
91मोबाइल्स ने कुछ समय पहले ही यह सूचना दे दी थी कि टेक कंपनी सैमसंग ‘गैलेक्सी एम’ सीरीज़ के दो नए स्मार्टफोंस पर काम कर रही है जिन्हें Samsung Galaxy M31s और Samsung Galaxy M51 नाम के साथ बाजार में लॉन्च किया जाएगा। ये फोन पूरी दुनिया में सबसे पहले भारत में ही लॉन्च किए जाने की खबर थी। लेकिन अब जानकारी सामने आ रही है कि सैमसंग गैलेक्सी एम51 के लिए भारतीयों को अभी थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा और इस फोन का लॉन्च आगे खिसक कर सितंबर महीने में हो सकता है।
Samsung Galaxy M51 से जुड़ी यह खबर एमएसपी वेबसाइट ने दी है। इंडस्ट्री सोर्स ने वेबसाइट को बताया है कि गैलेक्सी एम51 देरी से लॉन्च होगा। रिपोर्ट के अनुसार सैमसंग गैलेक्सी एम51 स्मार्टफोन सितंबर महीने में भारतीय बाजार में लॉन्च किया जाएगा। गौरतलब है कि पहले यह फोन जून महीने में लॉन्च किए जाने की उम्मीद थी, लेकिन अब यह लॉन्च तीन महीने आगे खिसक गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक Samsung Galaxy M51 की लेट लटीफी की मुख्य वजह सैमसंग की फैक्ट्री में चल रहे प्रोडक्शन की कमी है। इस फैक्ट्रियों में कोरोना वायरस की वजह से सीमित स्टॉफ ही काम कर रहा है और लिमिटेड प्रोडक्ट्स ही बनाए जा रहे हैं। ऐसे में गैलेक्सी एम51 के निर्माण में देरी हो रही है। रिपोर्ट में हालांकि यह भी दावा किया गया है कि सैमसंग के इस फोन का लॉन्च सितंबर महीने के आगे नहीं बढ़ाया जाएगा।
सीरीज़ का सबसे पावरफुल फोन
Samsung Galaxy M51 के बारे में आपको बता दें कि इस आने वाले स्मार्टफोन को गैलेक्सी एम सीरीज़ का अब तक का सबसे पावरफुल फोन बताया जा रहा है। कंपनी की ओर से हालांकि अभी तक इस फोन की स्पेसिफिकेशन्स शेयर नहीं की गई है लेकिन पिछले दिनों बेंचमार्किंग साइट गीकबेंच पर गैलेक्सी एम51 को 8 जीबी रैम मैमोरी के साथ लिस्ट किया गया था। यह भी पढ़ें : लो बजट में एंट्री करेगा Samsung Galaxy A01 Core, वेबसाइट पर हुआ लिस्ट
यह फोन एंडरॉयड 10 के साथ लिस्ट किया गया था। लिस्टिंग में पता चला था कि यह फोन 1.80गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाले आक्टाकोर प्रोसेसर पर काम करेगा। वहीं मदरबोर्ड की जगह sm6150 लिखा गया है। लिस्टिंग में चिपसेट की डिटेल तो साफ नहीं पाई है लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि यह फोन क्वॉलकॉम के स्नैपड्रैगन 730 चिपसेट पर लॉन्च किया गया जा सकता है।
Samsung Galaxy M51 को लेकर चर्चा है कि यह फोन लुक व डिजाईन के मामले में कंपनी के फ्लैगशिप फोन Galaxy S10 Lite जैसा होगा। फोन में बेजल लेस पंच होल डिसप्ले के साथ ही क्वॉड रियर कैमरा देखने को मिल सकता है। चर्चा है कि फोन के रियर कैमरा सेटअप में प्राइमरी सेंसर 64 मेगापिक्सल का होगा। बहरहाल अभी फोन की पुख्ता स्पेसिफिकेशन्स का इंतजार किया जा रहा है।




















