Motorola के नए वाइड फोल्डेबल फोन का डिजाइन लीक, मिल सकता है वाइड कैमरा बार और बिना क्रीज वाली स्क्रीन

Join Us icon

Motorola अपने फोल्डेबल फोन लाइनअप का विस्तार कर सकता है। क्योंकि कंपनी के एक नए Wide Foldable फोन के डिजाइन स्केच सामने आए हैं। जिन्हें Android Headlines ने शेयर किया है। सामने आई तस्वीरों के अनुसार Motorola मौजूदा Razr सीरीज के फ्लिप फोन और बुक-स्टाइल फोल्डेबल से अलग वाइड फोल्डेबल फोन ला सकता है। आइए, आगे लीक डिटेल्स जानते हैं।

Motorola वाइड फोल्डेबल लीक

लीक हुए स्केच में Motorola के तीन अलग-अलग फोल्डिंग डिजाइन दिखाई देते हैं। इनमें एक बड़ा बुक-स्टाइल फोल्डेबल, दूसरा कॉम्पैक्ट क्लैमशेल डिजाइन और तीसरा नया वाइड फोल्डेबल फोन है। इनमें से वाइड मॉडल सबसे ज्यादा ध्यान खींचता है।
इसका फॉर्मेट सामान्य बुक-स्टाइल फोल्डेबल फोन की तुलना में ज्यादा चौड़ा नजर आता है। इस तरह का डिजाइन यूजर्स को फोन खोलने के बाद ज्यादा वाइड स्क्रीन देने के साथ-साथ इसे टैबलेट की तरह इस्तेमाल करने का बेहतर अनुभव दे सकता है।

फोन के रियर पैनल पर हॉरिजॉन्टल कैमरा बार है। यह बार पीछे की तरफ लगभग बीच में रखा गया है। इस डिजाइन का फायदा सिर्फ लुक तक सीमित नहीं होगा। कैमरा मॉड्यूल को इस तरह रखने से फोन को टेबल पर रखने के दौरान होने वाली रॉकिंग या हिलने की समस्या को कम किया जा सकता है। मौजूदा कई फ्लैगशिप और फोल्डेबल फोन में बड़ा कैमरा मॉड्यूल एक तरफ उभरा होने के कारण फोन टेबल पर रखने पर हिलता है। Motorola का यह डिजाइन इस समस्या को कम करने की कोशिश कर सकता है।

कैमरा बार में तीन कटआउट दिखाई दे रहे हैं। इनमें दो कैमरा सेंसर के लिए होने की संभावना है। जबकि तीसरा छोटा कटआउट फ्लैश या किसी अतिरिक्त सेंसर के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है।

लीक स्केच के अनुसार फोन की इनर फोल्डेबल स्क्रीन पर भी फ्रंट कैमरा दिया जा सकता है। इसे इंटरनल डिस्प्ले के ऊपरी दाएं हिस्से में देखा जा सकता है। वहीं, कवर डिस्प्ले पर ऊपर की तरफ बीच में एक दूसरा फ्रंट कैमरा दिखाई देता है। हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि Motorola दोनों स्क्रीन पर अलग-अलग कैमरा क्यों दे रहा है और इनके सेंसर की क्षमता क्या होगी।

लीक जानकारी में “ईजी-ओपन” डिजाइन का जिक्र है। फोन के किनारों को हल्का कर्व्ड रखा जा सकता है जिससे इसे एक हाथ से खोलना पहले की तुलना में आसान हो सकता है। इसके अलावा स्क्रीन की क्रीज को कम करने या लगभग खत्म करने की दिशा में भी काम किया जा सकता है। स्केच से फोन में 3D ग्लास और अल्ट्रा-स्लिम बॉडी का संकेत मिलता है। इससे पता चलता है कि Motorola इस मॉडल में पतला डिजाइन दे सकता है।

वाइड या “पासपोर्ट-स्टाइल” फोल्डेबल फोन का बाजार धीरे-धीरे तेजी पकड़ रहा है। Samsung के Galaxy Z Fold 8 और Xiaomi के अपकमिंग 18 Fold जैसे मॉडल इस कैटेगरी में शानदार हैं। अगर Motorola नया वाइड फोल्डेबल बाजार में लाता है, तो यह इन दोनों ब्रांड को टक्कर दे सकता है।

फिलहाल Motorola के इस नए वाइड फोल्डेबल फोन का आधिकारिक नाम सामने नहीं आया है। इसके स्पेसिफिकेशन, प्रोसेसर, बैटरी, कैमरा सेंसर और कीमत की जानकारी भी उपलब्ध नहीं है। लीक रिपोर्ट के मुताबिक यह फोन आने वाले महीनों में सामने आ सकता है। हालांकि Motorola की आधिकारिक घोषणा होने का इंतजार करना होगा। इसलिए 91मोबाइल्स के साथ अपडेट के लिए बने रहें।

LEAVE A REPLY
Please enter your comment!
Please enter your name here