
Realme 15 सीरीज की पुष्टि हो चुकी है और यह 24 जुलाई को लॉन्च होने वाली है। इस लाइनअप में Realme 15 और Realme 15 Pro शामिल होंगे। इस बार कोई Pro+ वैरियंट नहीं आएगा, क्योंकि कंपनी का कहना है कि अब सभी प्रीमियम फीचर्स सीधे Pro वर्जन में ही दिए जाएंगे। वहीं, लॉन्च से कुछ दिन पहले, कंफर्म हो गया है कि Realme 15 Pro में Qualcomm Snapdragon 7 Gen 4 चिपसेट मिलेगा। तुलना करें तो पिछला मॉडल, Realme 14 Pro, MediaTek Dimensity 7300-Energy प्रोसेसर के साथ आता था।
4nm प्रोसेस पर आधारित Snapdragon 7 Gen 4 चिपसेट को मई में लॉन्च किया गया था, जो Snapdragon 7 Gen 3 का अपग्रेडेड वर्जन है। इसमें 1 प्राइम कोर है जिसकी क्लॉक स्पीड 2.8GHz तक है, 4 परफॉर्मेंस कोर हैं जो 2.4GHz तक की स्पीड पर चलते हैं, और 3 एफिशिएंसी कोर दिए गए हैं जिनकी अधिकतम क्लॉक स्पीड 1.8GHz है। कंपनी का दावा है कि यह चिपसेट Snapdragon 7 Gen 3 की तुलना में 27% बेहतर CPU परफॉर्मेंस और 30% तेज GPU ग्राफिक्स रेंडरिंग प्रदान करता है।

Realme 15 Pro ने AnTuTu बेंचमार्क टेस्ट में 11 लाख से ज्यादा अंक हासिल किए हैं। तुलना करें तो Realme 14 Pro ने 7,36,200 अंक स्कोर किए थे। Realme के चीफ मार्केटिंग ऑफिसर फ्रांसिस वोंग का कहना है कि यह चिपसेट मिड-रेंज स्मार्टफोन से यूजर्स को क्या उम्मीद करनी चाहिए उसके लिए एक नया बेंचमार्क सेट करेगा।
चिपसेट के अलावा, Realme 15 Pro में नया GT Boost 3.0 फीचर मिलेगा, जो हर फ्रेम के हिसाब से पावर एलोकेशन को ऑप्टिमाइज करता है, जिससे Free Fire जैसे गेम्स में स्थिर 120fps गेमप्ले संभव हो पाता है। AI Gaming Coach 2.0 और AI Ultra Touch Control फीचर्स रियल-टाइम में रणनीतिक गाइडेंस, अल्ट्रा-रेस्पॉन्सिव कंट्रोल्स और हाई-एक्शन जोन्स में बेहतर सेंसिटिविटी प्रदान करते हैं।
इन सभी फीचर्स के अलावा, कंपनी पहले ही कंफर्म कर चुकी है कि यह फोन Flowing Silver, Velvet Green, और Silk Purple जैसे तीन रंगों में उपलब्ध होगा। यह फोन इंडस्ट्री में पहली बार AI Edit Genie फीचर के साथ आएगा, जो एक वॉइस-आधारित AI एडिटिंग टूल है। फिलहाल ब्रांड ने इतनी ही जानकारी शेयर की है, लेकिन आने वाले दिनों में और भी डिटेल्स सामने आ सकती हैं।
91mobiles द्वारा शेयर किए गए Realme 15 Pro के एक्सक्लूसिव रेंडर में फोन का पूरा डिजाइन दिखाई देता है। इसमें सेल्फी कैमरे के लिए सेंटर-पोजिशनड पंच-होल कटआउट, फ्लैट एजेस और पतले बेजल्स नजर आते हैं। फोन के दाईं तरफ वॉल्यूम रॉकर और पावर बटन मौजूद हैं। पीछे की तरफ देखें तो दो बड़े कटआउट में डुअल कैमरा सेंसर दिए गए हैं। एक और कटआउट में LED फ्लैश और एक डमी कटआउट भी मौजूद है।
Realme 15 Pro कई वेरिएंट्स में आ सकता है जिसमें 8GB/128GB, 8GB/256GB, 12GB/256GB और 12GB/512GB मॉडल्स आ सकते हैं। वहीं, इसकी कीमत ठीक अपने पिछले मॉडल की तरह संभवतः ₹25,000 के आसपास रखी जा सकती है।












