
Realme अपनी C-सीरीज को लगातार विस्तार दे रही है और अब कंपनी ने इस लाइनअप में एक नया स्मार्टफोन Realme C100 4G पेश किया है। यह डिवाइस हाल ही में लॉन्च हुए C100 5G के बाद आया है। जो खासतौर पर अपनी बड़ी बैटरी और दमदार फीचर्स की वजह से चर्चा में है। आइए, आगे आपको इसके बारे में विस्तार से बताते हैं।
Realme C100 4G का डिजाइन काफी हद तक C-सीरीज के अन्य स्मार्टफोंस जैसा ही रखा गया है, लेकिन इसमें कुछ ऐसे फीचर्स दिए गए हैं जो इसे इस सेगमेंट में अलग बनाते हैं। सबसे बड़ा हाइलाइट इसकी 8,000mAh की बैटरी है, जो C100 5G से भी बड़ी है। कंपनी का दावा है कि यह फोन एक बार चार्ज करने पर 23 घंटे से ज्यादा वीडियो स्ट्रीमिंग, 20 घंटे से ज्यादा नेविगेशन और 13 घंटे से ज्यादा गेमिंग का बैकअप प्रदान कर सकता है। इतनी बड़ी बैटरी के बावजूद चार्जिंग स्पीड भी अच्छी रखी गई है। Realme C100 4G में 45W फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिलता है। इसके अलावा, यह फोन 10W रिवर्स वायर्ड चार्जिंग को भी सपोर्ट करता है, जिससे आप अन्य डिवाइस को भी चार्ज कर पाएंगे।
डिस्प्ले की बात करें तो Realme C100 4G में 6.8 इंच का बड़ा IPS LCD पैनल दिया गया है। इस पर HD+ रिजॉल्यूशन और 120Hz का रिफ्रेश रेट दिया गया है, जिससे स्क्रॉलिंग और गेमिंग स्मूद रहती है। यह स्क्रीन ArmorShell ग्लास प्रोटेक्शन से लैस है और यह 1,200 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस ऑफर करती है।
परफॉरमेंस के लिए Realme C100 4G स्मार्टफोन में MediaTek का Helio G92 Max प्रोसेसर दिया गया है, जो डेली यूज और मिड-लेवल गेमिंग के लिए बेहतर माना जा सकता है। फोन में 6GB और 8GB LPDDR4X RAM के ऑप्शन मिलते हैं, जबकि स्टोरेज के लिए 128GB और 256GB eMMC 5.1 स्टोरेज दिया गया है।
कैमरा सेगमेंट में Realme C100 4G में 50MP का प्राइमरी कैमरा है, जिसका अपर्चर f/1.8 है। इसके साथ एक सेकेंडरी सेंसर भी मौजूद है। वहीं, सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 8MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है, जो पंच-होल कटआउट में लगा है।
ड्यूरेबिलिटी के मामले में भी Realme C100 4G फोन मजबूत साबित हो सकता है, क्योंकि इसमें IP69K रेटिंग दी गई है, जो इसे धूल और पानी से सुरक्षा प्रदान करती है। सॉफ्टवेयर के तौर पर यह स्मार्टफोन Android 16 पर आधारित realme UI 7.0 पर रन करता है।
Realme C100 4G को White, Purple और Brown कलर ऑप्शन में पेश किया गया है। फिलहाल इसे वियतनाम में VND 7,690,000 यानी इंडियन करेंसी अनुसार लगभग 27,041 रुपये की कीमत पर लॉन्च किया गया है।
Realme C100 4G बड़ी बैटरी, हाई रिफ्रेश रेट डिस्प्ले और मजबूत बिल्ड क्वालिटी के साथ बजट सेगमेंट में यूजर्स को शानदार अनुभव दे सकता है। हालांकि अगर आप 5जी फोन लेना चाहते हैं तो यह आपके लिए नहीं है। इसकी जगह पर आप Samsung, Infinix और Tecno जैसे ब्रांड के सस्ते 5G डिवाइस देख सकते हैं। ऐसी ही और टेक से जुड़ी जानकारी के लिए 91मोबाइल्स के साथ बने रहें।











