अगले महीने भारत में आ रही Oppo Find X9 सीरीज, चीन में प्रोफेशनल इमेजिंग किट और कैमरा डिटेल्स कंफर्म

Oppo ने आखिरकार अपनी अपकमिंग फ्लैगशिप स्मार्टफोन सीरीज Oppo Find X9 को लेकर बड़ा ऐलान किया है। कंपनी ने इंडिया मोबाइल कांग्रेस (IMC) 2025 के दौरान श्रृंखला के फोंस को अगले महीने नवंबर में लाने की बात कही है। यह भी कंफर्म हुआ है कि डिवाइस में MediaTek का नया Dimensity 9500 चिपसेट मिलेगा। जिससे यह दुनिया की पहली स्मार्टफोन सीरीज बन जाएगी जो MediaTek के इस नए फ्लैगशिप SoC पर काम करेगी। इसके साथ ही चीन में 16 अक्टूबर को आ रहे इन फोंस के लिए Professional Imaging Kit और कैमरा डिटेल्स शेयर की गई हैं। आइए, इस लाइनअप को लेकर अब तक सामने आई जानकारी विस्तार से जानते हैं।
आगामी Find X9 सीरीज में Oppo Find X9 और Oppo Find X9 Pro जैसे दो मॉडल्स पहले चीन में उसके बाद भारत में अगले महीने आएंगे। ओप्पो और MediaTek साझेदारी का फोकस ऑन-डिवाइस AI, पावर एफिशिएंसी और मोबाइल इमेजिंग पर है। नया Dimensity 9500 चिपसेट 4.21GHz के अल्ट्रा-कोर, तीन हाई-परफॉरमेंस कोर और चार एफिशिएंसी कोर के साथ आएगा। कंपनी का दावा है कि यह पिछले जेनरेशन की तुलना में 32% बेहतर सिंगल-कोर और 17% बेहतर मल्टी-कोर परफॉरमेंस दे सकता है। वहीं, पावर कंजंप्शन को लगभग 55% तक कम कर सकता है।
ग्राफिक्स के लिए इसमें Arm G1-Ultra GPU दिया जाएगा। जो 33% तक ज्यादा ग्राफिक्स परफॉरमेंस और 42% बेहतर एफिशिएंसी ऑफर कर सकता है। ब्रांड ने बताया है कि Find X9 सीरीज में कस्टमाइज्ड कूलिंग सिस्टम भी होगा। जिससे हैवी गेमिंग और मल्टीटास्किंग के दौरान फोन ठंडा रह पाएगा।
कंपनी ने चीन में Oppo Find X9 सीरीज के लिए प्रोफेशनल इमेजिंग किट का भी ऐलान किया है। इस किट में एक नया मैग्नेटिक ग्रिप, प्रोफेशनल मैग्नेटिक प्रोटेक्टिव केस और इंडस्ट्री का पहला मैग्नेटिक फ्लैश रिंग लाइट शामिल किया जाएगा। यह रिंग लाइट 700 बार तक लगातार फ्लैश कर सकती है और 0.5 मीटर पर 2200Lux तक की ब्राइटनेस दे सकती है। इसमें 3000K से 9000K तक कलर टेम्परेचर एडजस्टमेंट और 3.6W तक सुपर फिल लाइट सपोर्ट मिल सकता है।
ब्रांड ने यह भी शेयर किया है कि Hasselblad के साथ मिलकर डेवलप किया गया यह Imaging Kit, 200MP अल्ट्रा-क्लियर लेंस और टेली-कनवर्टर के साथ मिलकर 4K 120fps Dolby Vision वीडियो कैप्चर करने की क्षमता रखता है। यही नहीं ग्राहकों को Hasselblad XPAN मोड, एक्सक्लूसिव शटर साउंड्स और प्रोफेशनल मास्टर मोड जैसे फीचर्स भी दिए जाएंगे।
डिजाइन की बात करें तो Oppo Find X9 सीरीज को Velvet Titanium, Chasing Light Red, Frost White और Foggy Black कलर ऑप्शन में पेश किया जाएगा। इसे लेकर हम पहले भी जानकारी शेयर कर चुके है जिसे आप इस लिंक पर क्लिक कर देख सकते हैं।
भारत में Oppo Find X9 सीरीज का मुकाबला आगामी Samsung Galaxy S26 सीरीज, Xiaomi 17 Ultra और Vivo X300 Ultra जैसे मोबाइल्स से हो सकता है। यह फोन उन ग्राहकों के लिए हो सकते हैं जो मोबाइल फोटोग्राफी, तगड़ा परफॉरमेंस और शानदार डिस्प्ले अनुभव चाहते हैं।
यदि आप इस Hasselblad क्वालिटी कैमरा सिस्टम, AI-सपोर्टेड प्रोसेसिंग और MediaTek के नए Dimensity 9500 चिपसेट वाले हैंडसेट को लेना चाहते हैं तो इसके लिए अगले महीने तक वेट किया जा सकता है। यह आपके लिए बढ़िया विकल्प साबित हो सकते हैं। जबकि चीन में यह फोन आने वाली 16 तारीख हो आ रहे हैं। हम आपको इस दिन मोबाइल्स की फुल डिटेल्स देंगे। 91मोबाइल्स के साथ बने रहें।