
Samsung ने पिछले हफ्ते अपनी ‘गैलेक्सी ए’ सीरीज़ के तहत नया स्मार्टफोन जोड़ते हुए Samsung Galaxy A42 5G की घोषणा की थी। कंपनी की ओर से यह फोन ग्लोबल मार्केट में पेश किया गया था, जिसकी फोटो और स्पेसिफिकेशन्स तो सैमसंग द्वारा ऑफिशियल कर दी गई थी। लेकिन गैलेक्सी ए42 5जी फोन की कीमत का जिक्र कंपनी द्वारा नहीं किया गया था। वहीं आज तकरीबन एक हफ्ता बीत जाने के बाद कंपनी ने Samsung Galaxy A42 5G की कीमत से भी पर्दा उठा दिया है।
Samsung Galaxy A42 5G की कीमत को सैमसंग जर्मनी द्वारा ऑफिशियल किया गया है। प्रैस विज्ञप्ति के माध्यम से सैमसंग ने गैलेक्सी ए42 स्मार्टफोन के प्राइस के साथ ही इसके कलर वेरिएंट्स भी भी घोषणा की है। सैमसंगन बताया है कि गैलेक्सी ए42 5जी यूरोपियन मार्केट में नवंबर महीने में सेल के लिए उपलब्ध होगा और इसकी कीमत 369 यूरो यानि 32,000 रुपये के करीब होगी। जर्मनी में यह फोन फिलहाल एक ही वेरिएंट में लॉन्च हुआ है और इसे Black, White और Gray कलर में खरीदा जा सकेगा।
Samsung Galaxy A42 5G
सैमसंग गैलेक्सी ए42 5जी स्मार्टफोन के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो ड्यूड्रॉप नॉच डिसप्ले डिजाईन पर पेश किया गया है जो 6.6 इंच की बड़ी फुलएचडी+ सुपर एमोलेड स्क्रीन सपोर्ट करता है। फ्रंट पैनल पर तीन किनारें जहां बेजल लेस हैं वहीं नीचे की ओर हल्का सा बॉडी पार्ट दिया गया है। गैलेक्सी ए42 5जी की स्क्रीन को सैमसंग ने इन-डिसप्ले फिंगरप्रिंट सेंसर तकनीक से लैस बाजार में उतारा है।
Samsung का यह फोन एंडरॉयड 10 ओएस पर लॉन्च हुआ है जो कंपनी के ही वनयूआई 2.1 के साथ काम करता है। इसी तरह प्रोसेसिंग के लिए इस फोन में आक्टाकोर प्रोसेसर के साथ क्वॉलकॉम का स्नैपड्रैगन 690 चिपसेट दिया गया है। जर्मनी में गैलेक्सी ए42 को 6 जीबी रैम मैमोरी पर लॉन्च किया गया है जो 128 जीबी की इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करता है। फोन मैमोरी को कार्ड के जरिये 512 जीबी तक बढ़ाया जा सकता है।
फोटोग्राफी सेग्मेंट की बात करें तो Samsung Galaxy A42 5G क्वॉड रियर कैमरा सपोर्ट करता है। फोन के बैक पैनल पर फ्लैश लाईट के साथ 48 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर दिया गया है जिसके साथ 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रा वाइड एंगल लेंस, 5 मेगापिक्सल का मैक्रो लेंस और 5 मेगापिक्सल का ही डेफ्थ सेंसर मौजूद है। इसी तरह सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए यह फोन एफ/2.2 अपर्चर वाला 20 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है।
Samsung Galaxy A42 5G डुअल मोड 5जी (SA/NSA) के साथ ही डुअल 4जी वोएलटीई भी सपोर्ट करता है। 3.5एमएम जैक के साथ ही फोन में बेसिक कनेक्टिविटी फीचर्स भी मौजूद है। इसी तरह पावर बैकअप के लिए सैमसंग गैलेक्सी ए42 5जी में फास्ट चार्जिंग सपोर्ट के साथ 5,000एमएएच की बड़ी बैटरी दी गई है। बहरहाल Samsung अपने इस फोन को इंडिया में लॉन्च करेगी या नहीं इस बारे में अभी कुछ भी नहीं कहा जा सकता है।























