
गूगल पिक्सल 10ए (Pixel 10a) के रेंडर्स इंटरनेट पर लीक हो गए हैं, जिससे फोन के डिजाइन और कुछ संभावित फीचर्स का अंदाजा लगाया जा सकता है। लीक से पता चलता है कि आने वाले Pixel 10a का लुक पिछले मॉडल यानी Pixel 9a जैसा ही रहने वाला है। हालांकि इसमें कुछ छोटे सुधार देखने को मिल सकते हैं। उम्मीद है कि यह डिवाइस अगले साल की शुरुआत में लॉन्च होगा।
![]()
टिप्सटर OnLeaks ने AndroidHeadlines के साथ मिलकर पिक्सल 10a के CAD-बेस्ड रेंडर्स शेयर किए हैं। इन तस्वीरों से पता चलता है कि पिक्सल 10a का डिजाइन काफी हद तक पिछले साल के पिक्सल 9a जैसा ही है। इसमें फ्लैट प्लास्टिक बैक पैनल और रियर में डुअल कैमरा सेटअप दिया गया है। फोन के फ्रंट पर थोड़े मोटे बेजल्स हैं, जबकि वॉल्यूम बटन अब भी पावर बटन के नीचे स्थित है, जो बाकी एंड्रॉयड फोन्स से अलग है। इसके किनारों पर एंटिना लाइन, ऊपर और नीचे माइक्रोफोन होल और सिमेट्रिक स्पीकर ग्रिल डिजाइन भी देखने को मिलता है। हालांकि यह साफ नहीं है कि फाइनल मॉडल में सिम कार्ड स्लॉट मौजूद रहेगा या नहीं।
![]()
इसके संभावित स्पेसिफिकेशंस की बात करें, तो शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक फोन में 6.2 इंच का डिस्प्ले मिल सकता है। डाइमेंशन्स 153.9 x 72.9 x 9mm होने की उम्मी है। इसमें गूगल का ही Tensor G4 चिपसेट दिया जा सकता है, जो Pixel 9a में भी था, लेकिन इस बार इसका अपग्रेडेड वर्जन इस्तेमाल किया जा सकता है। कहा जा रहा है कि गूगल नया Tensor G5 चिप नहीं दे रहा है, क्योंकि यह महंगा है और कंपनी कॉस्ट कम रखना चाहती है। बैटरी 5100mAh या उससे बड़ी हो सकती है। फोन में डुअल रियर कैमरा सेटअप होने की संभावना है और गूगल इसमें 7 साल तक सॉफ्टवेयर सपोर्ट देने का वादा कर सकता है।
![]()
Pixel 9a की तुलना में Pixel 10a में बहुत बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। दोनों के डिजाइन लगभग एक जैसे हैं, फर्क सिर्फ कलर और बेजल साइज में हो सकता है। Pixel 10a में हल्की बेहतर परफॉर्मेंस, वाई-फाई सिग्नल और बैटरी बैकअप देखने को मिल सकता है। इस बार नए कलर ऑप्शंस भी मिल सकते हैं, जिनमें नीला (ब्लू) वेरिएंट चर्चा में है, हालांकि यह सिर्फ कॉन्सेप्ट कलर हो सकता है।
जहां तक लॉन्च की बात है, कुछ रिपोर्ट्स कहती हैं कि यह फोन 2025 के अंत तक आ सकता है, लेकिन इसकी संभावना बहुत कम है। आम तौर पर अमेरिका में साल के आखिर में छुट्टियों के कारण नए फोन्स की लॉन्चिंग नहीं होती है। इसलिए अनुमान लगाया जा रहा है कि गूगल Pixel 10a को मार्च या अप्रैल 2026 में पेश किया जा सकता है। पिछले रिकॉर्ड को देखें, तो Pixel 9a मार्च 2025 में घोषित हुआ था और अप्रैल में लॉन्च किया गया था, वहीं Pixel 8a मई 2024 में आया था।
कुल मिलाकर देखा जाए तो Pixel 10a गूगल की स्मॉल अपग्रेड रणनीति का हिस्सा लगता है। फोन का लुक और डिजाइन लगभग पहले जैसा रहेगा, लेकिन बैटरी, परफॉर्मेंस और सॉफ्टवेयर सपोर्ट में सुधार की उम्मीद है। अगर गूगल कीमत को लगभग 499 डॉलर के आसपास रखता है, तो Pixel 10a उन यूजर्स के लिए अच्छा मिड-रेंज 5G स्मार्टफोन साबित हो सकता है, जो क्लीन एंड्रॉयड एक्सपीरियंस और लंबे समय तक अपडेट सपोर्ट को प्राथमिकता देते हैं।
बता दें कि गूगल ने हाल ही में भारत में अपने नए डिवाइसेज Pixel 10 Pro Fold और Pixel Buds 2a को लॉन्च किया है। Pixel 10 Pro Fold का Moonstone कलर वैरियंट 16GB रैम और 256GB स्टोरेज के साथ 1,72,999 रुपये में उपलब्ध है। वहीं, Pixel Buds 2a को Iris और Hazel कलर में 12,999 रुपये की कीमत पर खरीदा जा सकता है। दोनों प्रोडक्ट्स ऑनलाइन, ऑफलाइन और गूगल स्टोर पर बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।









