1,000 रुपये महंगा हुआ Realme P3 Lite 5G, खरीदने से पहले जान लें नई कीमत

realme ने भारत में अपने सस्ते 5G स्मार्टफोन Realme P3 Lite 5G की कीमत में बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी ने बढ़ती मेमोरी, चिपसेट और स्मार्टफोन इकोसिस्टम की लागत को इसकी वजह बताया है। यह नई कीमत 17 मार्च 2026 से लागू कर दी गई हैं और रिटेल मार्केट में अपडेट हो चुकी हैं। आइए, आगे सभी वैरियंट का प्राइस और फोन के स्पेसिफिकेशंस विस्तार से जानते हैं।
ब्रांड ने ऐलान किया है कि Realme P3 Lite 5G के 4GB + 128GB वैरियंट की कीमत पहले 11,999 रुपये थी, जिसे बढ़ाकर 12,999 रुपये कर दिया गया है। वहीं, 6GB + 128GB वैरियंट पहले 12,999 रुपये में मिलता था। जिसे अब 13,999 रुपये में सेल किया जाएगा। इस तरह दोनों वेरिएंट्स की कीमत में 1,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है।
कीमत में इस बढ़ोतरी को लेकर कंपनी ने बढ़ती लागत को जिम्मेदार बताया है। realme के अनुसार मेमोरी, चिपसेट और पूरे स्मार्टफोन इकोसिस्टम की लागत में लगातार इजाफा हो रहा है, जिसके चलते यह प्राइस हाइक किया गया है। हाल के समय में सेमीकंडक्टर और अन्य कंपोनेंट्स की कीमतों में बढ़ोतरी का असर बजट स्मार्टफोंस पर भी देखने को मिल रहा है, जिससे कंपनियों को अपने प्रोडक्ट्स की कीमतें बढ़ानी पड़ रही हैं।
स्पेसिफिकेशंस की बात करें तो Realme P3 Lite 5G में 6.67-इंच का IPS LCD डिस्प्ले दिया गया है, जो HD+ रिजॉल्यूशन और 120Hz रिफ्रेश रेट के साथ आता है। डिजाइन के लिहाज से यह फोन काफी स्लिम है, जिसकी मोटाई 7.94mm और वजन करीब 197 ग्राम है, जो बड़ी बैटरी के बावजूद इसे आकर्षक बनाता है।
परफॉरमेंस के लिए Realme P3 Lite 5G में MediaTek Dimensity 6300 प्रोसेसर दिया गया है। फोन में 6GB तक RAM और 128GB इंटरनल स्टोरेज मिलता है, जिसे माइक्रोएसडी कार्ड के जरिए 2TB तक बढ़ाया भी जा सकता है। सॉफ्टवेयर की बात करें तो यह डिवाइस Android 15 आधारित Realme UI 6 पर काम करता है।
फोटोग्राफी के लिए Realme P3 Lite 5G में 32MP का रियर कैमरा दिया गया है, जबकि सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 8MP का फ्रंट कैमरा मिलता है। पावर बैकअप के लिए इस स्मार्टफोन में 6000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो 45W फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। इसके अलावा फोन में IP64 रेटिंग, MIL-STD 810H सर्टिफिकेशन, साइड माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर, Bluetooth 5.3 और डुअल बैंड WiFi जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं।
कीमत बढ़ने के बाद अब Realme P3 Lite 5G बजट 5G सेगमेंट में थोड़ा महंगा जरूर हो गया है, लेकिन इसके फीचर्स और बड़ी बैटरी इसे अभी भी अच्छा विकल्प बनाते हैं। यदि आप इससे अलग ऑप्शन चाहें तो Redmi Note 14 SE, realme 15 Lite और Lava Play Ultra भी देख सकते हैं। यह मॉडल्स भी इसी रेंज में बढ़िया अनुभव दे सकते हैं। उम्मीद है यह डिटेल्स आपके काम आएगी। ऐसी ही और खबरों के लिए 91मोबाइल्स पढ़ते रहें।