
Samsung जल्द ही भारतीय बाजार में अपनी ‘गैलेक्सी ए’ सीरीज़ का विस्तार करने वाली है। पिछले दिनों इसी सीरीज़ के दो स्मार्टफोन Samsung Galaxy A71 और Samsung Galaxy A51 को BIS यानि इंडियन सर्टिफिकेशन्स साइट ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड पर लिस्ट किया गया था, जिससे यह पुख्ता हो गया था कि ये दोनों फोन इंडियन मार्केट में जल्द ही दस्तक दे देंगे। वहीं अब इन्हीं में से एक Samsung Galaxy A51 को बेंचमार्किंग साइट गीकबेंच पर भी लिस्ट कर दिया गया है।
Samsung Galaxy A51 को गीकबेंच पर SM-A515F मॉडल नंबर के साथ लिस्ट किया गया है। इस लिस्टिंग में गैलेक्सी ए51 की कई अहम स्पेसिफिकेशन्स की जानकारी तो मिली ही है वहीं साथ ही गीकबेंच लिस्टिंग ने Samsung Galaxy A51 का लॉन्च करीब आने की ओर भी ईशारा कर दिया है। लिस्टिंग से पता चला है कि सैमसंग का यह आगामी स्मार्टफोन कंपनी के ही एक्सनॉस 9611 चिपसेट के साथ बाजार में उतारा जाएगा।
गीकबेंच पर Samsung Galaxy A51 को 1.74गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाले आक्टा-कोर प्रोसेसर से लैस बताया गया है जो सैमसंग एक्सनॉस चिपसेट के साथ काम करेगा। वहीं लिस्टिंग में यह खुलासा भी हो गया है कि Samsung अपने आगामी फोन Galaxy A51 को एंडरॉयड के सबसे नए आपरेटिंग सिस्टम एंडरॉयड 10 से लैस कर बाजार में उतारेगी। इस लिस्टिंग में फोन को 4 जीबी रैम मैमोरी से लैस बताया गया है। वहीं इस बात को भी नकारा नहीं जा सकता है कि Samsung Galaxy A51 एक से ज्यादा वेरिएंट के साथ बाजार में एंट्री लेगा।
स्पेसिफिकेशन्स
बेंचमार्किंग स्कोर की बात करें तो Samsung Galaxy A51 को गीकबेंच पर सिंगल-कोर में 323 स्कोर प्राप्त हुआ है। वहीं मल्टी-कोर में इस डिवाईस को 1185 स्कोर दिया गया है। Samsung Galaxy A51 को लेकर मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि इस डिवाईस को दो स्टोरेज वेरिएंट में लॉन्च किया जा सकता है। माना जा रहा है कि फोन का एक वेरिएंट 64 जीबी इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करेगा तथा दूसरे में 128 जीबी की मैमोरी दी जाएगी।
यह भी पढ़ें : Xiaomi ने की अगले साल की तैयारी, लॉन्च करेगी 10 से ज्यादा 5G स्मार्टफोन्स
Samsung Galaxy A51 को क्वॉड रियर कैमरे पर लॉन्च किया जा सकता है। फोटोग्राफी के लिए इस फोन में 48 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा सेंसर, 12 मेगापिक्सल का वाइड-एंगल सेंसर, 2x ऑप्टिकल ज़ूम वाला 12 मेगापिक्सल का टेलीफोटो लेंस और 5 मेगापिक्सल का डेफ्थ सेंसर दिया जा सकता है। वहीं एक लीक में Samsung Galaxy A51 को सिल्वर, ब्लू और ब्लैक कलर में लॉन्च किए जाने की बात सामने आ चुकी है।
Samsung Galaxy A71
लगे हाथ Galaxy A71 की बात करें तो सामने आए लीक्स के अनुसार इस फोन को SM-A715 मॉडल नंबर के साथ बाजार में उतारा जाएगा। इस स्मार्टफोन को 8 जीबी रैम मैमोरी से लैस बताया गया है जो 128 जीबी की इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करेगा। लीक के मुताबिक Samsung Galaxy A71 में भी नया एंडरॉयड 10 ओएस देखने को मिल सकता है तथा प्रोसेसिंग के लिए इस फोन में क्चालकॉम का स्नैपड्रैगन 674 चिपसेट दिया सकता है।

रिपोर्ट में Galaxy A71 को भी क्वॉड रियर कैमरे से लैस बताया गया है। इसके अनुसार Samsung Galaxy A71 में 48 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा सेंसर, 12 मेगापिक्सल का वाइड-एंगल सेंसर, 2x ऑप्टिकल ज़ूम वाला 12 मेगापिक्सल का टेलीफोटो लेंस और एक टाइम ऑफ फ्लाइट सेंसर शामिल हो सकता है। वहीं चर्चा है कि यह फोन ब्लैक, सिल्वर, पिंक और ब्लू कलर वेरिएंट में बाजार में दस्तक देगा।






















