Vivo X300 FE की कीमत में हुआ 3,000 रुपये का इजाफा, अब इतने में मिलेगा फोन

Vivo ने अपने प्रीमियम स्मार्टफोन Vivo X300 FE की कीमत में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी ने फोन के दोनों स्टोरेज वैरियंट की कीमत में 3,000 रुपये का इजाफा किया है। इसके साथ ही खबर है कि X300 FE का नया वैरियंट भी पेश हो सकता है। जो कम कीमत में उपलब्ध कराया जा सकता है। बताया गया है कि नया मॉडल 8GB RAM और 256GB स्टोरेज के साथ आने की उम्मीद है। आइए, आगे प्राइस हाइक और अन्य डिटेल्स जानते है।
Vivo X300 FE की नई कीमत
Vivo X300 FE का 12GB RAM और 256GB स्टोरेज वैरियंट अब 89,999 रुपये में मिलेगा। इससे पहले इसकी कीमत 86,999 रुपये थी। यानी फोन की कीमत में 3,000 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। खास बात यह है कि मई में लॉन्च के समय इस मॉडल की शुरुआती कीमत 79,999 रुपये थी। इस तरह लॉन्च के बाद से कुल 10,000 रुपये बढ़ चुके हैं।
Vivo X300 FE के टॉप मॉडल 12GB RAM और 512GB स्टोरेज की बात करें तो यह पहले 96,999 रुपये में सेल हो रहा था। जो अब 99,999 रुपये का हो गया है। इस पर भी फिलहाल 3,000 रुपये बढ़ाए गए हैं। यह लॉन्च के समय 89,999 रुपये की शुरुआती कीमत में आया था। यानी अब तक इसमें भी 10,000 रुपये की बढ़ोतरी हो गई है।
नया 8GB RAM लीक
रिपोर्ट्स के अनुसार Vivo X300 FE का नया 8GB RAM और 256GB स्टोरेज ऑप्शन भी आ सकता है। इसकी कीमत 84,999 रुपये रखी जा सकती है। ऐसे यूजर्स जो X300 FE का कॉम्पैक्ट डिजाइन, कैमरा और फ्लैगशिप हार्डवेयर चाहते हैं, लेकिन 90,000 रुपये के करीब खर्च नहीं करना चाहते हैं। उनके लिए नया विकल्प सही साबित हो सकता है।
Vivo X300 FE के स्पेसिफिकेशंस
Vivo X300 FE में 6.31 इंच का कॉम्पैक्ट LTPO AMOLED डिस्प्ले दिया गया है। यह स्क्रीन 1.5K रिजॉल्यूशन और 120Hz तक के डायनामिक रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है। इसकी वजह से फोन में स्मूथ स्क्रॉलिंग के साथ बेहतर पावर एफिशिएंसी मिलती है।
परफॉरमेंस के लिए Vivo X300 FE स्मार्टफोन में Snapdragon 8 Gen 5 प्रोसेसर दिया गया है। जो गेमिंग और हैवी टास्क के लिए दमदार अनुभव देता है। फोन में 6,500mAh की बड़ी बैटरी मिलती है। इसे 90W वायर्ड FlashCharge और 40W वायरलेस FlashCharge का सपोर्ट दिया गया है।
फोटोग्राफी के लिए Vivo X300 FE में ZEISS लेंस वाला ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। इसमें OIS के साथ 50 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा मिलता है। इसके साथ 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड कैमरा और 50 मेगापिक्सल Sony IMX882 3x पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा दिया गया है। फोन टेलीफोटो एक्सटेंडर किट को भी सपोर्ट करता है, जो इसे फोटोग्राफी पसंद करने वाले यूजर्स के लिए खास बनाता है।
Vivo X300 FE की कीमत में बढ़ोतरी ऐसे समय हुई है जब इस सेगमेंट में कई दमदार विकल्प मौजूद हैं। लगभग 85,000 से 90,000 रुपये के प्राइस सेगमेंट में ग्राहक Samsung Galaxy S26, OnePlus 15 और OPPO Find X9 जैसे स्मार्टफोंस भी देख सकते हैं। हम आपको आगे भी कीमत में उतार-चढ़ाव होने पर डिटेल्स देते रहेंगे। 91मोबाइल्स के साथ बने रहें।