
आज बाजार में ऐसे स्मार्ट डिवाईस मौजूद हैं जो न सिर्फ यूजर को उनकी सेहत व फिटनेस की जानकारी देते हैं बल्कि साथ ही सही जीवनशैली के तरीके व ट्रिक्स भी बताते हैं। एप्पल ने जहां अपने डिवाईस में ईसीजी ट्रैक करने की तकनीक दी थी, तो वहीं कई टेक कंपनियां फिटनेस बैंड व स्मार्ट वॉच के जरिये फुट स्टेप्स, हार्ट रेट व बर्न कैलोरी जैसी शारीरिक गतिविधियां ट्रेक करती है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि एक ऐसा स्मार्टफोन भी होगा जो यह बता पाएगा कि आपने कितनी शराब पी है? आपको बता दें कि यह ख्याल अब हकिकत बनने वाला है। और इस अनूठी और शानदार तकनीक को लाने वाली टेक कंपनी है सैमसंग।
सैमसंग ने एक ऐसी तकनीक का पेटेंट कराया है जो आपको यह बताएगी कि आपने कितनी शराब पी है। दरअसल सैमसंग की यह तकनीक उसके फोन में नहीं बल्कि फोन के साथ आने वाले ‘एस पेन’ में होगी। सैमसंग अपने गैलेक्सी नोट डिवाईस के साथ एस पेन भी देती है और यही डिवाईस गैलेक्सी नोट सीरीज़ को खास बनाता है। पिछले साल लॉन्च हुए गैलेक्सी नोट 9 में एस पेन को कंपनी ने आॅफ स्क्रीन नोट, स्मार्ट नोट, एयर कमांड जैसे फीचर्स से लैस किया था जिसका यूज़ म्यूजिक सुनने के दौरान में रिमोर्ट की तरह भी किया जा सकता है। वहीं सैमसंग के आने वाले नोट डिवाईस में Breathalyzer देखने को मिलेगा।

बताएगा कितनी शराब पी
पेटेंट से पता चला है कि गैलेक्सी नोट के साथ आने वाले एस पेन को Breathalyzer तकनीक से लैस किया जाएगा। सबसे पहले तो आपको बता दें कि Breathalyzer ही वह डिवाईस होता है जो खून में मौजूद शराब की मात्रा को नापता है। आमतौर पर पुलिस वाले वाहन चालकों ने शराब पी है या नहीं, Breathalyzer डिवाईस के जरिये ही मापते हैं। सैमसंग कंपनी आने वाले वक्त में गैलेक्सी नोट डिवाईस के साथ आने वाले एस पेन को इस खास तकनीक से लैस करने वाली है। यह भी पढ़ें : PUBG खेलने से रोका तो 16 साल के लड़के ने लगाई फांसी
सिर्फ इतना ही नए एस पेन के इस पेटेंट में यह खुलासा भी हुआ है कि गैलेक्सी नोट डिवाईस के साथ आने वाला यह एसपेन फोल्ड भी हो सकेगा। अब तक लॉन्च हुए सभी एस पेन जहां कलम की तरह सीधे होते हैं वहीं आने वाले इस एस पेन को मोड़ा भी जा सकेगा। पेटेंट के साथ लीक हुई फोटो में दिखाया गया है कि यह पेन नीचे की ओर से मुड़ जाएगा जिसके बाद इसकी शेप किसी हैडफोन में लगे माइक की तरह हो जाएगी।
ऐसे करेगा काम
मुड़ने के बाद इस एस पेन का जो हिस्सा मुंह यानि होठों के सामने आएगा, उसी पार्ट पर बिल्ट इन गेस सेंसर लगा होगा। जब भी आप सांस बाहर की ओर फूंकेंगे, यह डिवाईस आपकी सांसों को ट्रांसमिट कर सेंसर माड्यूल के जरिये Breathalyzer तक पहुंचाएगा तथा उसे स्केन कर बता देगा कि आपने कितनी शराब पी है और कितनी मात्रा में आपके खून के अंदर मौजूद है। इस डिवाईस के जरिये आप जान पाएंगे कि आपने तय लिमिट से ज्यादा शराब पी है या नहीं। Breathalyzer की बदौलत आप यह भी तय कर पाएंगे कि आपको खुद गाड़ी चलानी चाहिए या नहीं।
ये फीचर्स भी होंगे शामिल
सैमसंग गैलेक्सी नोट डिवाईस के साथ आने वाला यह एस पेन फोन के साथ माइक का काम भी करेगा। यानि फोन पर बात करने के दौरान इस एस पेन के जरिये ही आपकी आवाज दूसरे व्यक्ति तक जाएगी। गौरतलब है कि सैमसंग यदि एस पेन में माइक देगी तो हो सकता है कि आने वाले गैलेक्सी नोट में माइक न मिले। बहरहाल सैमसंग का यह पेटेंट आज की नहीं बल्कि पहले ही जो इन दिनों चर्चा में छाया है। देखना यह है कि सैमसंग कब तक अपने इस एडवांस फीचर्स वाले एस पेन तथा गैलेक्सी नोट डिवाईस को बाजार में उतारती है।




















