
Samsung ने आज अमेरिकी बाजार के जरिये टेक मंच पर अपनी ‘गैलेक्सी ए’ सीरीज़ के 5 नए फोन Samsung Galaxy A71 5G, Galaxy A51 5G, Galaxy A21, Galaxy A11 और Galaxy A01 पेश किए हैं। इन फोंस को लॉन्च करने के साथ ही कंपनी ने एक और अन्य डिवाईस Galaxy A41 को भी अंर्तराष्ट्रीय टेक बाजार में लॉन्च कर दिया है। पिछले दिनों यह फोन जापान में उतारा गया था वहीं अब यूरोपियन देशों में एंट्री लेते हुए सैमसंग गैलेक्सी ए41 का ग्लोबल लॉन्च हो गया है। यह फोन मीड बजट में पेश किया गया है जो आने वाले दिनों में भारतीय बाजार में भी दस्तक देगा।
लुक व डिजाईन
Samsung Galaxy A41 का यह ग्लोबल मॉडल जापान में लॉन्च हुए फोन से अलग है। फोन की लुक की बात करें तो यह स्मार्टफोन वॉटरड्रॉप नॉच डिजाईन पर बना है। फोन की डिसप्ले तीन ओर से जहां नैरो बेजल्स वाली है वहीं नीचे की ओर हल्का सा चिन पार्ट दिया गया है। डिसप्ले के उपरी ओर ठीक बीच में ‘यू’ शेप वाली छोटी सी नॉच दी गई है। नए सैमसंग गैलेक्सी ए41 के बैक पैनल जापानी मॉडल की तुलना में अलग है। यहां ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है जो स्क्वायर शेप में है। गौरतलब है कि जापानी मॉडल में यह सेटअप पैनल के उपरी दाईं ओर वर्टिकल शेप में स्थित था। इसी तरह फोन के दाएं पैनल पर वॉल्यूम रॉकर व पावर बटन दिया गया है तथा बाएं पैनल पर सिम स्लॉट मौजूद है।
स्पेसिफिकेशन्स
Samsung Galaxy A41 की स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो यह डिवाईस 20:9 आस्पेक्ट रेशियो पर पेश किया गया है जो 2400 x 1080 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 6.1 इंच की फुलएचडी+ सुपर एमोलेड इनफिनिटी यू डिसप्ले सपोर्ट करता है। स्क्रीन प्रोटेक्शन की जानकारी सामने नहीं आई है लेकिन फोन की स्क्रीन कोर्निंग गोरिल्ला ग्लास कोटेड होगी। कंपनी ने इस फोन को इन-डिसप्ले फिंगरप्रिंट सेंसर तकनीक से लैस किया है। सैमसंग गैलेक्सी ए41 को एंडरॉयड ओएस पर पेश किया गया है जो सैमसंग वन यूआई 2.1 पर काम करता है। सैमसंग इस फोन को विभिन्न मार्केट्स में अलग-अलग चिपसेट के साथ लॉन्च करेगी।
यह भी पढ़ें : Samsung का सरप्राइज़, एक साथ लॉन्च किए Galaxy A21, Galaxy A11 और Galaxy A01 स्मार्टफोन
फोटोग्राफी सेग्मेंट की बात करें तो Samsung Galaxy A41 ट्रिपल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। फोन के बैक पैनल पर फ्लैश लाईट के साथ एफ/2.0 अपर्चर वाला 48 मेगापिक्सल का प्राइमरी रियर कैमरा दिया गया है। इसके साथ ही यह फोन एफ/2.2 अपर्चर वाला 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रा वाइड एंगल लेंस और एफ/2.4 अपर्चर वाला 5 मेगापिक्सल का डेफ्थ सेंसर सपोर्ट करता है। इसी तरह सेल्फी व वीडियो कॉलिंग के लिए Samsung Galaxy A41 में एफ/2.2 अपर्चर वाला 25 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सेंसर मौजूद है।
सैमसंग गैलेक्सी ए41 को 4 जीबी की रैम मैमोरी पर लॉन्च किया गया है जो 64 जीबी की इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करता है। फोन की मैमोरी को माइक्रोएसडी कार्ड के जरिये 512 जीबी तक बढ़ाया जा सकता है। भारत में फोन के कितने वेरिएंट आएंगे इस बारे में कुछ पुख्ता नहीं कहा जा सकता है। बेसिक कनेक्टिविटी फीचर्स के साथ ही पावर बैकअप के लिए Samsung Galaxy A41 में 15वॉट क्विक चार्ज सपोर्ट वाली 3,500एमएएच की बैटरी दी गई है। सैमसंग गैलेक्सी ए41 आईपी रेटिड है जो इसके पानी व धूल से सुरक्षित रखता है वहीं जापान में इस फोन को ब्लू, व्हाईट, रेड और ब्लैक कलर वेरिएंट में पेश किया गया है। यूरोप में इस फोन की कीमत 299 यूरो यानि तकरीबन 24,500 रुपये है।




















