
Nothing के CEO Carl Pei ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर स्मार्टफोन इंडस्ट्री को लेकर बड़ा बयान दिया है। जिसमें उन्होंने 2026 में बढ़ती मेमोरी की कीमत और स्मार्टफोन के महंगे होने की चेतावनी दी है। ब्रांड हेड ने कंफर्म किया है कि मार्च के अंत से पहले लॉन्च होने वाले Nothing के “कुछ प्रोडक्ट्स” में UFS 3.1 स्टोरेज मिल सकता है।
बता दें कि Carl Pei ने किसी डिवाइस का नाम नहीं लिया है, लेकिन इंडस्ट्री रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनका इशारा Nothing Phone (4a) सीरीज का हो सकता है। गौर करने वाली बात यह है कि पिछले साल Nothing Phone (3a) और Phone (3a) Pro को मार्च की शुरुआत में लॉन्च किया गया था. ऐसे में उनके सक्सेसर यानी Phone (4a) और Phone (4a) Pro का लॉन्च भी इसी टाइमलाइन में हो सकता है।
पिछले साल Nothing ने Phone (3a) सीरीज में UFS 2.2 स्टोरेज मिला था। उस वक्त कंपनी ने सफाई दी थी कि यह फैसला लागत बचाने के लिए नहीं, बल्कि “जहां जरूरी हो वहां रिसोर्स लगाने” के लिए लिया गया है। Nothing ने तब यह भी कहा था कि UFS 3.1 कागजों पर जरूर बेहतर लगता है, लेकिन रोजमर्रा के इस्तेमाल में इसका फायदा सॉफ्टवेयर ऑप्टिमाइजेशन, बैटरी लाइफ और डिस्प्ले क्वालिटी के मुकाबले बहुत सीमित रहता है। वहीं, अब एक साल बाद, जब Carl Pei खुद UFS 3.1 को अपनाने की बात कर रहे हैं, तो कंपनी का यह रुख काफी बदला लग रहा है।
Carl Pei के हालिया बयान के अनुसार, स्मार्टफोन ब्रांड्स इस समय एक कठिन दौर से गुजर रहे हैं। AI डेटा सेंटर्स में भारी निवेश की वजह से RAM और मेमोरी की कीमत में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। ऐसे में ब्रांड्स के सामने “एक आसान लेकिन कड़ा विकल्प” बचा है जो ये हो सकता है कि, या तो कीमत 30 फीसदी तक बढ़ाई जाएं, या फिर स्पेसिफिकेशंस में कटौती की जाए। उनके अनुसार, “कम कीमत में ज्यादा स्पेसिफिकेशंस” वाला मॉडल 2026 में नहीं चल पाएगा।
इसी बयान के आधार पर माना जा रहा है कि Nothing Phone (4a) सीरीज में या तो पिछले जनरेशन के मुकाबले कुछ स्पेसिफिकेशन डाउनग्रेड देखने को मिल सकते हैं, या फिर कीमत में इजाफा हो सकता है। Carl Pei का कहना है कि यह स्थिति Nothing के लिए फायदेमंद है, क्योंकि कंपनी ने शुरुआत से ही स्पेसिफिकेशन रेस में शामिल होने के बजाय यूजर एक्सपीरियंस, डिजाइन और फोन के “लुक और फील” पर फोकस किया है।
अब तक सेल के आंकड़े पर नजर डालें तो मिड-रेंज सेगमेंट में स्पेसिफिकेशन और कीमत का बैलेंस ग्राहकों के लिए अहम रहता है। ऐसे में Nothing Phone (4a) सीरीज में UFS 3.1 स्टोरेज का आना सही तो माना जा सकता है, लेकिन कीमत और बाकी स्पेसिफिकेशंस कैसे रहते हैं यह भी बड़ा विषय होगा।
बताते चलें कि अभी Nothing की ओर से Phone (4a) सीरीज की आधिकारिक लॉन्च डेट, कीमत और फुल स्पेसिफिकेशंस को लेकर कोई पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन Carl Pei के पोस्ट से उम्मीद है कि आने वाले Nothing फोंस पहले से अलग और ज्यादा कीमत वाले हो सकते हैं। हम आपको आगे भी कोई जानकारी आने पर अपडेट करेंगे। 91मोबाइल्स के साथ जुड़े रहें।











