Poco X8 Pro और X8 Pro Max की कीमत और वैरियंट आए सामने, प्रमोशनल पेज पर दिखा डिजाइन

Poco X8 सीरीज को लेकर कई लीक सामने आ चुके हैं। इसी बीच Poco की ग्लोबल साइट पर बड़ी जानकारी देखने को मिली है। दरअसल, Poco ने गलती से अपने एक प्रमोशनल इवेंट पेज पर Poco X8 Pro और Poco X8 Pro Max को लिस्ट कर दिया है। यह पेज खबर लिखे जाने तक लाइव है, जहां इन दोनों स्मार्टफोंस का डिजाइन, स्टोरेज वेरिएंट्स और संभावित कीमत सामने आई है। आइए, आगे डिटेल्स जानते हैं।
प्रोमो पेज के अनुसार, Poco X8 Pro को तीन स्टोरेज वेरिएंट्स में पेश किया जा सकता है। इसमें 8GB रैम +256GB स्टोरेज वाला वैरियंट 399.90 यूरो यानी करीब 42,764 रुपये, 8GB रैम + 512GB स्टोरेज 449.90 यूरो लगभग 48,111 रुपये और 12GB रैम + 512GB स्टोरेज 479.90 यूरो करीब 51,316 रुपये की कीमत पर लिस्ट किया गया है। वहीं, Poco X8 Pro Max को दो वेरिएंट्स में देखा गया है, जिसमें 12GB रैम +256GB स्टोरेज मॉडल की कीमत 529.90 यूरो यानी तकरीबन 56,662 रुपये और 12GB रैम + 512GB स्टोरेज 579.90 यूरो करीब 62,005 रुपये में दिख रहा है।
लिस्टिंग में Poco X8 Pro और X8 Pro Max दोनों के लिए एक जैसी इमेज का उपयोग किया गया है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि दोनों फोंस का डिजाइन समान हो सकता है। कलर ऑप्शंस की बात करें तो ये स्मार्टफोंस ब्लैक, वाइट और मिंट ग्रीन जैसे रंगो में आ सकते हैं।
नोट: क्योंकि ब्रांड ने कोई ऐलान नहीं किया है और यह डिटेल्स ब्रांड की साइट पर गलती से सामने आई हैं। इसलिए कीमत और अन्य जानकारी में बदलाव संभव हो सकता है।
प्रमोशनल पेज पर Poco X8 Pro सीरीज के स्पेसिफिकेशंस का जिक्र नहीं किया गया है, लेकिन लीक के मुताबिक ये दोनों फोन चीन में लॉन्च हुए Redmi Turbo 5 और Redmi Turbo 5 Max के रीब्रांडेड वर्जन हो सकते हैं। माना जा रहा है कि Poco वर्जन में बैटरी साइज थोड़ा कम रखा जा सकता है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, डिस्प्ले की बात करें तो Poco X8 Pro में 6.59 इंच का OLED डिस्प्ले मिलने की संभावना है। जबकि Poco X8 Pro Max में बड़ा 6.83 इंच का स्क्रीन साइज दिया जा सकता है। दोनों ही मोबाइल्स में 1.5K रिजॉल्यूशन और 120Hz रिफ्रेश रेट मिलने की उम्मीद है।
Poco X8 Pro में MediaTek Dimensity 8500 प्रोसेसर और 6,500mAh की बैटरी दी जा सकती है। वहीं, Poco X8 Pro Max में और पावरफुल Dimensity 9500s चिपसेट और 8,550mAh की बड़ी बैटरी मिलने की बात सामने आई है। दोनों ही स्मार्टफोंस में 100W फास्ट वायर्ड चार्जिंग के साथ 27W रिवर्स चार्जिंग का सपोर्ट दिया जा सकता है।
कैमरा सेटअप की बात करें तो दोनों में 20MP का फ्रंट कैमरा, OIS सपोर्ट के साथ 50MP का मेन कैमरा और 8MP का अल्ट्रा-वाइड रियर लेंस दिया जा सकता है।
आने वाले दिनों में Poco की ओर से Poco X8 Pro और X8 Pro Max मोबाइल्स की लॉन्च डेट और आधिकारिक स्पेसिफिकेशंस को लेकर और भी जानकारियां सामने आ सकती हैं। इसलिए आप आगे के अपडेट के लिए 91मोबाइल्स के साथ बने रहें।