हमारा 5जी फोन रेडी है, हम कभी भी लॉन्च कर सकते हैं: आदित्य बब्बर

https://static.hub.91mobiles.com/multisite/wp-content/uploads/sites/7/2019/03/Aditya-Babbar.jpg

पिछले साल से ही 5जी की शोर तेज हो गया है और 2019 में तो लगभग सभी कंपनियों ने अपने 5जी फोन की जानकारी दे दी है। हालांकि इनमें सबसे आगे सैमसंग निकला। कंपनी ने अपनी गैलेक्सी एस10 सीरीज में 5जी फोन को लॉन्च कर दिया है और जल्द ही यह फोन यूएस सहित यूरोप के बाजार में उपलब्ध होगा। हाल में सैमसंग ने भारत में भी गैलेक्सी एस10 सीरीज को पेश किया है। परंतु कंपनी ने यहां फिलहाल 5जी मॉडल को लॉन्च नहीं किया है। हालांकि लोगों को आशा थी कि शायद कंपनी भारत में भी 5जी फोन के बारे में जानकारी दे और सबसे पहले 5जी लाने की बात करे। परंतु ऐसा नहीं हुआ।

भारत में सैमसंग गैलेक्सी एस10 के लॉन्च के दौरान हमारी मुलाकात सैमसंग इलेक्ट्रानिक्स के प्रोडक्ट हेड ‘आदित्य बब्बर’ से हुई और हमनें यह जानना चाहा कि कंपनी कब अपने 5जी फोन भारत में लाने वाली है। इस बारे में उन्होनें कहा कि, ”सबसे पहले सैमसंग ही 4जी फोन लेकर आया था और 5जी फोन भी हमारा सबसे पहले तैयार है, हम कभी भी लॉन्च कर सकते हैं। भारत में फिलहाल 5जी नेटवर्क नहीं है ऐसे में लाने का कोई फायदा नहीं है। सैमसंग का 5जी फोन यूएस और यूके सहित अन्य देशों में उपलब्ध होगा जहां 5जी नेटवर्क उपलब्ध हो चुका है। जैसे ही भारत में 5जी नेटवर्क आएगा हमारा फोन सबसे पहले लॉन्च होगा।”

किन कंपनियों ने दिखाया 5जी फोन

सैमसंग गैलेक्सी एस10 5जी के अलावा शाओमी अपने 5जी फोन का प्रदर्शन कर चुका है। मोबाइल वर्ल्ड कॉन्ग्रेस में शाओमी ने भी मी मिक्स 3 का अपना 5जी फोन दिखा दिया है। वनप्लस का भी 5जी फोन वहां उपलब्ध था लेकिन वह प्रोटोटाइप था। कॉमर्शियल डिवाइस अभी नहीं था लेकिन कंपनी ने जल्द ही लॉन्च करने की बात कही है।

गौरतलब है कि हाल में क्वालकॉम द्वारा स्नैपड्रैगन 855 चिपसेट को लेकर एक कॉन्फ्रेंस आयोजित की थी जहां कंपनी ने 5जी प्लान के बारे में जानकारी दी थी। उस वक्त सैमसंग के साथ ही दूसरे सभी चीनी मोबाइल निर्माताओं ने भी अपने 5जी फोन को लेकर प्लान बताया था जिनमें वनप्लस, शाओमी, ओपो और एलजी तक शामिल हैं।

भारत में कब आएगा 5जी फोन

इन सब कंपनियों द्वारा 5जी फोन की घोषणा के बाद भी अब तक भारत में 5जी को लेकर स्थिति साफ नहीं है। इसका सबसे बड़ा कारण है 5जी नेटवर्क की अनउपलब्धता। आशा है कि इस साल के अंत तक 5जी नेटवर्क के स्पेक्ट्रम की नीलामी की जाएगी और उसके बाद ही कुछ साफ हो पाएगा। हालांकि रिलायंस जियो और एयरटेल जैसी बड़ी कंपनियों ने यह पहले ही घोषणा कर दी है कि उनका नेटवर्क 5जी रेडी है। पिछले साल तो एयरटेल ने हुआवई के साथ मिलकर गुरुग्राम मानेसर स्थित अपने आॅफिस में 5जी टेस्ट भी किया था।

बावजूद इसके यह कहा नहीं जा सकता कि स्पेक्ट्रम आते ही 5जी सर्विस हर जगह उपलब्ध हो जाएगी। बल्कि स्पेक्ट्रम की नीलामी साल के अंत तक हो भी जाती है तो लगभग साल भर लॉन्च में लगेगा और 2021—2022 तक भारत के सभी शहरों तक आ सकता है। वहीं 2019 के अंत या 2020 के शुरुआत में यदि 5जी डिवाइस इंडिया में आते भी हैं तो महेंगे होंगे। सस्ते 5जी डिवाइस के लिए भी थोड़ा इंतजार करना होगा।

सैमसंग गैलेक्सी एस10 5जी फोन स्पेसिफिकेशन

सैमसंग गैलेक्सी एस10 5जी में 6.7-इंच की स्क्रीन दी गई है। फोन में कर्व्ड डायनेमिक सुपर एमोलेड स्क्रीन दी गई है और यह 1440 x 3040 पिक्सल रेजल्यूशन सपोर्ट करता है। फोन आईपी68 सर्टिफाइड है। पंच होल वाला डिसप्ले देखने को मिलेगा जिसे कंपनी ने इनफिनिटी ओ का नाम दिया है। पावर बैकअप के लिए सैमसंग गैलेक्सी एस10 5जी में 4,500 एमएएच की बड़ी बैटरी दी गई है और फास्ट चार्जिंग व वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट करता है।

गैलेक्सी एस10 5जी के रियर पैनल पर 4 कैमरे हैं वहीं फ्रंट में डुअल सेंसर है। इसका मेन कैमरा 12एमपी का है। दूसरा सेंसर भी 12एमपी का है जो एफ/1.5 से लेकर एफ/2.4 वेरियेबल अपर्चर के साथ आता है। तीसरा सेंसर 16-मेगापिक्सल का है और चौथा लेंस टोओएस है जो 3डी सेंसिंग के लिए काम करता है। फ्रंट में 10-मेगापिक्सल मेन कैमरा मिलेगा जो एफ/1.9 अपर्चर के साथ आता है। वहीं दूसरा सेंसर 3डी टीओएस है।

यह फोन क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 855 चिपसेट पर कार्य करता है और इसमें 2.8 गीगाहट्र्ज का ऑक्टाकोर प्रोसेसर दिया गया है। इसके साथ ही 8जीबी और 12जीबी की रैम मैमोरी है। फोन में 512जीबी 1टीबी की इंटरनल स्टोरेज है।