
POCO ने अपनी नई F9 Series की ग्लोबल लॉन्च डेट का ऐलान कर दिया है। कंपनी के अनुसार POCO F9 Series को 1 सितंबर को ग्लोबली लॉन्च किया जाएगा। यह लॉन्च इवेंट भारतीय समय के अनुसार देर रात होगा। हालांकि कंपनी ने अभी फोन के नाम नहीं बताए हैं, लेकिन पिछले कुछ समय से सामने आ रहे लीक्स के मुताबिक POCO F9 Pro और POCO F9 Ultra आने की पूरी उम्मीद है। आइए, अब तक आई डिटेल्स जानते है।
POCO F9 Series ग्लोबल लॉन्च डेट
POCO ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि नई POCO F9 Series को 1 सितंबर को रात 8 बजे GMT+8 पर ग्लोबली लॉन्च किया जाएगा। कंपनी लॉन्च इवेंट को लाइव-स्ट्रीम भी करेगी। हालांकि, अभी कंपनी ने यह नहीं बताया है कि F9 Series के तहत कौन से स्मार्टफोन पेश किए जाएंगे।
हालिया रिपोर्ट्स में POCO F9 Pro और POCO F9 Ultra के नाम लगातार सामने आ रहे हैं। दोनों स्मार्टफोन अलग-अलग सर्टिफिकेशन वेबसाइट्स पर भी देखे जा चुके हैं। इसलिए माना जा रहा है कि कंपनी लॉन्च इवेंट में इन्हीं दोनों मॉडल्स से पर्दा उठा सकती है।
लीक्स के मुताबिक, POCO F9 Pro को Redmi K100 Pro और POCO F9 Ultra को Redmi K100 Pro Max का रीब्रांडेड वर्जन बताया जा रहा है। POCO की ओर से जारी F9 Series के टीजर को भी इन दोनों मॉडल्स के साथ जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, ग्लोबल मॉडल्स में कुछ स्पेसिफिकेशन अलग हो सकते हैं।
POCO F9 Pro के लीक स्पेसिफिकेशंस
लीक के अनुसार, POCO F9 Pro में 6.59 इंच का AMOLED डिस्प्ले दिया जा सकता है। स्क्रीन में 1156×2510 पिक्सल रिजॉल्यूशन, 185Hz रिफ्रेश रेट और 4,500 निट्स की पीक ब्राइटनेस मिलने की बात कही गई है। डिस्प्ले की सुरक्षा के लिए Gorilla Glass 7i का इस्तेमाल किया जा सकता है।
परफॉरमेंस के लिए फोन में Snapdragon 8 Elite Gen 5 चिपसेट मिलने की उम्मीद है। फोन को 12GB और 16GB RAM के साथ 256GB और 512GB स्टोरेज वैरियंट में पेश किया जा सकता है।
कैमरा सेटअप की बात करें तो POCO F9 Pro में ट्रिपल रियर कैमरा मिल सकता है। इसमें OIS सपोर्ट वाला 200MP मेन कैमरा, 2.5x ऑप्टिकल जूम वाला 50MP टेलीफोटो कैमरा और 8MP अल्ट्रावाइड कैमरा शामिल हो सकता है। वहीं, सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में 32MP का फ्रंट कैमरा दिए जाने की उम्मीद है। बैटरी की बात करें तो F9 Pro में 6,330mAh की बैटरी मिल सकती है। फोन में 100W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलने की भी उम्मीद है।
POCO F9 Ultra के लीक स्पेसिफिकेशंस
POCO F9 Ultra को सीरीज का ज्यादा प्रीमियम मॉडल बताया जा रहा है। लीक के मुताबिक, इसमें 6.9 इंच का AMOLED डिस्प्ले मिल सकता है। जिसमें 1200×2608 पिक्सल रिजॉल्यूशन, 185Hz रिफ्रेश रेट और 4,500 निट्स की पीक ब्राइटनेस दी जा सकती है। स्क्रीन पर Gorilla Glass 7i प्रोटेक्शन मिलने की बात कही गई है।
परफॉरमेंस के लिए Ultra मॉडल में भी Snapdragon 8 Elite Gen 5 चिपसेट दिया जा सकता है। इसमें 12GB और 16GB RAM के साथ 256GB और 512GB स्टोरेज विकल्प मिलने की उम्मीद है।
फोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी बैटरी हो सकती है। लीक के अनुसार, POCO F9 Ultra में 8,050mAh की बैटरी दी जा सकती है। इसके साथ 100W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलने की उम्मीद है।
POCO F9 Ultra के कैमरा सेटअप को F9 Pro से ज्यादा प्रीमियम बनाया जा सकता है। इसमें OIS के साथ 200MP का मेन कैमरा, 5x ऑप्टिकल जूम वाला 50MP पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा और 50MP अल्ट्रावाइड कैमरा दिया जा सकता है।
लीक्स के मुताबिक, दोनों स्मार्टफोन में मेटल फ्रेम और फाइबरग्लास-रिइनफोर्स्ड प्लास्टिक बैक दिया जा सकता है। फोन को IP69 रेटिंग मिलने की भी उम्मीद है, जिससे धूल और पानी से बेहतर सुरक्षा मिल सकती है। दोनों मॉडल्स में Bose स्पीकर्स दिए जाने की बात सामने आई है। वहीं, POCO F9 Ultra में खास LED रिंग भी मिल सकती है, जिसका इस्तेमाल नोटिफिकेशन और दूसरे विजुअल इफेक्ट्स के लिए किया जा सकता है।
Keep your eyes glued to the feed
The takeover is happening sooner than you think! #POCOIndia #POCO #StayTuned pic.twitter.com/y9hKwkFmj9
— POCO India (@IndiaPOCO) August 23, 2026
POCO F9 सीरीज के साथ POCO ने भारत में अपनी X-Series के विस्तार के ऐलान भी किया है। कंपनी ने एक्स प्लेटफार्म पर दो नए स्मार्टफोंस को टीज किया है, हालांकि अभी इनके नाम और स्पेसिफिकेशंस का खुलासा नहीं किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये POCO X8 और POCO X8 Power हो सकते हैं। हम आपको आगे भी इन फोंस का अपडेट देंगे। 91मोबाइल्स साइट पर खबरें पढ़ते रहें।











