Vivo Y11s 5G फोन की फोटो और स्पेसिफिकेशन्स लीक, 6500mAh बैटरी और 120Hz के साथ हो सकता है इंडिया में लॉन्च

टेक ब्रांड वीवो भारत में अपनी वाई-सीरीज का नया स्मार्टफोन vivo Y11s 5G जल्द लॉन्च कर सकती है। इस मोबाइल की डिटेल्स इंटरनेट पर लीक हो गई है। कंपनी की ओर से हालांकि अभी तक वीवो वाई11एस 5जी फोन से जुड़ी कोई ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं की गई है लेकिन टिपस्टर सुधांशु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस अपकमिंग वीवो 5जी फोन की रेंडर इमेज और स्पेसिफिकेशन्स की जानकारी शेयर कर दी है। लीक के अनुसार वीवो वाई11एस 5जी फोन MediaTek Dimensity 6300 प्रोसेसर पर लाया जा सकता है जिसके साथ बड़ी 6,500mAh बैटरी दी जा सकती है। टिपस्टर के मुताबिक vivo Y11s 5G दिसंबर में भारत में लॉन्च हो सकता है लेकिन अभी आधिकारिक लॉन्च डेट घोषित नहीं हुई है।
vivo Y11s 5G स्पेसिफिकेशन्स (लीक)
स्पेसिफिकेशन्स की बात पहले करें तो सामने आए लीक के मुताबिक वीवो वाई11एस 5जी फोन को MediaTek Dimensity 6300 चिपसेट के साथ इंडिया में लॉन्च किया जा सकता है। यह 6 नैनोमीटर फैब्रिकेशन्स पर बना ऑक्टा-कोर प्रोसेसर है जो 2.4GHz तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। गौरतलब है कि यह मोबाइल सीपीयू अप्रैल 2024 में अनाउंस हुआ था। अब दिसंबर 2026 के फोन में भी इसी प्रोसेसर को दिया जाना कुछ वीवो फैंस को निराश कर सकता है।
लीक के मुताबिक vivo Y11s 5G फोन को 4GB RAM पर लॉन्च किया जा सकता है जिसके साथ 128GB Storage दी जा सकती है। यह मोबाइल OriginOS 6 के साथ भारतीय बाजार में दस्तक दे सकता है। वहीं पावर बैकअप के लिए इस अपकमिंग 5जी फोन में 6,500mAh बैटरी दी जा सकती है और स्मार्टफोन को तेजी से चार्ज करने के लिए इसे 44W फास्ट चार्जिंग से लैस किया जा सकता है।
स्क्रीन की बात करें तो लीक के अनुसार वीवो वाई11एस 5जी फोन को 1600 × 720 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.74 इंच की एचडी+ डिस्प्ले पर लॉन्च किया जा सकता है। यह वॉटरड्रॉप नॉच स्टाइल वाली स्क्रीन एलसीडी पैनल पर बनी बताई गई है जिसपर 120Hz रिफ्रेश रेट का सपोर्ट दिया जा सकता है। लीक के मुताबिक वाई11एस 5जी फोन IP65 रेटिंग से लैस होगा जो इसे हल्की-फुल्की पानी की बौछारों से बचाने में मदद करेगी।
फोटोग्राफी के लिए vivo Y11s 5G फोन को डुअल रियर कैमरा सेटअप पर लाया जा सकता है। लीक के अनुसार मोबाइल के बैक पैनल पर एलइडी फ्लैश से लैस 13 मेगापिक्सल का मेन सेंसर दिया जा सकता है जिसके साथ 0.08 मेगापिक्सल का सेकेंडरी सेंसर मिल सकता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इस वीवो 5जी फोन में 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा देखने को मिल सकता है। लीक में कहा गया है कि फोन अनलॉकिंग के लिए इसके साइड फ्रेम पर फिंगरप्रिंट सेंसर एम्बेडेड बटन दिया जा सकता है।
vivo Y11s 5G डिजाइन (लीक)
वीवो वाई11एस 5जी फोन की लीक हुई फोटो में फोन की लुक और डिजाइन की भी जानकारी मिली है। सामने आई रेंडर इमेज में इस मोबाइल को वॉटरड्रॉप नॉच स्टाइल वाली स्क्रीन पर बना दिखाया गया है। ऊपर लगी फोटो में आप देख सकते हैं कि इस स्मार्टफोन में फ्लैट फ्रेम का इस्तेमाल किया गया है और स्क्रीन के चारों ओर बेजल्स नज़र आ रहे हैं। मोबाइल का बैक पैनल भी सपाट है और इसके ऊपरी दाईं ओर लगे रियर कैमरा सेटअप में दो बड़े रिग्स के साथ फ्लैश लाइट लगाई गई है। बैक पैनल पर नीचे की ओर vivo की ब्रांडिंग मौजूद है। वहीं साइड फ्रेम पर वॉल्यूम रॉकर और पावर बटन लगा हुआ है। लीक हुई रेंडर इमेज में vivo Y11s 5G फोन White और Dark Blue कलर शेड्स में दिखाया गया है।
vivo Y11s 5G इंडिया लॉन्च की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन यह मोबाइल बीते दिनों V2669 मॉडल नंबर के साथ BIS पर भी स्पॉट किया जा चुका है। लीक हुई स्पेसिफिकेशन्स को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि वीवो वाई11एस 15 हजार से 20 हजार रुपये की रेंज में लॉन्च किया जा सकता है। इस बजट में बड़ी बैटरी वाले 5जी फोन की डिमांड करने वाले ग्राहकों को Y11s 5G पसंद आ सकता है। हालांकि, स्मार्टफोन का 13MP कैमरा और दो साल पुराना Dimensity 6300 प्रोसेसर कई वीवो फैंस को निराश भी कर सकता है। बहरहाल vivo Y11s 5G फोन की कन्फर्म स्पेक्स और प्राइस के लिए अभी कंपनी की ऑफिशियल अनाउंसमेंट का इंतजार करना होगा।
वीवो वाई11एस 5जी की लीक हुई स्पेसिफिकेशन्स को देखते हुए अंदाजा लगाया जा रहा है कि इस स्मार्टफोन के साथ वीवो उन कस्टमर्स को टारगेट करेगी जो मोबाइल का अधिकांश इस्तेमाल वीडियोज़ देखने व सोशल मीडिया पर बिताते हैं। बड़ी 6,500mAh बैटरी के साथ वीवो वाई11एस 5जी फोन लंबा बैकअप दे सकता है। बड़ी बैटरी वाला 5जी फोन चाहने वाले लोगों को यह पसंद आ सकता है। वहीं जो लोग फोन में हैवी गेमिंग या फोटोग्राफी का ज्यादा शौक रखते हैं उन्हें यह निराश कर सकता है। vivo Y11s 5G कंपनी द्वारा मार्च महीने में लॉन्च किए vivo Y11 5G फोन को रिप्लेस कर सकता है जिसका 4GB+128GB मेमोरी वेरिएंट फिलहाल 22,499 रुपये में बिक रहा है।
vivo Y11s 5G फोन अगर लीक हुई स्पेसिफिकेशन्स के साथ 20 हजार तक के बजट में लॉन्च होता है तो इसकी टक्कर Ai+ Nova 2 Power 5G, iQOO Z11 Lite 5G और POCO M8x 5G फोन से हो सकती है। ये तीनों मोबाइल 15 से 20 हजार की रेंज में बड़ी बैटरी देते हैं। एआई+ नोवा 2 पावर में MediaTek Dimensity 7100 और 48MP कैमरा लगा है। आइकू ज़ेड11 लाइट 50MP कैमरा और Dimensity 6300 सपोर्ट करता है। वहीं पोको एम8एक्स Snapdragon 4 Gen 5 प्रोसेसर के साथ बड़ी 7,900mAh बैटरी से लैस है।