
अप्रैल महीना दर्जनों नए मोबाइल फोंस के लाॅन्च का गवाह बना है और इस महीने के आखिरी सप्ताह में भी कई बड़े फोन इंडिया में लाॅन्च के लिए तैयार बैठे हैं। परंतु पिछले साल कोरोना की मार झेल चुका टेक बाजार अब फिर से इस महामारी से बिगड़े हालातों में फंसता नज़र आ रहा है। हमेें मिली एक्सक्लूसिव खबर के अनुसार आने वाले दिनों में कई बड़े मोबाइल लाॅन्च टाले जा सकते हैं जिनमें Realme GT Neo और Vivo V21 जैसे नाम शामिल हैं। 91मोबाइल्स को यह जानकारी के ऐसे सोर्स से मिली है जो लम्बे समय से मोबाइल इंडस्ट्री से जुड़े हैं।

हमेें मिली जानकारी के अनुसार कोरोना के बढ़ते प्रकोप और राजधानी दिल्ली व नोएडा सहित देश के अन्य ईलाकों में लगाए जा रहे सिलसिलेवार लाॅकडाउन की वजह से मोबाइल प्रोडक्शन पर असर पड़ना शुरू हो गया है। प्रोडक्शन में आ रही मंदी के चलते कई टेक ब्रांड्स की प्लानिंग व मैनेजमेंट गड़बड़ा गए हैं और इसका सीधा असर स्मार्टफोंस के लाॅन्च और उनकी सेल पर पड़ेगा। बताया गया है कि कई बड़े ब्रांड आने वाले दिनों में आयोजित होने वाले स्मार्टफोन लाॅन्च को स्थगित कर सकते हैं। इन ब्रांड्स में सबसे पहले Vivo और Realme जैसे नाम सामने आए हैं।
इन कंपनियों का है प्रोडक्शन है दिल्ली/एनसीआर में
उत्तर प्रदेश के नोएडा व ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में कई बड़ी मोबाइल कंपनियां अपने प्रोडक्ट्स का निर्माण करती है। इनमें Samsung, Vivo, OPPO, Realme व Infinix समेत कई ब्रांड्स शामिल है। दिल्ली में फिलहाल एक सप्ताह का लाॅकडाउन लगा दिया गया है और दिल्ली से सटे होने के चलते यूपी के इन प्रोडक्शन प्लांट्स पर भी सीधा असर पड़ा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मोबाइल फोंस के उत्पादन में कमी आ रही है और इसकी वजह से मार्केट में उतारा जाने वाला स्टाॅक पर्याप्त मात्रा में नहीं है। यह भी पढ़ें: क्या है 5G, कितना तेज होगा इंटरनेट, जानें इसकी स्पीड
कौन से फोन होने वाले हैं लॉन्च
अप्रैल की शुरुआत से ही लॉन्च की झड़ी लगी थी और महीने के अंत में भी कई फोन लॉन्च होने वाले थे। परंतु अब हो सकता है कि इन लॉन्चेज को आगे शिफ्ट कर दिया जाए। हाल में लॉन्च होने वाले फोन में सबसे पहला नाम वीवो ब्रांड iQOO का है। हालांकि इस फोन को लॉन्च किया जा सकता है। परंतु इसके बाद Realme GT Neo, Vivo V21, Samsung Galaxy M42 5G, Samsung का ही Galaxy A52 5G, Galaxy F52, Xiaomi का Redmi Note 10s और Redmi 10 सीरीज जैसे फोन आने वाले थे। इन फोंस की लॉन्च डेट या फिर सेल डेट को शिफ्ट किया जा सकता है।
कम होंगे स्टॉक
अगर हालातों से जूझते हुए स्मार्टफोन ब्रांड अपने मोबाइल फोंस को मार्केट में लॉन्च कर देते हैं तो भी हो सकता है कि आने वाले दिनों में मोबाइल फोंस की सेल पर असर दिखाई देने लगे। प्रोडक्शन की धीमी गति के चलते स्टाॅक की कमी देखने को मिल सकती है और इसकी वजह से ही बाजार में स्मार्टफोन की खरीदारी का इंतजार लंबा हो सकता है। याद दिला दें कि पिछले साल भी कोरोना वायरस के चलते कई मोबाइल कंपनियों ने अपने स्मार्टफोन लाॅन्च कैंसिल करने पड़े थे।



















