4 साल बाद सक्सेसर ला रही Samsung! स्पेसिफिकेशन्स के साथ Galaxy A77 5G फोन गीकबेंच पर हुआ लिस्ट

सैमसंग ने साल 2022 के मार्च महीने में Galaxy A73 5G फोन इंडिया में लॉन्च किया था। 108MP क्वॉड कैमरा और Snapdragon 778G प्रोसेसर के साथ यह स्मार्टफोन 41,999 रुपये की कीमत पर लाया गया था। यह मोबाइल लाने के बाद कंपनी ने इस सीरीज को लेकर लंबी चुप्पी साध ली थी। लेकिन अब यह खामोशी टूटने वाली है। ब्रांड की ओर से बेहद जल्द Samsung Galaxy A77 5G फोन लॉन्च किया जा सकता है। यह अपकमिंग सैमसंग फोन स्पेसिफिकेशन्स के साथ बेंचमार्किंग प्लेटफॉर्म गीकबेंच पर लिस्ट हो गया है।
सैमसंग गैलेक्सी ए77 स्मार्टफोन बेंचमार्किंग प्लेटफॉर्म गीकबेंच पर लिस्ट हुआ है। यह मोबाइल SM-A776B मॉडल नंबर के साथ सामने आया है जिसकी जानकारी हमें टेक वेबसाइट जीएसएम एरिना के जरिये प्राप्त हुई है। सबसे पहले बेंचमार्क स्कोर की ही बात करें तो Galaxy A77 को सिंगल-कोर में जहां 1673 प्वाइंट्स मिले हैं वहीं यह स्मार्टफोन मल्टी-कोर बेंचमार्क टेस्ट में 5597 स्कोर हासिल कर चुका है।
गीकबेंच पर फोन के मदरबोर्ड सेक्शन में energy_aware कोडनेम लिखा गया है। यहां मोबाइल चिपसेट के मार्केटिंग नेम का खुलासा तो नहीं हुआ है लेकिन माना जा रहा है कि यह Exynos 2400 या फिर Exynos 2400e नाम के साथ पेश हो सकता है। यह डेका-कोर प्रोसेसर है जिसमें 1.82GHz की बेस फ्रिक्वेंसी से लेकर 2.78GHz तक की क्लॉक स्पीड प्राप्त होती है।
Samsung Galaxy A77 5G फोन को गीकबेंच पर 8GB RAM से लैस दिखाया गया है। हमारा अनुमान है कि यह मोबाइल का बेस वेरिएंट हो सकता है और कंपनी टॉप वेरिएंट को 12GB RAM पर लॉन्च कर सकती है। वहीं ग्राफिक्स के लिए इस मोबाइल में Samsung Xclipse 940 जीपीयू दिए जाने की बात भी सामने आई है। बेंचमार्किंग प्लेटफॉर्म पर गैलेक्सी ए77 को Android 16 से लैस दिखाया गया है।
कंपनी की ओर से अभी तक Samsung Galaxy A77 से जुड़ी कोई भी आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। लेकिन अगर गीकबेंच पर रिवील हुई डिटेल्स पर गौर करें तो यह सैमसंग फोन अपर-मिडरेंज में लाया जा सकता है। गैलेक्सी ए73 की कीमत 41,999 रुपये थी और गैलेक्सी ए77 का प्राइस भी 40 हजार से 50 हजार रुपये के बीच रखे जाने की उम्मीद है।
17 दिसंबर को इंडिया में OnePlus 15T लॉन्च होने वाला है। हमारा अंदाजा है कि यह वनप्लस फोन भी 40 से 50 हजार की रेज में लाया जाएगा। इसी तरह iQOO 15 mini को लेकर भी लीक्स सामने आने लगे हैं और यह स्मार्टफोन भी इसी बजट में एंट्री ले सकता है। ऐसे में हो सकता है कि सैमसंग भी वनप्लस और आइकू को टक्कर देने के लिए Samsung Galaxy A77 लेकर आए। हालांकि इसके लॉन्च के लिए अभी एक महीना और यानी जनवरी 2026 का इंतजार करना पड़ सकता है।