
नए साल की रात का जश्न पूरे देश ने मनाया। खूब बधाई संदेश भेजे गए और नए साल की शुभकामनाएं दी गई। आपको याद होगा कि जब 31 दिंसबर की रात इंस्टेट मैसेंजिंग ऐप व्हाट्सऐप तकरीबन 1 घंटे के लिए बंद हो गई थी और लोग एक दूसरे को मैसेज नहीं भेज पर रहे थे। हालांकि देर रात इस ऐप ने फिर से काम करना शुरू कर दिया था, लेकिन नव वर्ष पर व्हाट्सऐप का बंद हो जाना किसी को नहीं भाया था। वहीं अब व्हाट्सऐप ने बेहद ही चौंकाने वाली बात बताई है, व्हाट्सऐप ने बताया है कि 31 दिसंबर की मध्यरात्रि में दुनियाभर में 75 अरब से भी ज्यादा मैसेज व्हाट्सऐप पर शेयर हुए हैं, जो व्हाट्सऐप के इतिहास में पहली बार हुआ है।
व्हाट्सऐप ने खुलासा किया है कि 31 दिसंबर की रात पूरी दुनिया में 75 अरब से भी ज्यादा मैसेज ऐप पर शेयर हुए हैं और इसमें 20 अरब से भी ज्यादा मैसेज सिर्फ भारत में साझा किए गए। इतनी संख्या में मैसेज का शेयर किया जाना व्हाट्सऐप के इतिहास में पहली बार हुआ है। इन 75 अरब मैसेज में 13 अरब से ज्यादा ईमेज फाईल और 5 अरब से ज्यादा वीडियो शामिल थी।

इतनी बड़ी मात्रा में मैसेज शेयर किये जाने को ही व्हाट्सऐप के ठप्प पड़ने का कारण माना जा रहा है। गौरतलब है कि दुनियाभर में व्हाट्सऐप के तकरीबन 1 अरब यूजर हैं और इनमें 20 करोड़ से ज्यादा यूजर सिर्फ भारत में हैं। भारत व्हाट्सऐप का सबसे बड़ा बाजार है और 20 करोड़ यूजर्स द्वारा 2,000 करोड़ मैसेज (100 करोड़ = 1 अरब) भेजे जाना बेहद ही बड़ा आंकड़ा माना जा रहा है।
व्हाट्सऐप का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में मैसेज का भेजे जाना मैसेजिंग प्लेटफॉर्म की लोकप्रियता को दर्शाता है। गौरतलब है कि व्हाट्सऐप ने ये आंकड़े शेयर करते वक्त भी 31 दिसंबर की रात ऐप के बंद हो जाने के पीछे की वजह साफ नहीं की है। व्हाट्सऐप द्वारा दिया गया यह डाटा 24 घंटो का है।


















