
पिछले कुछ दिनों से सैमसंग के फोंस की काफी चर्चा है। खबर है कि कंपनी जल्द ही गैलेक्सी एम30एस, गैलेक्सी ए50एस और गैलेक्सी ए30एस सहित कई फोन को लॉन्च कर सकती है। वहीं आज हमें सैमसंग फोन के बारे में कुछ खास जानकारियां मिली हैं। 91मोबाइल्स को मिली जानकारी के अनुसार सैमसंग जल्द ही अपने कई फोंस की कीमत में भारी कटौती कर सकती है खास कर ए सीरीज और एम सीरीज के सभी फोंस पर। कंपनी यह ऑफर दिवाली से पहले देने की तैयारी कर रही है। हमें यह जानकारी इंडस्ट्री के ऐसेे श्रोत से मिली है जो सैमसंग प्लानिंग और योजनाओं में काफी लंबे समय से जुड़े हुए हैं।
उन्होंने हमें बताया कि ”सैमसंग द्वारा फोन की कीमत कम करने के दो कारण हैं। एक कि दिवाली के दौरान भारत में सबसे ज्यादा खरीदारी होती है और इस दौरान आॅफर के साथ कंपनी ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ना चाहती है। वहीं दूसरा और बड़ा कारण है ए सीरीज और एम सीरीज में नए फोंस का आना। जल्द ही पूरी गैलेक्सी ए और एम सीरीज की पोर्टफोलियो बदलने वाली है और इन फोंस का प्राइस वही होगा जिस पर ये पुराने फोंस अभी बिक रहे हैं। ऐसे में पुराने फोन की कीमत को कम कर कंपनी उनके स्थान पर नए फोन को रखेगी।”
इस बात की पूष्टी इससे भी होती है कि हाल में सैमसंग के सिनियर वाइस प्रसिडेंट, स्मार्टफोन बिजनेस, असीम वारसी ने 91मोबाइल्स के साथ साक्षात्कार में कहा था कि ”अगले कुछ हफ्तो में हमने भारत में सिर्फ ऑनलाइन स्टोर के माध्यम से 2 मिलियन फोन बेचने का लक्ष्य निर्धारित किया है जो लगभग 3,000 करोड़ के बराबर होगा। इस ऑनलाइन बिजनेस में वैसे तो सैमसंग के सभी फोन मॉडल सम्मीलित होंगे लेकिन मुख्य रूप से सैमसंग गैलेक्सी एम सीरीज का योगदान होगा।”
हालांकि उन्होंने सिर्फ ऑनलाइन के बारे में बात की थी लेकिन आप समझ सकते हैं कि आज भी सैमसंग मोबाइल्स के कुल सेल में आॅफलाइन का योगदान ज्यादा बड़ा है। ऐसे में ऑफलाइन में कंपनी की तैयारी और भी बड़ी होगी।
जानकारी के अनुसार सैमसंग द्वरा गैलेक्सी ए50, गैलेक्सी ए30, गैलेक्सी ए20, गैलेक्सी ए10, गैलेक्सी एम20, गैलेक्सी एम30 और गैलेक्सी एम10 की कीमत में कमी करने वाली है। इसके साथ ही पुराने फोन जैसे गैलेक्सी एस10 और एस10 प्लस, गैलेक्सी एस9 और एस9 प्लस सहित कई फोंस शामिल हैं।


















