
कल ही ओपो से जुड़ा एक लीक सामने आया था जिसमें कंपनी की ‘ए सीरीज़’ के आगामी डिवाईस OPPO A9 की रेंडर ईमेज शेयर की गई थी। इस फोटोज़ के साथ ही फोन की कुछ अहम स्पेसिफिकेशन्स का खुलासा भी किया गया था। ओपो ने लीक के एक दिन बाद ही अपने नए स्मार्टफोन OPPO A9 को अंर्तराष्ट्रीय बाजार में पेश कर दिया है। OPPO A9 को कंपनी की ओर से चीनी बाजार में लॉन्च किया गया है जो आने वाले दिनों में ग्लोबल मंच के अन्य बाजारों में सेल के लिए उपलब्ध होगा।
ओपो ए9 लुक
OPPO A9 का डिजाईन इंडिया में लॉन्च हो चुके OPPO F11 Pro जैसा ही है। इस फोन को वॉटरड्रॉप नॉच डिसप्ले पर पेश किया गया है। फोन के तीन किनारें जहां बेजल लेस हैं वहीं नीचे की ओर हल्का सा बॉडी पार्ट दिया गया है। फोटो में फोन के बैक पैनल पर डुअल रियर कैमरा सेटअप दिखाया गया है जो पैनल के बीच में वर्टिकल शेप में मौजूद है। इस कैमरा सेटअप के ठीक नीचे फ्लैश लाईट दी गई है तथा लाईट के नीचे फिंगरप्रिंट सेंसर मौजूद है। OPPO A9 के दाएं पैनल पर पावर बटन और बाएं पैनल पर वाल्यूम रॉकर दिया गया है।
ओपो ए9 स्पेसिफिकेशन्स
OPPO A9 को कंपनी की ओर से 19.5:9 आस्पेक्ट रेशियो वाली वॉटरड्रॉप नॉच डिसप्ले पर पेश किया गया है तथा फोन का स्क्रीन-टू-बॉडी रेशियो 90.70 प्रतिशत का है। OPPO A9 को 6.53-इंच की फुलएचडी+ डिसप्ले पर लॉन्च किया गया है। चीनी बाजार में यह फोन एंडरॉयड के सबसे नए ओएस एंडरॉयड 9 पाई पर पेश हुआ है जो कलर ओएस 6.0 पर आधारित है। प्रोसेसिंग के लिए OPPO A9 में 2.1गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाले आक्टा-कोर प्रोसेसर के साथ मीडियाटेक हेलीयो पी70 चिपसेट दिया गया है। यह भी पढ़ें : लॉन्च से पहले सामने आई OnePlus 7 Pro की कीमत, 14 मई को उठेगा पर्दा
OPPO A9 को चीन में 6जीबी रैम मैमोरी पर लॉन्च किया गया है। यह फोन 128जीबी की इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करता है जिसे माइक्रोएसडी कार्ड के जरिये बढ़ाया जा सकता है। इसी तरह ग्राफिक्स के लिए OPPO A9 में माली-जी72 एमपी3 जीपीयू मौजूद है। फोटोग्राफी सेग्मेंट की बात करें तो OPPO A9 डुअल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। फोन के बैक पैनल पर फ्लैश लाईट के साथ 16-मेगापिक्सल का प्राइमरी और 2-मेगापिक्सल का सेकेंडरी कैमरा सेंसर दिया गया है। इसी तरह सेल्फी के लिए OPPO A9 16-मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है।
OPPO A9 डुअल सिम फोन है जो 4जी एलटीई सपोर्ट करता है। बेहतर गेमिंग एक्सपीरियंस के लिए कंपनी ने इस फोन को गेमबूस्ट 2.0 मोड से लैस किया है। सिक्योरिटी के लिए जहां फोन के बैक पैनल पर फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है वहीं यह फोन फेस अनलॉक तकनीक से भी लैस है। वहीं इस फोन में पावर बैकअप के लिए 4020एमएएच की बैटरी दी गई है। यह भी पढ़ें : ऑनर ने लो बजट सेग्मेंट में उतारा नया स्मार्टफोन Honor 8S
चीन में OPPO A9 को ज़ेड वाईट, मीका ग्रीन और फ्लोराइट पर्पल कलर में लॉन्च किया गया है। इस फोन की स्थानिय कीमत 1,799 युआन है जो इंडियन करंसी के अनुसार 18,500 रुपये के करीब होगी। चीन में यह फोन 30 अप्रैल से सेल के लिए उपलब्ध होगा।






















