Vivo X300s हुआ कंफर्म, 200MP कैमरा और 144Hz डिस्प्ले के साथ जल्द होगा लॉन्च

https://static.hub.91mobiles.com/multisite/wp-content/uploads/sites/7/2026/03/vivo-x300s-launch-china-confirmed-specs.jpg

Vivo जल्द ही अपना Vivo X300s फोन लॉन्च कर सकता है। दरअसल पूर्व में सामने आया था कि Vivo X300 Ultra के साथ एक और नया मॉडल Vivo X300 Max भी लॉन्च हो सकता है। यहां तक कि इस कथित फोन को हाल ही में Mobile World Congress 2026 के दौरान एक कॉन्फिडेंशियल केस में भी देखा गया था। वहीं, अब कंपनी की ओर पुष्टि हुई है कि आगामी डिवाइस X300s होगा। आइए, आगे डिटेल्स जानते हैं।

Vivo के प्रोडक्ट मैनेजर Han Boxiao ने कंफर्म किया है कि कंपनी Vivo X300 Max मॉडल को लॉन्च नहीं करेगी। इसके बजाय वही डिवाइस बाजार में Vivo X300s नाम से पेश किया जाएगा। उन्होंने फोन के नाम और इसके कुछ प्रमुख फीचर्स के बारे में भी जानकारी दी है। इस फोन को पहले “Max” नाम देने की चर्चा हुई थी क्योंकि इसमें बड़े स्तर के अपग्रेड मिलने थे। हालांकि अब कंपनी ने अपनी X-सीरीज के पैटर्न को बनाए रखते हुए “S” नाम को ही चुनने का फैसला किया है। जैसा कि पहले भी X-सीरीज के मॉडल्स में देखा गया है।

रिपोर्ट के अनुसार Vivo X300s खास तौर पर उन यूजर्स को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है जो बड़ा डिस्प्ले वाला फ्लैगशिप स्मार्टफोन चाहते हैं, लेकिन कैमरा क्वालिटी भी शानदार चाहते हैं। हाल के समय में कई कैमरा-फोकस्ड स्मार्टफोन कॉम्पैक्ट स्क्रीन के साथ आने लगे हैं, लेकिन यह फोन बड़े डिस्प्ले और मजबूत कैमरा सेटअप वाला होगा।

कंपनी के अनुसार इस फोन के आखिर में S का मतलब “SuperMax” है, जो कई मामलो में अपग्रेड दे सकता है। कंपनी का कहना है कि यह मॉडल Vivo X300 Ultra के साथ लाइनअप में मौजूद रहेगा और ग्राहकों को फ्लैगशिप खूबियां और दमदार फोटोग्राफी का अनुभव देगा।

डिस्प्ले की बात करें तो आगामी Vivo X300s में 6.78 इंच का BOE Q10 Plus पैनल दिया जाएगा। जो 144Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करेगा। यह X-सीरीज का पहला स्मार्टफोन होगा जिसमें इतना ज्यादा रिफ्रेश रेट मिल सकता है। इसके अलावा इसमें कुछ MOBA गेम्स के लिए 144FPS तक नेटिव गेमप्ले सपोर्ट मिलने की बात भी कही गई है। डिस्प्ले में Zeiss कलर ट्यूनिंग और सर्कुलर पोलराइजेशन टेक्नोलॉजी का उपयोग किया जाएगा। जिससे आंखों के लिए स्क्रीन ज्यादा सही रहे।

ऑडियो अनुभव को बेहतर बनाने के लिए Vivo X300s फोन में सिमेट्रिक 1115 डुअल स्पीकर्स दिए जाएंगे। इसमें बेहतर एम्पलीफायर और नए ऑडियो एल्गोरिदम का इस्तेमाल किया जाएगा। जिससे साउंड फील्ड ज्यादा वाइड और स्पष्ट होगा। कंपनी का कहना है कि गेमिंग के दौरान फुटस्टेप्स या गनफायर जैसी आवाजें ज्यादा साफ सुनाई देंगी, जिससे गेम खेलने वालों को आसानी होगी।

Vivo X300s फोन में एक बड़ा कस्टम 4D वाइब्रेशन मोटर भी दिया जाएगा, जो ज्यादा मजबूत और डिटेल्ड हैप्टिक फीडबैक प्रदान कर सकता है। बताया जा रहा है कि यह मोटर 10 से ज्यादा लोकप्रिय मोबाइल गेम्स में बेहतर वाइब्रेशन इफेक्ट्स सपोर्ट कर सकता है। जिससे गेमिंग के दौरान यूजर्स को ज्यादा रियलिस्टिक अनुभव मिल सकता है। कंपनी का दावा है कि यह X-सीरीज में अब तक दिया गया सबसे बड़ा और पावरफुल वाइब्रेशन मोटर होगा।

कैमरा में भी Vivo X300s फोन खास होने वाला है। Han Boxiao ने पुष्टि की है कि Vivo X300s में Zeiss ब्रांडेड 200 मेगापिक्सल इमेज सेंसर दिया जाएगा। हालांकि उन्होंने अन्य कैमरा डिटेल्स शेयर नहीं की है।

पूर्व रिपोर्ट्स के अनुसार Vivo X300s फोन में ट्रिपल कैमरा सेटअप मिल सकता है, जिसमें 50 मेगापिक्सल का पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा शामिल हो सकता है। परफॉरमेंस के लिए इसमें MediaTek Dimensity 9500 प्रोसेसर दिए जाने की उम्मीद है। इसके अलावा फोन में लगभग 7,000mAh की बड़ी बैटरी मिल सकती है, जो 90W वायर्ड और 40W वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट कर सकती है।

सॉफ्टवेयर के तौर पर Vivo X300s स्मार्टफोन OriginOS 6 पर आधारित Android 16 के साथ आ सकता है। वहीं, सुरक्षा और मजबूती के लिए इसमें IP68 और IP69 रेटिंग मिलने की भी उम्मीद है। जिससे यह फोन धूल और पानी से बेहतर सुरक्षा प्रदान कर सकता है।

बताते चलें कि फिलहाल Vivo ने Vivo X300s की लॉन्च डेट को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन माना जा रहा है कि इसे जल्द ही Vivo X300 Ultra के साथ पेश किया जा सकता है। इसलिए आगे अपडेट के लिए 91मोबाइल्स के साथ बने रहें।