
स्मार्टफोन डिजाइन और कैमरा तकनीक को अलग मुकाम पर ले जाते हुए आज टेक ब्रांड ऑनर ने अपना नया Honor Robot Phone पेश कर दिया है। MWC 2026 यानी मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस के मंच से यह अनूठा और यूनिक मोबाइल प्रदर्शित किया गया है। इस फोन में रोबोटिक कैमरा लगाया गया है जो बॉडी से तो बाहर निकलता है ही, बल्कि साथ ही सब्जेक्ट के हिसाब से किसी इंसान की गर्दन की तरह हिलता और घूमता भी है। और तो और इस कैमरा से बात भी की जा सकती है!
ऊपर लगी वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे इस फोन का कैमरा बॉडी से बाहर निकलता है। यह मोबाइल के टॉप पर आकर रूक जाता है जैसे किसी इंसान का सिर! इस कैमरा को किसी भी दिशा में घूमाया जा सकता है और फोटो खींची जा सकती है। ब्रांंड द्वारा शेयर की गई वीडियो के अनुसार मोबाइल यूजर Robot Phone का कैमरा ऑन कर उसके फ्रेम में आकर सवाल भी कर सकते हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की क्षमता से लैस इस मोबाइल का कैमरा सवाल और सीन को सेंसर कर मोशन के जरिये उस सवाल का जवाब भी दे सकता है।
ऑनर रोबोट फोन का यह कैमरा सिस्टम फोटो या वीडियो रिकॉर्ड करने के अलावा किसी पर्सनल असिस्टेंट की तरह भी काम कर सकता है। देखा जाए तो Apple की Siri या Amazon की Alexa जहां बोलकर बात करती है, वहीं Honor के Robot Phone में वॉयस कमांड के साथ ही विजुअल रिस्पांस भी संभव हो सकेगा। सब्जेक्ट को लॉक करने पर यह कैमरा उसकी मूवमेंट के हिसाब से अपने आप ही मूव होता रहेगा।
कंपनी के मुताबिक ऑनर रोबोट फोन में इंडस्ट्री का सबसे छोटा 4DoF (फोर-डिग्री-ऑफ-फ्रीडम) गिंबल सिस्टम दिया गया है। इस सिस्टम में इस्तेमाल होने वाला माइक्रो मोटर 70% तक छोटा किया गया है, जिससे पूरा कैमरा मैकेनिज्म फोन के भीतर फिट हो पाता है। यह बैक पैनल पर एक स्लाडर कवर के अंदर लगाया गया है जिसे साइड में स्लाइड करते ही एक मोटराइज्ड कैमरा आर्म बाहर आ जाती है और फोन के टॉप पर सेट हो जाती है।
Honor Robot Phone में 200MP कैमरा सेंसर लगाया गया है। यह 200 मेगापिक्सल का मेन कैमरा मूविंग थ्री-एक्सिस गिंबल सिस्टम पर काम करता है। इस कैमरा सेंसर के अलावा बैक पैनल पर दो अन्य लेंस भी लगे हैं। अन्य दोनों कैमरा सेंसर जहां रियर पैनल पर फिक्स हैं वहीं, यह तीसरा लेंस ही मोटराइज्ड आर्म के साथ बाहर निकलता है और काम खत्म होने के बाद वापस बॉडी के अंदर फोल्ड हो जाता है।
प्राप्त जानकारी अनुसार Honor Robot Phone मूल रूप से एक हाई-एंड स्मार्टफोन है जिसमें AI इंटरैक्शन और रोबोटिक जेस्चर जोड़े गए हैं। यूजर द्वारा कुछ कमांड दिए जाने पर यह कैमरा फिजिकल जेस्चर के जरिये जवाब देता है। यह कुछ अन्य मूवमेंट भी करता है जिससे फोन को रोबोटिक टच मिलता है। बताते चलें कि इस फोन के कैमरा रोबोटिक आर्म में 2800MPa टेंसाइल स्ट्रेंथ वाले मटेरियल का इस्तेमाल किया गया है। यही मटेरियल लेटेस्ट Honor Magic V6 के फोल्डिंग हिंज में लगा है।
ऑनर रोबोट फोन में वीडियो के लिए स्पेशल Super Steady मोड दिया गया है। इस फीचर के जरिये फोन कि हिलने पर भी कैमरा लेंस स्टेबल रहता है और चलती गाड़ी में रिकॉर्डिंग स्मूथ होती है। फोन में Spinshot फीचर भी मौजूद है जो रोबोटिक कैमरे को 180 डिग्री तक घुमा सकता है। वहीं Object Tracking के जरिये फोन को एक जगह पर रखकर अगर आप घूमते भी रहेंगे, तो भी यह आपको फ्रेम में बनाए रखेगा।
Honor Robot Phone कितने का है, यह जानकारी तो अभी सामने नहीं आई है। लेकिन यह माना जा सकता है कि इंडियन मार्केट में शायद इसे बेचा नहीं जाएगा। कंपनी के अनुसार यह मोबाइल सबसे पहले चीन में सेल के लिए उपलब्ध होगा और साल की दूसरी छमाही इसकी बिक्री शुरू होगी। बहरहाल इतना तो तय है कि यह स्मार्टफोन स्पेसिफिकेशन्स की रेस में बेशक नहीं बल्कि डिजाइन और इनोवेशन की रेस में टॉप पर आने की काबिलियत रखता है।









