
Xiaomi की सब ब्रांड Redmi ने होम मार्केट चीन में REDMI Turbo 5 स्मार्टफोन लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इसके साथ REDMI Turbo 5 Max को भी पेश किया है। हम इस पोस्ट में नए Turbo 5 की जानकारी दे रहे हैं। जबकि मैक्स मॉडल के बारे में आप इस लिंक पर जाकर पढ़ सकते हैं। आइए, आगे REDMI Turbo 5 5G की कीमत, फुल स्पेसिफिकेशंस और उपलब्धता के बारे में विस्तार से जानते हैं।
डिजाइन की बात करें तो REDMI Turbo 5 में मेटल फ्रेम और ग्लास बैक पैनल दिया गया है। जिसमें बड़े राउंडेड कॉर्नर, पतले बेजल मिलते हैं। Xiaomi का दावा है कि यह लुक फोन को हाथ में पकड़ने पर बेहतर फील देता है, साथ ही ड्यूरैबिलिटी भी बढ़ाता है। यह स्मार्टफोन Shadow Black, Light Sea Green और Auspicious Cloud White कलर ऑप्शंस में उपलब्ध है। खास बात यह है कि फोन को IP66, IP68, IP69 और IP69K डस्ट व वॉटर रेसिस्टेंस रेटिंग मिली हुई है, जो इसे मजबूती में शानदार बनाती है।

REDMI Turbo 5 में 6.59-इंच का 1.5K OLED डिस्प्ले दिया गया है। इस पर 120Hz रिफ्रेश रेट, Dolby Vision सपोर्ट और 3500 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस मिल जाएगी। इसमें M10 ल्यूमिनसेंट मटीरियल का उपयोग किया गया है और Xiaomi की Green Mountain Eye Protection टेक्नोलॉजी भी दी गई है। इसके साथ ही स्क्रीन की सुरक्षा के लिए Corning Gorilla Glass 7i लगा है।
परफॉरमेंस के मामले में REDMI Turbo 5 नए Dimensity 8500-Ultra प्रोसेसर के साथ आता है। यह 4nm प्रोसेस पर बना चिपसेट है, जिसे LPDDR5X Ultra RAM और UFS 4.1 स्टोरेज के साथ जोड़ा गया है। फोन में फ्लैगशिप-ग्रेड 3D आइस-सील्ड सर्कुलेटिंग कूलिंग सिस्टम दिया गया है। इसके अलावा नया “Rampage Engine” CPU, GPU और DDR की फ्रीक्वेंसी को बेहतर तरीके से ट्यून करने का दावा करता है। ऑपरेटिंग सिस्टम के मामले में यह स्मार्टफोन Android 16 पर आधारित Xiaomi HyperOS 3 पर रन करता है।
REDMI Turbo 5 में 7560mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो 100W वायर्ड फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। इसके साथ 27W वायर्ड रिवर्स चार्जिंग और 100W PPS फास्ट चार्जिंग प्रोटोकॉल का सपोर्ट भी मिलता है। जो इसे पावर यूजर्स के लिए आकर्षक विकल्प बना सकता है।
कैमरा सेटअप की बात करें तो REDMI Turbo 5 फोन में 50MP का मेन कैमरा दिया गया है, जिसमें Sony IMX882 सेंसर, OIS और EIS सपोर्ट मिलता है। इसके साथ 8MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा मौजूद है। यह फोन 4K 60fps तक वीडियो रिकॉर्डिंग सपोर्ट कर सकता है। वहीं, फ्रंट में 20MP का सेल्फी कैमरा दिया गया है, जो 1080p 60fps वीडियो रिकॉर्डिंग सपोर्ट दे सकता है।
अन्य फीचर्स में इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर, इंफ्रारेड सेंसर, स्टीरियो स्पीकर्स, USB Type-C ऑडियो, NFC, Bluetooth 5.4, Wi-Fi 6 और मल्टी-बैंड GPS सपोर्ट शामिल हैं। यही नहीं Xiaomi ने इसमें Apple डिवाइस कनेक्टिविटी, फाइल ट्रांसफर और नोटिफिकेशन शेयरिंग जैसे फीचर्स भी दिए हैं।
कीमत की बात करें तो REDMI Turbo 5 को चीन में चार वेरिएंट्स में लॉन्च किया गया है। इसकी सेल शुरू हो चुकी है। फोन का 12GB RAM + 256GB स्टोरेज 1,999 युआन (करीब 26,400 रुपये) में आता है। जबकि 16GB + 256GB और 12GB + 512GB वेरिएंट्स की कीमत 2,299 युआन (करीब 30,395 रुपये) रखी गई है। वहीं, टॉप-एंड 16GB + 512GB वैरियंट की कीमत 2,599 युआन (करीब 34,300 रुपये) है।
यदि आप चीन में हैं और ऐसा स्मार्टफोन ढूंढ रहे हैं जिसमें बढ़िया परफॉरमेंस, मजबूती, बड़ी बैटरी और फास्ट चार्जिंग मिल जाए तो Redmi Turbo 5 लिया जा सकता है। हम आपको आगे भी ऐसे ही टेक अपडेट देते रहेंगे। 91मोबाइल्स के साथ जुड़े रहें।









