Poco C81 Pro NBTC पर लिस्ट, बजट सेगमेंट में जल्द हो सकता है लॉन्च

बजट स्मार्टफोन सेगमेंट में Poco का अपकमिंग Poco C81 Pro जल्द आ सकता है। इसे थाईलैंड की NBTC सर्टिफिकेशन वेबसाइट पर स्पॉट किया गया है। लिस्टिंग से संकेत मिलता है कि फोन जल्द ही ग्लोबल मार्केट में एंट्री ले सकता है। यह C-सीरीज में आएगा। जिसका बेस मॉडल Poco C81 भी कुछ सर्टिफिकेशन प्लेटफार्म पर दिख चुका है। रिपोर्ट्स के अनुसार यही डिवाइस कुछ अन्य बाजारों में Redmi A7 Pro नाम से रीब्रांड किया जा सकता है। इसकी जानकारी भी पूर्व में सामने आ चुकी है। आइए, आगे C81 Pro से जुड़ा अब तक का अपडेट जानते हैं।
NBTC सर्टिफिकेशन लिस्टिंग के अनुसार Poco C81 Pro का मॉडल नंबर 25128PC17G है। NBTC डॉक्यूमेंट से यह भी पुष्टि होती है कि यह एक 4G LTE स्मार्टफोन होगा। यानी इसमें 5G कनेक्टिविटी का सपोर्ट नहीं मिलेगा। इससे साफ है कि कंपनी इसे एंट्री-लेवल यूजर्स को ध्यान में रखकर लॉन्च कर सकती है।
इससे पहले यही डिवाइस जनवरी में इंडोनेशिया की SDPPI सर्टिफिकेशन साइट पर भी नजर आया था। जहां इसे सिर्फ Poco C81 नाम से लिस्ट किया गया था और “Pro” नाम शामिल नहीं था। वहीं, GSMA IMEI डेटाबेस के अनुसार इसके अलग-अलग मार्केट्स के लिए अलग मॉडल नंबर हो सकते हैं। जिसमें लैटिन अमेरिका का मॉडल नंबर 25128PC17L और भारत के लिए 25128PC17I हो सकता है।
स्पेसिफिकेशन की बात करें तो लीक रिपोर्ट्स के अनुसार Poco C81 / C81 Pro में 6.9 इंच का बड़ा LCD डिस्प्ले मिल सकता है। इस पर HD+ रिजॉल्यूशन और 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट दिया जा सकता है। सॉफ्टवेयर के तौर पर यह डिवाइस HyperOS 3 पर आधारित Android 15 Go एडिशन के साथ आ सकता है। जिससे एंट्री-लेवल हार्डवेयर पर भी स्मूथ परफॉरमेंस मिलने की उम्मीद की जा सकती है।
परफॉरमेंस के लिए इसमें Unisoc T7250 चिपसेट दिए जाने की संभावना है, जिसके साथ 4GB LPDDR4x रैम और 128GB स्टोरेज मिल सकता है। पावर बैकअप के लिए 6,000mAh की बड़ी बैटरी और 15W चार्जिंग सपोर्ट दिया जा सकता है। यानी ग्राहकों को इस सेगमेंट में लंबा बैटरी बैकअप मिल सकता है। फोटोग्राफी के लिए इसमें 13 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा और बैक पैनल पर 50 मेगापिक्सल का कैमरा मिलने की उम्मीद है।
बताते चलें कि कंपनी ने अभी तक आधिकारिक लॉन्च डेट शेयर नहीं की है, लेकिन लगातार मिल रहे सर्टिफिकेशन से लगता है कि Poco C81 Pro की लॉन्चिंग जल्द हो सकती है। बजट सेगमेंट में बड़ी बैटरी और हाई रिफ्रेश रेट डिस्प्ले के साथ यह अच्छा ऑप्शन बन सकता है। इसका मुकाबला संभावित तौर पर Samsung Galaxy A06, Infinix Smart 10 और Tecno Spark Go 2 जैसे फोंस से हो सकता है।
यदि आप भी आने वाले दिनों में सस्ता फोन लेने की सोच रहे हैं तो Poco C81 Pro के लिए इंतजार कर सकते हैं। हम आपको आगे भी अपडेट देंगे। 91मोबाइल्स के साथ जुड़े रहें।