
सैमसंग ने आज भारत में अपनी गैलेक्सी ए सीरीज़ के स्मार्टफोन्स को भारत में लॉन्च किया है। सैमसंग ने अपनी इस सीरीज के तहत गैलेक्सी ए10, गैलेक्सी ए30 और गैलेक्सी ए50 स्मार्टफोन को पेश किया है। कंपनी ने ए सीरीज के इन स्मार्टफोन से पर्दा मुंबई में आयोजित एक इवेंट के दौरान हटाया है।
बता दें कि कंपनी गैलेक्सी ए30 और गैलेक्सी ए50 स्मार्टफोन को पहले ही पेश कर चुकी है। सैमसंग की नई गैलेक्सी ए-सीरीज़ के स्मार्टफोन इनफिनिटी-यू और इनफिनिटी-वी डिस्प्ले पैनल के साथ पेश किए गए हैं। आइए जानते हैं कि ए10 स्मार्टफोन की भारतीय कीमत और इसकी क्या स्पेसिफिकेशंस है।
कीमत और उपलब्धता
गैलेक्सी ए10 के 3जीबी रैम व 32जीबी स्टोरेज की कीमत 8,490 रुपए है। कंपनी इस डिवाइस को 20 मार्च से सैमसंग ऑनलाइन स्टोर के साथ ही सभी बड़े ई-कॉमर्स साइट पर सेल के लिए उपलब्ध कराएगी। गैलेक्सी10 की बॉडी प्लास्टिक होने का दावा है। इसे ब्लैक और गोल्ड रंग में उपलब्ध कराया जाएगा।
सैमसंग ने भारत में उतारे दो दमदार फोन गैलेक्सी ए50 और ए30, इसमें है 4,000एमएएच बैटरी और 6जीबी रैम
सैमसंग गैलेक्सी ए10 की स्पेसिफिकेशन्स
अगर बात करें इसकी स्पेसिफिकेशन्स की तो इसमें 6.2 इंच एचडी+ इनफिनिटी वी डिस्प्ले और एक्सीनॉस 7884बी ऑक्टा-कोर प्रोसेसर दिया गया है। इसके साथ ही फोन में 3 जीबी रैम के साथ 32 जीबी स्टोरेज दी गई है। ज़रूरत पड़ने पर माइक्रोएसडी कार्ड भी इस्तेमाल किया जा सकेगा।
इसके अलावा सैमसंग गैलेक्सी ए10 में पिछले हिस्से पर एफ/ 1.9 अपर्चर वाला 13-मेगापिक्सल का कैमरा होगा। फ्रंट पैनल पर एफ/ 2.0 अपर्चर वाला 5-मेगापिक्सल का सेंसर दिया जाएगा। इसकी बैटरी 4,000 एमएएच की होगी। इस फोन में कोई फिंगरप्रिंट सेंसर नहीं है। फोन को अनलॉक करने के लिए फेस अनलॉक फीचर इस्तेमाल में किया जा सकता है। इसके अलावा चार्जिंग और डेटा ट्रांसफर के लिए इसमें माइक्रो-यूएसबी पोर्ट दिया गया है।


















