Philips का 120Hz डिस्प्ले और 64MP AI कैमरा वाला 5G फोन S7221 Amazon पर लिस्ट, जल्द होगा लॉन्च

https://static.hub.91mobiles.com/multisite/wp-content/uploads/sites/7/2026/08/philips-s7221-amazon-listing-india-launch-120hz-5g-64mp-camera.jpg

Philips भारतीय बाजार में नए फोन के साथ वापसी कर रहा है। कंपनी का आगामी Philips S7221 स्मार्टफोन Amazon India पर लिस्ट हो गया है। फोन को फिलहाल “लॉन्चिंग सून” के साथ दर्शाया जा रहा है। इसके साथ ही Amazon पर “Notify Me” का विकल्प भी उपलब्ध है जिससे लगता है कि लॉन्च के बाद फोन की सेल ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए की जाएगी। हालांकि, कंपनी ने लॉन्च डेट अभी नहीं बताई है। जो जल्द ही सामने आ सकती है। आइए, आगे डिटेल्स जानते हैं।

Philips S7221 का माइक्रोसाइट अमेजन पर लिस्ट

Amazon इंडिया साइट पर Philips S7221 को मॉडल नंबर S7221 के साथ लिस्ट किया गया है। माइक्रोसाइट पर फोन के डिजाइन और कई प्रमुख फीचर्स की जानकारी सामने आई है। हालांकि, अभी इसके प्रोसेसर, बैटरी, चार्जिंग स्पीड और कीमत जैसी अहम जानकारियां सामने नहीं आई हैं। फोन की लिस्टिंग से लगता है कि Philips जल्द ही भारतीय बाजार में इसकी आधिकारिक लॉन्च डेट की घोषणा कर सकता है।

डिजाइन की बात करें तो Philips S7221 का रियर पैनल प्रीमियम लगता है। नीचे की तरफ Philips की ब्रांडिंग दी गई है। Amazon माइक्रोसाइट पर फोन को Silver, White और Black कलर ऑप्शन में दिखाया गया है।

Philips S7221 के स्पेसिफिकेशंस

Philips S7221 में 120Hz रिफ्रेश रेट वाला डिस्प्ले दिया जाएगा। स्क्रीन के बीच में पंच-होल कटआउट होगा। जिसमें सेल्फी कैमरा मौजूद रहेगा। फोन में फ्लैट डिस्प्ले के साथ फ्लैट साइड फ्रेम भी देखने को मिलते हैं। कनेक्टिविटी के लिहाज से स्मार्टफोन में 5G सपोर्ट मिलेगा। हालांकि, डिस्प्ले का साइज और रिजॉल्यूशन अभी सामने नहीं आया है।

फोटोग्राफी के लिए Philips S7221 में 64MP AI रियर कैमरा दिया जाएगा। रियर पैनल पर रेटेंगुलर कैमरा मॉड्यूल दिखाई देता है। जिसमें दो कैमरा सेंसर वर्टिकल तरीके से लगाए गए हैं। इसके साथ एक सर्कुलर LED फ्लैश भी मिलता है। वहीं, सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में 16MP फ्रंट कैमरा दिया जाएगा।

Philips S7221 को दो RAM विकल्पों में पेश किया जाएगा। इसमें 6GB और 8GB RAM वैरियंट शामिल होंगे। स्टोरेज की बात करें तो फोन 128GB और 256GB स्टोरेज ऑप्शन के साथ आएगा।

ऑडियो के लिए Philips S7221 में डुअल स्टीरियो स्पीकर दिए जाएंगे। कंपनी इसमें Ultra Max Sound फीचर भी देगी। जिससे बेहतर और ज्यादा दमदार ऑडियो आउटपुट मिलने की उम्मीद है। यही नहीं स्मार्टफोन को IP64 रेटिंग भी मिलेगी। इसका मतलब है कि फोन धूल से सुरक्षा और पानी के छींटों से बचाव के लिए रेटेड रहेगा।

Amazon इंडिया पर माइक्रोसाइट लाइव होने के बाद Philips S7221 फोन की लॉन्चिंग जल्द होने की उम्मीद है। इसके प्रोसेसर, बैटरी, चार्जिंग स्पीड, कीमत और सेल डेट से जुड़ी जानकारी के लिए कंपनी के अगले ऐलान का इंतजार करना होगा। यदि आप इस Philips के नए फोन को लेना चाहते हैं तो आगे के अपडेट के लिए 91मोबाइल्स के साथ बने रहें।