घर बैठे पैसा कमाने के चक्कर में लगी सवा सात लाख की चपत, Telegram पर मिला था टास्क वाला

https://static.hub.91mobiles.com/multisite/wp-content/uploads/sites/7/2023/08/cyber-fraud-1.jpg

ऑनलाइन फ्रॉड के रोज़ नए-नए मामले सामने आ रहे हैं। कुछ लोग अनजाने में धोखे से स्कैम का शिकार हो जाते हैं तो कुछ लोगों को लालच ले डुबता है। ऐसा ही एक केस अब फिर से सामने आया है जिसमें घर बैठे पैसे कमाने के लालच में एक युवक के साथ 7,24,990 रुपये की ठगी हो गई है। इस शख्स को टास्क पूरा करने के बदले में पैसा कमाने की बात कहकर साइबर क्रिमिनल ने ऑनलाइन ठगी कर ली।

टेलीग्राम पर आया टास्क पूरा करने का मैसेज

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक हरियाणा निवासी राहुल के साथ ऑनलाइन स्कैम हुआ है। प्राप्त जानकारी अनुसार इस व्यक्ति को एक Telegram Group में जोड़ा गया था जिसका नाम ‘टास्क ग्रुप 882’ बताया गया है। इस ग्रुप में टास्क पूरा करने के बदले में पैसा कमाने की बात कही गई थी। ये टास्क कंपलिट करने के लिए राहुल को ​मैसेज लिंक दिया गया था जिसपर सारा काम करना था।

कहे मुताबिक राहुल ने उस लिंक को ओपन करके टास्क करने शुरू कर दिए। ठगों ने बताया ​कि टास्क कंपलीट करने के बाद उसके नाम की धनराशि राहुल को दी जाएगी और इसके लिए कुछ पैसा भी जमा कराना पड़ेगा। इन टास्क को पूरा करने के बाद राहुल को विभिन्न खातों में रुपये जमा कराने के लिए कहा गया। अधिक पैसा पाने के चक्कर में इस पीड़ित ने भी स्कैमर्स को पैसा देना शुरू कर दिया।

ठगों ने बार-बार की पैसे की डिमांड

रिपोर्ट के अनुसार राहुल ने फ्रॉड करने वाले लोगों की बातों में आकर उसके खुद के तथा अन्य परिवार वालों के बैंक अकाउंट्स से कई बार पैसे भेजे। पी​ड़ित की मानें तो उसने कुल 16 बार पैसे भेजे जिसमें कुल 7 लाख 24 हजार 990 रुपये ठगों को दे दिए गए थे। लेकिन सिलसिला यहीं नहीं रूका तथा ठगों से पैसे भी डिमांड जारी रखी। वहीं जब राहुल ने और पैसे देने से मना किया तो उसपर दबाव बनाया जाने लगा तथा टास्क वाले पैसे ब्लाक किए जाने की बात कही गई।

मामला बढ़ने के बाद राहुल को अहसास हो गया कि उसके साथ फ्रॉड हुआ है और वह साइबर ठगी का शिकार हो गया है। इसके बाद पीड़ित से साइबर पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत की तथा साइबर थाने में केस दर्ज कराया। फिलहाल मामले की तफ्तीश जारी है और ऑनलाइन फ्रॉड करने वाले लोगों को ढूंढने का प्रयास चल रहा है।

ऑनलाइन फ्रॉड से बचने के लिए, इन बातों का रखें ध्यान

  • किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी निजी जानकारी जैसे फोन नंबर, आधार कार्ड या पैन नंबर साझा ना करें।
  • अपनी बैंक डिटेल्स तथा ओटीपी जैसी जानकारी किसी के भी साथ शेयर ना करें।
  • किसी भी कार्य के बदले पैसा कमाने की बात कही जा रही है तो उसे अच्छे से सत्यापित करें।
  • सिर्फ मैसेज या कॉल में ही नहीं बल्कि निजी तौर पर मिलकर काम व संगठन के बारे में जानें।
  • अगर कोई पुलिस, बैंककर्मी, मोबाइल कंपनी या अन्य अधिकारी बनकर बात करें तो उसकी प्रामाणिकता की जांच करें।
  • इंटरनेशनल नंबर से आ रही फोन कॉल को रिसीव ना करें।
  • वीडियो कॉल से परहेज करें तो किसी भी तरह के शख्स के साथ वीडियो कॉफ्रेंसिंग ना करें।
  • अगर unknown number से कॉल आई है तो उसपर कॉल बैक भी ना करें।
  • कोई कुछ भी बोले, बिल्कुल ना डरें और सब्र तथा समझदारी के साथ काम करें।