
91मोबाइल्स ने पिछले हफ्ते ही ओपो को लेकर एक्सक्लूसिव खबर छापी थी कि कंपनी अपनी एफ सीरीज़ के नए स्मार्टफोन पर काम कर रही है और इसे एफ11 प्रो नाम के साथ लॉन्च करेगी। ओपो एफ11 प्रो 32-मेगापिक्सल के सेल्फी और 48-मेगापिक्सल के रियर कैमरे से लैस होगा तो आने वाली 20 फरवरी को भारत में लॉन्च किया जाएगा। ओपो एफ11 प्रो के लॉन्च से पहले ही कंपनी के एक और नए स्मार्टफोन आर19 की जानकारी भी सामने आ गई है। एक लीक में ओपो आर19 की फोटो शेयर की है जिसमें फोन के डिजाईन और स्पेसिफिकेशन का खुलासा हुआ है।
डिजाईन होगा कुछ ऐसा
ओपो आर19 पहली झलक में ओपो एफ11 प्रो जैसा ही प्रतीत होता है। फोन के फ्रंट पैनल पर फुलव्यू डिसप्ले दी गई है। इस डिसप्ले पर कोई भी कैमरा सेंसर या नॉच नहीं दी गई है। लीक में हालांकि आर19 के सेल्फी कैमरे की जानकारी नहीं दी गई है लेकिन फोटो देखकर पता चला है कि यह स्मार्टफोन ओपो एफ11 प्रो की ही तरह पॉप-अप सेल्फी कैमरे से लैस होगा। ओपो आर19 का फ्रंट कैमरा सेल्फी की कमांड देने पर ही फोन बॉडी से बाहर निकलेगा।
आर11 प्रो के बैक पैनल पर जहां वर्टिकल शेप में डुअल रियर कैमरा दिया गया है वहीं आर19 भी डुअल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। दोनों फोन का रियर कैमरा सेटअप एक जैसा दिखाया गया है जो बैक पैनल पर बीच में मौजूद है। इस ओपो एफ11 प्रो में कैमरा सेटअप के नीचे जहां फिंगरप्रिंट सेंसर दिखाया गया है वहीं ओपो आर19 की फोटो में रियर फिंगरप्रिंट सेंसर नदारद है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि आर19 इन डिसप्ले फिंगरप्रिंट सेंसर से लैस होगा।
48-एमपी कैमरे की होगी ताकत
ओपो आर19 की सामने आई फोटो में फोन के साथ ही 48-मेगापिक्सल भी लिखा हुआ है। माना जा रहा है कि ओपो आर19 में भी ओपो एफ11 प्रो की ही तरह 48-मेगापिक्सल का रियर कैमरा दिया जाएगा। ओपो आर19 में डुअल कैमरे की ताकत 48-मेगापिक्सल होगी या फिर रियर कैमरा सेटअप का प्राइमरी कैमरा सेंसर 48-मेगापिक्सल का होगा यह अभी पुख्ता नहीं कहा जा सकता है।

स्पेसिफिकेशन्स भी होगी दमदार
ओपो आर19 को लेकर अब तक सामने आए लीक्स के अनुसार कंपनी इस फोन को 6जीबी रैम मैमोरी से लैस कर बाजार में उतार सकती है। वहीं इस फोन में 128जीबी की इंटरनल स्टोरेज भी देखने को मिल सकती है। कहा जा रहा है कि ओपो का यह फोन लेटेस्ट एंडरॉयड ओएस के साथ मीडियाटेक के हेलीयो पी70 चिपसेट पर रन करेगा। ओपो ने हालांकि अभी तक आर19 को लेकर कोई भी आधिकारिक जानकारी नहीं दी है लेकिन उम्मीद है कि इंडिया में एफ11 प्रो लॉन्च होने के कुछ ही दिनों बाद कंपनी ओपो आर19 को भी चीनी बाजार में उतार देगी।



















