
Samsung बता चुकी है कि कंपनी आने वाली 11 फरवरी को सैन फ्रैंसिस्को में एक बड़े ईवेंट का आयोजन करने जा रही है जिसमें सैमसंग के नए प्रोडक्ट्स टेक मंच पर पेश किए जाएंगे। कंपनी इस ईवेंट को ‘Galaxy UNPACKED‘ के नाम से टीज़ कर रही है। चर्चा है कि 11 फरवरी को एक ओर जहां ‘गैलेक्सी एस सीरीज़’ का विस्तार किया जाएगा जिसमें Samsung Galaxy S20 और Samsung Galaxy S20+ स्मार्टफोन शामिल रहेंगे वहीं साथ ही इन ईवेंट के मंच से ब्रांड का नेक्स्ट फोल्डेबल फोन भी Samsung Galaxy Bloom नाम के साथ दस्तक देगा। सैमसंग ने हालांकि अभी तक इस ईवेंट में लॉन्च होने वाले स्मार्टफोंस के नाम का खुलासा नहीं किया है लेकिन कंपनी द्वारा घोषणा किए जाने से पहले ही Samsung Galaxy S20+ 5G स्मार्टफोन की रियल फोटो इंटरनेट पर लीक हो गई है।
ऐसी होगी लुक
Samsung Galaxy S20+ 5G की इन फोटोज़ को एक्सटीएस डेवलेपर्स ने अपनी एक्सक्लूसिव रिपोर्ट में शेयर किया है। सबसे पहले फोन के फ्रंट पैनल की बात करें तो यह स्मार्टफोन फुलव्यू बेजल लेस पंच-होल डिसप्ले पर लॉन्च किया जाएगा जिसमें स्क्रीन के उपरी ओर बीच में छोटा सा होल मौजूद है। कंपनी इस डिसप्ले को Infinity-O display कहती है। फोटो में Galaxy S20+ को पूरी तरह से बेजल लेस दिखाया गया है जिसमें डिसप्ले के चारों ओर बेहद हल्का सा बॉडी पार्ट मौजूद है।
Galaxy S20+ के बैक पैनल पर पेंटा कैमरा सेटअप दिया गया है जो उपरी दाईं ओर स्थित है। इस कैमरा सेटअप में एक वर्टिकल लाईन में तीन कैमरा सेंसर दिए गए हैं तथा दूसरी वर्टिकल लाईन में दो कैमरा सेंसर और एक फ्लैश लगी है। सैमसंग गैलेक्सी एस20प्लस के रियर पैनल पर कोई भी फिंगरप्रिंट सेंसर नहीं दिया गया है जो ईशार करता है कि यह फोन इन-डिसप्ले फिंगरप्रिंट सेंसर सपोर्ट करेगा।
Samsung Galaxy S20+ की फोटो में फोन की ऑन डिसप्ले दिखाई गई है जिसपर Samsung Galaxy S20+ 5G और पावर्ड बाय एंडरॉयड लिखा हुआ है। वहीं फोन के बाएं पैनल पर वाल्यूम रॉकर तथा पावर बटन दिया गया है। रोचक बात यह है कि फोन के साईड पैनल्स पर बिक्सबे बटन नहीं दिखाया गया है जिससे माना जा सकता है कि सैमसंग अपनी गैलेक्सी एस20 सीरीज़ में बिक्सबे बटन नहीं देगी।
Samsung Galaxy Bloom
कंपनी द्वारा आयोजित मीटिंग से गैलेक्सी ब्लूम की एक फोटो भी लीक हुई है जिसमें फोन को दिखाया गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार Galaxy Bloom में 13.3 इंच की लंबी डिसप्ले दी जाएगी जो अंदर की तरफ फोल्ड होगी। फोटो में फोन के बैक पैनल पर कैमरा सेटअप भी नज़र आ रहा है जो उपरी दाईं ओर हॉरिजॉन्टल शेप में स्थित है। इस कैमरा सेटअप में दो कैमरा सेंसर शामिल होने की उम्मीद है। फोटो देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि Samsung Galaxy Bloom को फोल्ड करने के बाद इसकी डिसप्ले का उपरी हिस्सा थोड़ा बाहर निकला रहेगा और शायद इस पर टाईम व अन्य नोटिफिकेशन्स विजिबल रहेगी। बहरहाल Galaxy Bloom को लेकर अभी कुछ भी पुख्ता कहना थोड़ा मुश्किल है, इसके लिए Samsung की घोषणा का इंतजार करना होगा।
चर्चा है कि सैमसंग गैलेक्सी एस20 सीरीज़ के तहत कंपनी द्वारा Samsung Galaxy S20, Samsung Galaxy S20+, Samsung Galaxy S20 5G और Samsung Galaxy S20+ 5G स्मार्टफोन लॉन्च किए जाएंगे और जल्द ही कंपनी इन स्मार्टफोंस को टीज़ करना शुरू कर सकती है।



















