
Samsung इंडिया में दुनिया का पहला रोटेटिंग स्लाईडर पैनल वाला स्मार्टफोन Galaxy A80 लाने जा रही है। यह फोन कंपनी की ऑफिशियल वेबसाइट पर लिस्ट हो चुका है। सैमसंग की ओर से हालांकि अभी तक इस फोन की लॉन्च डेट का खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन Galaxy A80 के बाजार में आने से पहले ही कंपनी के अन्य स्मार्टफोन Galaxy A70S की खबर इंटरनेट पर वायरल हो गई है। सामने आ रहा है कि सैमसंग भारत में Galaxy A70s स्मार्टफोन लॉन्च करने की तैयारी कर रही है और इस डिवाईस के साथ-साथ कंपनी Galaxy A30s और Galaxy A20s भी बाजार में उतारेगी।
सैमसंग गैलेक्सी ए सीरीज़ से जुड़ी इस खबर को एमएसपी वेबसाइट ने कवर किया है। इस टेक वेबसाइट ने अपनी रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया है कि Samsung भारत में अपनी गैलेक्सी ए सीरीज़ को और भी मजबूत बनाते हुए इसका विस्तार करने की योजना बना रही है। इस योजना के तहत कंपनी देश में Galaxy A70s और Galaxy A30s व Galaxy A20s स्मार्टफोन लॉन्च करेगी। इस स्मार्टफोंस को अभी बाजार में आने में वक्त लगने वाला है, लेकिन गैलेक्सी ए सीरीज़ के इस फोंस का इंडिया लॉन्च इस वेबसाइट ने तय बताया है।
रिपोर्ट के अनुसार Samsung Galaxy A70s को इंडिया में तीन कलर वेरिएंट्स में लॉन्च किया जाएगा। इनमें ब्लैक, वाईट और लेवेंडर कलर शामिल होंगे। इसके अलावा Samsung Galaxy A30s को भी Galaxy A70s के समान ही कलर वेरिएंट्स में बाजार में उतारा जाएगा। वहीं गैलेक्सी सीरीज़ के सस्ते स्मार्टफोन Galaxy A20s को Samsung की ओर से ब्लैक और ब्लू कलर वेरिएंट्स में लॉन्च किया जा सकता है। गौरतलब है कि ये तीनों स्मार्टफोन साल की दूसरी छमाही के दौरान ही इंडिया में लॉन्च किए जाएगे।
Samsung Galaxy A70s
Galaxy A70s स्मार्टफोन की बात करें तो इसे 64-मेगापिक्सल की पावर वाले रियर कैमरा सेंसर से लैस बताया जा रहा है। गैलेक्सी ए70एस दुनिया का पहला ऐसा स्मार्टफोन होगा जो इतनी पावर वाले कैमरा सेंसर पर लॉन्च होगा। बता दें कि Samsung ने हाल ही में ISOCELL Bright GW1 तकनीक का प्रदर्शन किया था। इस तकनीक के साथ कोई भी स्मार्टफोन 64-मेगापिक्सल तक की फोटो कैप्चर कर सकता है। और Galaxy A70s सेंसर से लैस हो सकता है। गौरतलब है कि यह रेज्ल्यूशन अब तक दुनिया में लॉन्च हुए किसी भी स्मार्टफोन से कहीं ज्यादा है।
Samsung Galaxy A80
सैमसंग द्वारा इंडिया में लॉन्च किए जाने वाले Galaxy A80 की बात करें तो यह दुनिया का पहला रोटेटिंग स्लाईडर पैनल वाला स्मार्टफोन है जो अब भारतीय बाजार में भी दस्तक देने वाला है। प्राप्त जानकारी अनुसार कंपनी आने वाली 15 जून को इंडिया में Galaxy A सीरीज़ का यह स्मार्टफोन लॉन्च कर देगी। Galaxy A80 भारत में दो वेरिएंट्स में लॉन्च किया जाएगा। पहले वेरिएंट की कीमत जहां 39,990 रुपये होगी वहीं दूसरे वेरिएंट को 44,990 रुपये की कीमत पर बाजार में उतारा जाएगा। आपको बता दें कि लॉन्च डेट से पहले Samsung देश में पांच शहरों में Galaxy A80 exclusive preview event का आयोजन भी करने वाली है।



















