
पूरे विश्व में फेसबुक का क्रेज जबरदस्त है। भारत उन देशों में शामिल है जहां सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक का यूज़ सबसे ज्यादा होता है। अपने यूजर्स के लिए चौंकाने वाला खुलासा करते हुए फेसबुक ने एक रिपोर्ट पेश की है जिसमें कहा गया है कि फेसबुक पर 20 करोड़ अकाउंट फेक अकाउंट है। सिर्फ इतना ही नहीं इंडियन यूजर्स को यह बात और भी अधिक चौंका सकती हैं कि भारत उन देशों में शुमार है जहां इस तरह के फर्जी अकाउंट्स की संख्या सबसे ज्यादा है।
फेसबुक ने अपनी हालिया वार्षिक रिपोर्ट में वर्ष 2017 की चौथी तिमाही के आंकड़े शेयर किए हैं। इस रिपोर्ट में फेसबुक ने अपने मासिक एक्टिव यूजर्स (एमएयू) की संख्या शेयर करते हुए कहा है कि कंपनी को अंदेशा है कि सोशल प्लेटफार्म पर मौजूद फर्जी अकांउट्स की संख्या उसके मासिक सक्रिय यूजर्स (एमएयू) की संख्या का तकरीबन 10 प्रतिशत है।

फेसबुक ने बताया है कि 31 दिसंबर 2017 तक फेसबुक पर 2.13 अरब मासिक सक्रिय उपभोक्ता (एमएयू) दर्ज किए हैं। फेसबुक का कहना है कि इन 2.13 अरब उपभोक्ताओं में 10 प्रतिशत अकांउट ऐसे है जो या तो नकली व फर्जी है या फिर कुछ ऐसे हैं जो एक ही यूजर द्वारा एक से अधिक (डुप्लिकेट) बनाए गए हैं। साल 2017 के अंत तक ऐसे फेक अकांउट्स की गिनती 20 करोड़ के करीब आंकी गई है।
2016 में फेसबुक पर कुछ मासिक एक्टिव यूजर्स में से फेक अकांउट की संख्या 6 प्रतिशत आंकी गई थी जो गत वर्ष 4 प्रतिशत अधिक बढ़ गई। यानि 2016 में फेक अकाउंट्स 12 करोड़ थे लेकिन 2017 में ये 6 करोड़ बढ़कर 20 करोड़ हो गए। हम भारतीयों के लिए इसे चौंकाने वाली खबर कहे या शर्मिंदा होने वाली बात, कि फेसबुक ने इस फर्जी अकांउट पर यह कहा है कि विकसित देशों की तुलना में भारत, इंडोनेशिया व वियतनाम जैसे देश ऐसे फर्जी अकांउट्स की लिस्ट में सबसे उपर आते हैं।


















