
अक्सर यह बातें होती हैं कि यदि कम प्राइस में पीसी लेना हो, तो कोई सस्ता विंडोज डिवाइस देखा जाए या फिर किसी क्रोमबुक या प्राइमबुक की ओर रुख किया जाए। यदि आप भी ऐसी ही किसी डिवाइस की तलाश में हैं, तो मेरा यह रिव्यू आपके लिए है। इस लेख में हमने Primebook 2 Max का रिव्यू किया है और इसके माध्यम से आपके सवाल का जवाब देने की कोशिश की है कि सस्ते विंडोज डिवाइस की ओर रुख करें या फिर एंड्रॉयड ऑपरेटिंग सिस्टम पर आधारित प्राइमबुक 2 मैक्स आपके लिए बेस्ट ऑप्शन है।
प्राइम OS

इस लैपटॉप की डिजाइन और बिल्ड पर आगे बढ़ने से पहले इसके मेन यूएसपी OS पर बात कर लेते हैं।
जैसा कि हम जानते हैं, प्राइमबुक 2 मैक्स आपके आम Windows लैपटॉप की तरह नहीं है। यह Android 15 ऑपरेटिंग सिस्टम पर आधारित डिवाइस है, जो कस्टम OS Prime OS 3.0 पर चलता है। अच्छी बात यह कही जा सकती है कि यह Windows से इंस्पायर्ड इंटरफेस वाले लैपटॉप-साइज डिवाइस में Android एक्सपीरियंस कराता है।
लैपटॉप होने के बावजूद इसमें आप एंड्रॉयड वाले ऐप्स को इंस्टॉल कर सकते हैं और अच्छी तरह से उन्हें रन कर सकते हैं। यह डिवाइस उन स्टूडेंट्स और यूजर्स के लिए एक बेहतर डिवाइस च्वाइस है, जो कम कीमत में ज्यादा क्रिएटिविटी चाहते हैं। वहीं, वे लोग जो ज्यादातर समय ब्राउजिंग और पढ़ाई के लिए हल्के एप्लिकेशन का उपयोग करते हैं।
हालांकि, एंड्रॉयड आधारित यह डिवाइस उपयोग में आसान है। यदि आप पहली बार भी इसका उपयोग कर रहे हैं, तो आपको ज्यादा परेशानी नहीं होगी। हां! कुछ जगहों पर आपको विंडोज OS की कमी खलती जरूर है। खासकर जब आप ऑफलाइन काम करने की सोचते हैं। वहीं, यह हल्का और इंटरनेट आधारित डिवाइस है, तो उपयोगिता में विंडोज लैपटॉप की बराबरी नहीं कर सकता।
डिस्प्ले और डिजाइन

लैपटॉप में 15.6-इंच का फुल HD IPS डिस्प्ले है, जिसमें एंटी-ग्लेयर पैनल और वाइड व्यूइंग एंगल हैं। प्राइस के हिसाब से फुल HD स्क्रीन होना एक अच्छा कॉम्बिनेशन कहा जाएगा।
यदि आप ऑनलाइन क्लास करते हैं या फिर वीडियो स्ट्रीम करते हैं, तो यह डिवाइस आपके लिए सही है। परंतु इसे सिर्फ इनडोर उपयोग के लिए बेहतर कहा जाएगा। इसमें आपको 250 निट्स की ब्राइटनेस मिलती है, जो कि कम है। यदि आप आउटडोर में कंटेंट का उपयोग कर रहे हैं, तो फिर विजुअल में थोड़ी समस्या हो सकती है।
हालांकि, इसका कंट्रास्ट-रिच अपीयरेंस डिस्प्ले की कमियों को पूरा करता है। खासकर उन यूजर्स के लिए, जो डार्क इंटरफेस पसंद करते हैं। डार्क मोड में इसका उपयोग बेहद शानदार रहा। कंटेंट को आप अच्छे से एन्जॉय कर पाएंगे।
रही बात बिल्ड क्वालिटी की, तो यही कहेंगे कि अच्छी लगी। हां! प्राइस के हिसाब से बेस्ट नहीं है, लेकिन पुराने मॉडल की अपेक्षा काफी इम्प्रूव है।

लैपटॉप की बॉडी पॉलीकार्बोनेट प्लास्टिक की बनी है, जिसकी क्वालिटी अच्छी है। हालांकि, बॉडी को आप प्रेस करते हैं, तो थोड़ा खालीपन महसूस होता है, लेकिन मटेरियल क्वालिटी अच्छी लगी और सस्ते लैपटॉप का अहसास नहीं कराता है।
यह प्राइमबुक 180-डिग्री हिंज के साथ आता है और वजन मात्र 1.6 किलोग्राम है। ऐसे में यदि आप इसे अपने बैकपैक में लेकर चलते हैं, तो ज्यादा भारी नहीं लगेगा। चार्जर के साथ इसका वजन लगभग 2 किलोग्राम हो जाता है।
कुल मिलाकर, डिजाइन और डिस्प्ले के बारे में यही कहूंगा कि प्राइस के हिसाब से डिस्प्ले अच्छा है और डिजाइन भी आपको पसंद आएगा। यह प्राइमबुक अपने पुराने मॉडल से ज्यादा स्लिम हो गया है और क्वालिटी में भी सुधार है। हां! ब्राइटनेस थोड़ी और बेहतर होती, तो ज्यादा मजा आता।
कीबोर्ड और कनेक्टिविटी

फुल-साइज बैकलिट कीबोर्ड एक उपयोगी चीज है, खासकर उन स्टूडेंट्स के लिए, जो अक्सर देर तक काम करते हैं। इस मामले में प्राइमबुक आपको निराश नहीं करेगा। इसमें तीन बैकलाइट मोड हैं, जिनमें ब्राइटनेस एडजस्टमेंट और एक ऑफ-रोड मोड शामिल है।
कंपनी ने इसे डेडिकेटेड न्यूमेरिक कीपैड के साथ पेश किया है। ऐसे में टाइपिंग काफी आसान हो जाती है। इसके कीज भी अच्छे हैं और उपयोग के दौरान हमें कोई परेशानी नहीं हुई। इतना ही नहीं, साइज भी अच्छे हैं। ऐसे में टाइपिंग के दौरान उंगलियां चिपकती नहीं हैं।
इस लैपटॉप में आपको लगभग सभी कनेक्टिविटी पोर्ट्स मिल जाते हैं, जिनमें तीन USB-A पोर्ट, दो USB-C पोर्ट, एक माइक्रोSD कार्ड स्लॉट, एक 3.5mm ऑडियो जैक और एक केंसिंग्टन लॉक स्लॉट शामिल हैं। इसके साथ ही ब्लूटूथ 5.1 और डुअल-चैनल वाई-फाई का सपोर्ट मिल जाता है।
ढेर सारे कनेक्टिविटी पोर्ट्स का फायदा आपको रोजाना के उपयोग में मिलता है। हां! SD कार्ड का भी ऑप्शन होता, तो और अच्छा कहा जाता। फिर भी हम इसे कमी नहीं कहेंगे।
परफॉर्मेंस और स्टोरेज

Primebook 2 Max को कंपनी ने मीडियाटेक हेलियो G99 प्रोसेसर के साथ पेश किया है और इसमें आपको 8GB LPDDR4X RAM के साथ 256GB UFS 2.2 स्टोरेज मिलती है। UFS 2.2 थोड़ा पुराना कहा जाएगा। यहां UFS 3.1 या इससे ऊपर का UFS होता, तो बेहतर कहा जाता।
इस डिवाइस का आप हार्डवेयर के हिसाब से कंपैरिजन नहीं कर सकते, बल्कि यह एक प्रोडक्टिव डिवाइस है, जो कम से कम हार्डवेयर के साथ बेहतर आउटपुट देने का भरोसा देता है।
लैपटॉप के उपयोग के दौरान हमने इसमें ब्राउजिंग, ऑनलाइन मीटिंग्स, डॉक्यूमेंट वर्क और हल्के Android एप्लिकेशन जैसे कुछ काम निपटाए, जिन्हें यह पूरी तरह से करने में सक्षम था।

उपयोग के दौरान कुछ जगहों पर लगा कि यह और बेहतर परफॉर्मेंस दे सकता था, लेकिन फिर भी ठीक था। जैसे, ऐप ओपन होने में टाइम ले रहा था और कुछ चीजों को प्रोसेस करने में समय लग रहा था। वहीं, ऑनलाइन फोटो एडिटिंग टूल्स में बड़े फोटोज एडिट करने के दौरान यह धीमा हो रहा था। ऐसे में ज्यादा फोटो या वीडियो ऐप्स के उपयोग की सलाह मैं नहीं दूंगा। ब्राउजिंग और छोटे-मोटे ऐप्स के लिए यह सही है।

अपने टेस्ट के दौरान हमने इसे गीकबेंच 6 और एनटूटू जैसे ऐप्स पर रन किया, जहां गीकबेंच पर यह डिवाइस सिंगल कोर में 703 पॉइंट तक का स्कोर कर पाया, जबकि मल्टीकोर में यह स्कोर 1,651 तक का था। वहीं, PCMark Work 3.0 Performance टेस्ट में यह डिवाइस 10,030 तक का स्कोर कर पाया। वहीं, एनटूटू स्कोर 5.5 लाख से ज्यादा का था। परफॉर्मेंस स्कोर देखेंगे, तो कहेंगे कि अच्छे हैं, लेकिन हम और बेहतर की उम्मीद कर रहे थे।
बैटरी और कैमरा
लैपटॉप में 60.3Wh की बैटरी दी गई है और यह 36W USB-C पावर एडॉप्टर के साथ आता है। कंपनी का दावा है कि यह पीसी 12 घंटे तक का बैटरी बैकअप देने में सक्षम है। हमारे टेस्ट में भी यह डिवाइस अच्छा स्कोर कर पाया। PCMark बैटरी टेस्ट में यह 13 घंटे से ज्यादा का बैकअप देने में सक्षम था, जो बहुत अच्छा कहा जा सकता है।
कैमरे की बात करें, तो लैपटॉप में 1080p वीडियो कैपेबिलिटी वाला 8MP का कैमरा है, जो प्राइवेसी शटर के साथ आता है।
निष्कर्ष

सब कुछ देखने के बाद बात आती है प्राइस और निष्कर्ष की, तो बता दूं कि भारतीय बाजार में Primebook 2 Max की कीमत 32,990 रुपये है। प्राइस के हिसाब से लैपटॉप आपको काफी अच्छे फीचर्स दे रहा है। यह आपको एंड्रॉयड सपोर्ट के साथ ढेर सारे ऐप्स इस्तेमाल करने की सुविधा देता है। वहीं, बड़ी स्क्रीन के साथ आपको ढेर सारे कनेक्टिविटी पोर्ट्स मिलते हैं। इसके अलावा, अच्छे डिजाइन और बेहतर बैटरी बैकअप का भरोसा भी देता है। हां! सवाल है कि यह डिवाइस लेने लायक है या नहीं? तो बता दूं कि यह आपके वर्कलोड पर निर्भर करता है। यदि आप ज्यादातर समय ऑनलाइन रहते हैं और ब्राउजिंग का काम ज्यादा है, तो फिर Primebook 2 Max को लिया जा सकता है। परंतु फुल डेस्कटॉप सॉफ्टवेयर कम्पैटिबिलिटी या ऑफलाइन डॉक्यूमेंट की सुविधा चाहिए, तो फिर विंडोज लैपटॉप बेहतर विकल्प हैं।


















