4,000 एमएमएच की बैटरी हो सकती है।





















