
कोरियन कंपनी सैमसंग ने कुछ दिनों पहले ही अंर्तराष्ट्रीय मंच पर अपनी गैलेक्सी ए स्मार्टफोन सीरीज़ का विस्तार करते हुए नया स्मार्टफोन गैलेक्सी ए20 लॉन्च किया था। सैमसंग गैलैक्सी ए20 फिलहाल रशियन बाजार में ऑफिशियल किया गया है जो आने वाले दिनों में इंडिया व अन्य बाजारों में सेल के लिए उपलब्ध हो सकता है। गैलेक्सी ए20 लॉन्च के एक हफ्ते बाद ही अब इसी सीरीज़ के एक और स्मार्टफोन गैलेक्सी ए20ई की जानकारी सामने आई है। नई रिपोर्ट में पता चला है कि गैलेक्सी ए20ई को ब्लूटूथ और वाईफाई सर्टिफाइड किया गया है तथा अगले महीने गैलेक्सी ए20ई भी टेक बाजार में दस्तक दे सकता है।
सर्टिफिकेशन साइट लिस्टिंग
सैमसंग गैलेक्सी ए20ई को ब्लूटूथ सर्टिफिकेशन साइट ब्लूटूथ स्पेशल इंटरस्ट ग्रुप (एसआईजी) तथा वाईफाई अलायंस पर लिस्ट किया गया है। वाईफाई अलायंस की लिस्टिंग जहां 21 मार्च की है वहीं एआईजी पर गैलेक्सी ए20ई को आज यानि 25 मार्च को ही लिस्ट किया गया है। इन दोनों ही वेबसाइट्स की गैलेक्सी ए20ई को एसएम-ए202एफ/डीएस मॉडल नंबर के साथ लिस्ट किया गया है। इन दोनों लिस्टिंग से यह साफ हो गया है कि सैमसंग जल्द ही गैलेक्सी ए20ई को बाजार में उतार सकती है। गौरतलब है कि गैलेक्सी ए20ई सैमसंग का पहला फोन हो जो गैलेक्सी ए सीरीज़ में ‘ई’ मोनिकर के साथ लॉन्च होगा।
गैलेक्सी ए20ई
सैमसंग के इस आगामी स्मार्टफोन की स्पेसिफिकेशन्स की जानकारी हालांकि अभी तक सामने नहीं आई है लेकिन माना जा रहा है कि यह फोन लॉन्च हो चुके गैलेक्सी ए20 का ही छोटा वर्ज़न होगा। सर्टिफिकेशन्स साइट्स पर यह जरूर साफ हो चुका है कि गैलेक्सी ए20ई को एंडरॉयड के लेटेस्ट ओएस एंडरॉयड 9 पाई पर लॉन्च किया जाएगा। फोन की स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो सामने आए लीक्स के अनुसार गैलेक्सी ए20ई सैमसंग के एक्सनॉस 7884 चिपसेट पर लॉन्च किया जा सकता है। वहीं फोन में 3जीबी की रैम मैमोरी देखने को मिल सकती है।
सैमसंग गैलेक्सी ए20 स्पेसिफिकेशन्स
सैमसंग द्वारा रशियन बाजार में लॉन्च किए जा चुके गैलेक्सी ए20 की बात करें तो यह फोन 720 x 1560 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 6.2-इंच की एचडीप्लस सुपर एमोलेड इनफिनिटी यू डिसप्ले पर पेश किया गया है। गैलेक्सी ए20 एंडरॉयड के लेटेस्ट ओएस एंडरॉयड 9.0 पाई आधारित सैमसंग वन यूआई पर लॉन्च हुआ है जो 1.8गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाले आक्टा-कोर प्रोसेसर के साथ सैमसंग के ही एक्सनॉस 7884 चिपसेट पर रन करता है।
गैलेक्सी ए20 को रशिया में 3जीबी रैम मैमोरी पर उतारा गया है। यह फोन 32जीबी की इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करता है जिसे माइक्रोएसडी कार्ड के जरिये 512जीबी तक बढ़ाया जा सकता है। फोटोग्राफी सेग्मेंटी की बात करें तो यह फोन डुअल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। फोन के बैक पैनल पर एलईडी फ्लैश के साथ एफ/1.9 अपर्चर वाला 13-मेगापिक्सल का प्राइमरी और एफ/2.2 अपर्चर वाला 5-मेगापिक्सल का सेकेंडरी कैमरा सेंसर दिया गया है। वहीं सेल्फी के लिए यह फोन एफ/2.0 अपर्चर वाला 8-मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है। बड़ी स्क्रीन, बड़ी बैटरी और ट्रिपल कैमरे के साथ सैमसंग ला रहा दो बड़े डिवाइस
सैमसंग गैलेक्सी ए20 डुअल सिम फोन है जो 4जी वोएलटीई सपोर्ट करता है। बेसिक कनेक्टिविटी फीचर्स के साथ ही सिक्योरिटी के लिए जहां फोन के बैक पैनल पर फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है वहीं यह फोन फेस अनलॉक फीचर भी सपोर्ट करता है। इसी तरह पावर बैकअप के लिए गैलेक्सी ए20 में 4,000एमएएच की बैटरी दी गई है। बहरहाल उम्मीद है कि गैलेक्सी ए20 या गैलेक्सी ए20ई स्मार्टफोन अप्रैल महीने में भारतीय बाजार में भी दस्तक दे सकते हैं।






















