Snapdragon 7s Gen 2 और 120Hz डिस्प्ले के साथ आ सकता है नया HMD Fusion, डिटेल्स लीक

Join Us icon

HMD अपने मॉड्यूलर स्मार्टफोन Fusion का नया वैरियंट यूरोपीय बाजार में पेश कर सकता है। वहीं, लॉन्च से पहले फोन के स्पेसिफिकेशंस लीक हुए हैं। जिनमें पहले के मुकाबले बेहतर प्रोसेसर, हाई रिजॉल्यूशन डिस्प्ले और ज्यादा रैम मिलने की जानकारी सामने आई है। यह डिटेल्स सोशल मीडिया साइट एक्स पर टिप्स्टर के जरिए दी गई हैं। जिसके बारे में आप आगे पढ़ सकते हैं।

HMD Fusion के स्पेसिफिकेशंस लीक

लीक के अनुसार, नए HMD Fusion में Snapdragon 4 Gen 2 की जगह Snapdragon 7s Gen 2 प्रोसेसर दिया जा सकता है। यह बदलाव फोन की परफॉरमेंस को बेहतर बना सकता है। फोन में 8GB और 12GB रैम के विकल्प मिल सकते हैं। इसके साथ 256GB स्टोरेज और वर्चुअल रैम एक्सपेंशन का सपोर्ट दिया जा सकता है।

डिस्प्ले की बात करें तो अपग्रेडेड HMD Fusion में 6.56 इंच का FHD+ IPS LCD पैनल दिया जा सकता है। यह 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट कर सकता है। इसके मुकाबले ओरिजिनल HMD Fusion में HD+ रिजॉल्यूशन वाली 90Hz स्क्रीन दी गई थी।

कैमरा सेटअप की बात करें तो नए HMD Fusion में 108MP का प्राइमरी कैमरा मिल सकता है। लीक में इस कैमरे के साथ ऑप्टिकल इमेज स्टेबिलाइजेशन (OIS) का भी जिक्र है। जो फोटो और वीडियो में हाथ हिलने से होने वाले असर को कम करने में मदद करता है। इसके साथ फोन में 2MP का सेकेंडरी रियर कैमरा और 50MP का फ्रंट कैमरा मिलने की उम्मीद है।

आगामी HMD Fusion फोन में पहले की तरह 5,000mAh की बैटरी और 33W वायर्ड फास्ट चार्जिंग सपोर्ट दिया जा सकता है। लीक में चार साल तक अपडेट देने का दावा भी किया गया है। हालांकि, अपडेट पॉलिसी का समय और इसमें Android OS अपग्रेड या सिक्योरिटी अपडेट शामिल होने की जानकारी अभी साफ नहीं है।

HMD Fusion को सितंबर 2024 में एक किफायती मॉड्यूलर स्मार्टफोन के तौर पर लॉन्च किया गया था। इसकी खासियत Smart Pin सिस्टम है। जिसकी मदद से फोन के पिछले हिस्से पर अलग-अलग एक्सेसरीज लगाई जा सकती हैं। कंपनी के Fusion आउटफिट्स के जरिए यूजर्स वायरलेस चार्जिंग, एक्स्ट्रा प्रोटेक्शन और रिंग लाइट जैसी सुविधाएं जोड़ सकते हैं।

इस फोन के लिए ओपन-सोर्स किट भी उपलब्ध कराई गई थी। जिससे ग्राहक अपनी जरूरत के हिसाब से केस डिजाइन करके 3D प्रिंट कर सकते हैं। नए वैरियंट में भी यही मॉड्यूलर सिस्टम बरकरार रहने की उम्मीद है।

कब लॉन्च हो सकता है नया HMD Fusion

फिलहाल नए HMD Fusion की लॉन्च डेट, कीमत और उपलब्धता से जुड़ी जानकारी सामने नहीं आई है। लीक खास तौर पर यूरोपीय वैरियंट के लिए है। इसलिए भारत में इसके लॉन्च को लेकर अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। आप इसके आगे के अपडेट के लिए हमारे साथ बने रहें।

LEAVE A REPLY
Please enter your comment!
Please enter your name here