HONOR Magic9 Lite Plus स्मार्टफोन 9530mAh बैटरी और 108MP कैमरा इटली की शॉपिंग साइट पर लिस्ट

ऑनर ने अभी तक आधिकारिक तौर पर Honor Magic9 Lite Plus अनाउंस नहीं किया है लेकिन ब्रांड की घोषणा से पहले ही यह मैजिक सीरीज का 5जी फोन इटली की रिटेलर वेबसाइट MediaWorld पर लिस्ट हो गया है। इस लिस्टिंग में फोन की कीमत और कई अहम स्पेसिफिकेशन्स सामने आ गई हैं। इटालियन शॉपिंग साइट से मिली जानकारी के अनुसार यह फोन Snapdragon 6 Gen 5 प्रोसेसर, 9530mAh बैटरी और 108MP कैमरा सपोर्ट करता है।
Honor Magic9 Lite Plus प्राइस
रिटेलर लिस्टिंग में ऑनर मैजिक 9 लाइट प्लस स्मार्टफोन को सिंगल वेरिएंट में ही दिखाया गया है। इस मोबाइल में 8GB RAM + 256GB Storage दी गई है। इटली की रिटेलर साइट पर इस स्मार्टफोन की कीमत 699.90 यूरो रखी गई है। भारतीय करंसी के हिसाब से यह प्राइस 73,000 रुपये के करीब है। फिलहाल फोन की आधिकारिक लॉन्च डेट या भारत में इसकी उपलब्धता को लेकर कोई जानकारी नहीं मिली है। लिस्टिंग में सामने आए फोन प्राइस को ब्रांड की ऑफिशियल अनाउंसमेंट तक इस कीमत को पुख्ता करार नहीं दिया जाएगा।
Honor Magic9 Lite Plus स्पेसिफिकेशन्स
मीडियावर्ल्ड की लिस्टिंग के अनुसार ऑनर मैजिक 9 लाइट प्लस 5जी फोन में Qualcomm Snapdragon 6 Gen 5 प्रोसेसर दिया गया है। 4 नैनोमीटर फैब्रिकेशन्स पर बना ऑक्टा-कोर प्रोसेसर है जो 2.6गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। रिटेलर साइट पर इस स्मार्टफोन को 9,530mAh बैटरी के साथ लिस्ट किया गया है जिसे तेजी से चार्ज करने के लिए 80W फास्ट चार्जिंग तकनीक का सपोर्ट भी मौजूद है। रिटेलर साइट के मुताबिक सिंगल चार्ज में फोन की बैटरी तीन दिन तक का बैकअप दे सकती है।
Honor Magic9 Lite+ 5G फोन में फोटोग्राफी के लिए डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। लिस्टिंग के अनुसार यह मोबाइल 108 मेगापिक्सल का मेन सेंसर सपोर्ट करता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 16 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा लगाया गया है। सामने आई लिस्टिंग के अनुसार यह इस मोबाइल में 6.8-इंच की AMOLED डिस्प्ले दी गई है जिस पर 120Hz रिफ्रेश रेट और 10000nits पीक ब्राइटनेस का सपोर्ट मिलेगा। वहीं रिटेलर साइट पर ऑनर मैजिक 9 लाइट+ स्मार्टफोन को IP69 और IP69K रेटिंग से लैस दिखाया गया है।
Honor Magic9 Lite Plus अभी कंपनी की ओर से ऑफिशियली अनाउंस नहीं किया गया है। ऐसे में स्मार्टफोन की प्राइस रेंज पर कुछ पुख्ता तौर पर कहना मुश्किल है। रिटेल साइट के हिसाब से आने वाले दिनों में यह मोबाइल ग्लोबल मार्केट में 70 हजार रुपये तक की रेंज में सेल के लिए उपलब्ध कराया जा सकता है। मार्केट में इन दिनों बड़ी बैटरी वाले फोन पेश किए जा रहे हैं। मैजिक9 लाइट+ भी 9,530mAh बैटरी के साथ इसी ट्रेंड का हिस्सा नजर आता है। फोन स्पेसिफिकेशन्स को देखकर माना जा सकता है कि ऑनर इस फोन के जरिए ऐसे ग्राहकों को टारगेट करने की कोशिश में है जो लंबी बैटरी लाइफ के साथ-साथ कैमरा और परफॉर्मेंस को भी प्राथमिकता देते हैं।
भारतीय ग्राहकों के लिए फिलहाल ऑनर मैजिक 9 लाइट+ का इंतजार करना थोड़ा जल्दबाजी हो सकती है। क्योंकि यह मोबाइल अभी तक आधिकारिक तौर पर ग्लोबली लॉन्च नहीं हुआ है और इंडिया में भी उपलब्धता की पुष्टि नहीं है। अगर इसी की प्राइस रेंज का नया स्मार्टफोन खरीदना चाहते हैं तो OPPO Reno 16, Google Pixel 11, Samsung Galaxy S26 FE और Infinix GT 50 Pro सहित 16GB RAM वाले OnePlus 15R को चेक कर सकते हैं। Honor Magic9 Lite+ की वास्तविक कीमत और बाकी फीचर्स सामने आने के बाद ही इसकी तुलना सही तरीके से की जा सकेगी।