
प्यार की तलाश में अगर आप भी डेटिंग साइट तक पहुंच गए हैं तो आपको यह खबर हैरान कर सकती है। दरअसल, प्यार की जगह धोखा देने वाली डेटिंग साइट्स ने अपना काम बंद नहीं किया है। कुछ समय पहले मुंबई से एक खबर सामने आई थी, जहां 79 साल के बुजुर्ग को ई-डेटिंग फ्रॉड में 1.5 करोड़ रुपए की चपत लगी। वहीं, अब जानकारी सामने आई है कि अब 65 साल के एक व्यक्ति को डेटिंग साइट पर इनरॉल कराने के बहाने जालसाजों ने 73.5 लाख रुपए ऐंठ लिए हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो धोखाधड़ी करने वाले एक गिरोह ने 65 साल के बुजुर्ग को Locanto डेटिंग सर्विसेज ऐंड स्पीड डेटिंग की मेंबरशिप ऑफर की थी। इसमें दावा किया कि वह मेंबर की चुनी गई लोकेशन पर डेट्स के लिए गर्ल्स भेजते हैं। व्यक्ति ने रजिस्ट्रेशन और दूसरी फीस का भुगतान कर दिया। लेकिन, जब फीस देने के बाद भी उन्हें जब कुछ ठीक नहीं लगा तो उन्होंने मेंबरशिप कैंसल करने की मांग की।
इसके बाद जालसाजों ने बढ़ा-चढ़ाकर कैंसलेशन चार्ज मांगे वहीं, व्यक्ति डराने और पैसे ऐंठने के लिए जालसाजों ने लीगल नोटिस भी भेजे। इसके बाद डर के कारण व्यक्ति ने अलग-अलग बैंक खातों में 73.5 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए।
हालांकि, इस मामले के बाद में उन्होंने पुलिस से संपर्क किया और इस मामले में FIR दर्ज कराई। इसके बाद, कोलकाता के एक फर्जी कॉल सेंटर को पकड़ा गया है। ध्यान रहे कि इस तरह के फ्रॉड से बचने के लिए आपको कई बातों का ध्यान रखना चाहिए। वहीं, जैसे ही ऐसी ठगी का शिकार हों या अंदेशा लगा तो जल्द से जल्द पुलिस की साहयता लेनी चाहिए।
बता दें कि डेटिंग साइट्स और इन ऐप्स पर विदेशी ठगों का जाल फैला हुआ है। आमतौर पर ये आकर्षक फोटोज के जरिए लोगों को लुभाते हैं। थोड़ी से सावधानी से आप इनके जाल से बच सकते हैं। इसके अलावा कभी भी खुद की, अपने परिवार और दोस्तों की पर्सनल इंफॉर्मेशन, बैंक खातों और क्रेडिट कार्ड के डीटेल्स इन प्लैटफॉर्म्स पर साझा न करें। इसके अलावा, अपना आखिरी नाम, पता, फोन नंबर भी साझा न करें।




















