
सैमसंग ने कुछ दिनों पहले ही एक वीडियो शेयर की थी जिसमें कंपनी के फोल्डेबल फोन की झलक मिली थी। इस वीडियो में फोन को खोलते हुए दिखाया गया था जिसमें सैमसंग फोल्डेबल फोन के डिजाईन की जानकारी मिली थी। कंपनी की ओर से अभी तक ऑफिशियल नहीं किया गया था कि सैमसंग अपना फोल्डेबल फोन कब टेक मंच पर पेश करेगी। वहीं अब इस बात से पर्दा उठाते हुए सैमसंग ने बता दिया है कि कंपनी का पहला फोल्डेबल फोन आने वाली 20 फरवरी को दुनिया के सामने पेश कर दिया जाएगा।
सैमसंग ने अपने ऑफिशियल ट्वीटर हैंडल पर एक वीडिया शेयर की है जिससे पता चला है कि कंपनी आने वाली 20 फरवरी को अपने फोल्डेबल स्मार्टफोन से पर्दा उठाने जा रही है। सैमसंग ने अपने इस ईवेंट को ‘गैलेक्सी अनपैक्ड’ नाम दिया गया है। यह पहली बार है जब सैमसंग ने अपने फोल्डेबल फोन के लॉन्च डेट की जानकारी दी है। सैमसंग ने हालांकि इस वीडियो में फोन के नाम का खुलासा नहीं किया है लेकिन वीडियो में यूज़ हुई फोल्ड होती थीम ने साफ कर दिया है कि कंपनी अपने फोल्डेबल फोन को अब दुनिया के सामने लाने वाली है।
The future of mobile will unfold on February 20, 2019. #SamsungEvent pic.twitter.com/MHvwrt7Rf4
— Samsung Mobile (@SamsungMobile) February 11, 2019
बता दें कि 20 फरवरी को सैमसंग सैन फ्रांसिस्को में एक ईवेंट आयोजित कर रही है। कंपनी के फोल्डेबल स्मार्टफोन के साथ ही इस ईवेंट के मंच से गैलेक्सी एस10, गैलेक्सी एस10 लाइट और गैलेक्सी एस10 प्लस स्मार्टफोन भी टेक मंच पर दस्तक देंगे। सैमसंग के इस फोल्डेबल फोन को लेकर अब तक कई लीक्स सामने आ चुके हैं जिनमें फोन के डिजाईन और स्पेसिफिकेशन्स की जानकारियां मिली है।
इस फोल्डेबल फोन के बैक पैनल पर डिसप्ले होगी यह नहीं यह अभी साफ नहीं हो पाया है। इस पैनल पर रियर कैमरा सेटअप दिया जा सकता है। ऐसे में सैमसंग के फोल्डेबल फोन के सेल्फी कैसे ली जाएगी यह स्थिति भी साफ नहीं हो पाई है। आपको बता दें कि कुछ दिनों पहले सामने आए लीक्स में बताया गया था कि सैमसंग अपने फोल्डेबल फोन को 7.3-इंच की एमोलेड डिसप्ले पर लॉन्च कर सकती है जो मुड़ने के बाद 4-इंच की सेकेंडरी डिसप्ले में तब्दील होगा।
सैमसंग फोल्डेबल फोन के लिए कहा जा रहा है कि फोन में 512जीबी की इंटरनल स्टोरेज दी जाएगी तथा यह फोन क्वालकॉम के आने वाले सबसे नए और ताकतवर चिपसेट स्नैपड्रैगन 855 पर रन करेगा। गौरतलब है कि एक विदेशी मीडिया रिपोर्ट यह दावा कर चुकी है कि सैमसंग अपने फोल्डेबल फोन को 2 मिलियन वॉन में लॉन्च करेगी। यह कीमत भारतीय करंसी अनुसार 1 लाख 25 हजार रुपये के करीब होगी। बहरहाल सैमसंग के इस फोल्डेबल फोन के लिए अभी 20 फरवरी का इंतजार किया जा रहा है।






















