
भले ही असूस की शुरुआत कंप्यूटर और लैपटॉप से हुई हो लेकिन आज स्मार्टफोन बाजार में भी कंपनी की अच्छी पहचान है। पिछले कुछ सालों में कंपनी ने अपने जेनफोन सीरीज में कई फोन लॉन्च किए हैं जिनमें जेनफोन 5 से लेकर विश्व का पहला 4जीबी रैम वाला फोन जेनफोन 2 भी शामिल हैं। हालांकि अब तक कंपनी सिर्फ आॅनलाइन स्टोर के माध्मय से ही उपलब्ध थी लेकिन इस साल से असूस के फोन आॅफलाइन स्टोर से भी खरीदे जा सकते हैं। हाल में कंपनी ने कई फोन लॉन्च किए हैं जो आॅनलाइन और आॅफलाइन दोनों जगह उपलब्ध हैं। इनमें से ही एक फोन है असूस का जेनफोन 3 मैक्स।
जैसा कि आपको मालूम है असूस जेनफोन मैक्स सीरीज विशेष तौर से बड़ी बैटरी के लिए जानी जाती है। इस फोन में भी कुछ ऐसा ही है। पंरतु असूस जेनफोन 3 मैक्स अब तक लॉन्च हुए सभी मैक्स फोन से अलग है। क्योंकि बड़ी बैटरी वाला यह फोन स्टाइल और फीचर से भी मालामाल है। रिव्यू के लिए यह फोन हमारे पास भी उपलब्ध हुआ और हमने लगभग 15 दिनों तक इसका उपयोग किया। उपयोग के दौरान हमें कई चीजें अच्छी मिलीं तो कुछ कमियां भी दिखीं जो आगे दी गई हैं।

आपको बता दें कि असूस जेनफोन मैक्स के दो संस्करण हैं एक फोन 5.2 इंच स्क्रीन के साथ उपलब्ध हैं जबकि दूसरा 5.5—इंच स्क्रीन के साथ। हमारे पास जेनफोन 3 मैक्स 5.5 उपलब्ध हुआ।
जानें शाओमी रेडमी नोट 3 और नुबिया एन1 में कौन सा फोन है बेहतर
मैक्स स्टाइल
जेनफोन 3 सीरीज में असूस ने डिजाइन में काफी बदलाव किया है। कंपनी के फोन पहले से ज्यादा स्मार्ट हो गए हैं। असूस जेनफोन 3 मैक्स 5.5 भी अपनी पहली ही झलक में आपको आकर्षित करने का दम रखता है। मैटल यूनिबॉडी में पेश किया गया यह फोन स्लीक है और आसानी से हाथ में आ जाता है। फोन के पिछले पैनल में आप एंटीना डिजाइन देख सकते हैं जो कि पहले एप्पल के फोन में देखने को मिलते थे। फोन के कोनें थोड़े कर्व हैं जो फोन को पकड़ने पर हाथ में चुभते नहीं हैं।
फोन के पिछले पैनल में फिंगरप्रिंट सेंसर देखने को मिलेगा। फोन के उपयोग में हमने कई बार फिंगरप्रिंट्स सेंसर का उपयोग किया और यह सही तरह से कार्य कर रहा था। बड़ी बैटरी के बावजूद इसका वजन मात्र 175 ग्राम है। ऐसे में आप इसे ज्यादा भारी नहीं कह सकते। कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि इसका डिजाइन आपको प्रीमियम फोन का अहसास करागा।

स्मार्ट डिसप्ले
असूस जेनफोन 3 मैक्स 5.5 में भी 5.5-इंच का 2.5डी कर्व्ड डिसप्ले दिया गया है। फोन का स्क्रीन रेजल्यूशन फुल एचडी (1920×1080 पिक्सल रेजल्यूशन) है। इसकी स्क्रीन ओलिया फोबिक कोटेड है जो एप्पल डिवाइस में देखे जाते हैं। यह स्कैचप्रूफ है और मजबूत भी। फोन के प्रयोग के दौरान हमने हर तरह से इसे जांचा। डिसप्ले चमकदार और बेहतर है। वहीं टच अहसास भी अच्छा है। धूप में भी आप इस फोन का उपयोग आसानी से कर सकते हैं।
लेनोवो के6 पावर बनाम शाओमी, कौन है बजट फोन का बादशाह
प्रोसेसिंग पावर
अच्छे लुक और शानदार डिसप्ले के बाद हम असूस जेनफोन मैक्स में शानदार प्रोसेसर की भी कामना कर रहे थे लेकिन यहां आपको थोड़ा समझौता करना पड़ सकता है। कंपनी ने इसे क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 430 चिपसेट पर पेश किया गया है। फोन में 1.4गीगाहट्र्ज का 64बिट्स वाला आॅक्टाकोर प्रोसेसर दिया गया है। इसके साथ ही एड्रीनो 505जीपीयू है जो आपको बेहतर ग्राफिक्स का भरोसा दिलाते हैं। यह चिपसेट कुछ कम कीमत के फोन में भी उपलब्ध हैं। ऐसे में प्रोसेसर के मामले में फोन थोड़ा पीछे कहा जाएगा। हालांकि रिव्यू के दौरान हमनें इस पर ब्राउजिंग के साथ कई गेम और ऐप्स भी चलाए और कोई परेशानी नहीं दिखी। वहीं जहां मैटल फोन में गर्म होने की शिकायत होती है इस फोन में हमें ऐसा कुछ भी नहीं मिला। परंतु इस कीमत में यदि क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 652 चिपसेट भी होता तो ज्यादा बेहतर कहा जाता। असूस जेनफोन 3 मैक्स 5.5 में आपको 3जीबी रैम और 32जीबी मैमोरी मिलेगी जो 128जीबी तक बढ़ाई जा सकती है।

कैमरा कमाल
असूस जेनफोन 3 मैक्स 5.5 में फोटोग्राफी के लिए 16—मेगापिक्सल का रियर कैमरा और 8—मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है। कंपनी ने इसे 5 प्रिज्म लेंस के साथ पेश किया और यह लेजर आॅटोफोकस फीचर से भी लैस है। असूस का दावा है कि यह मात्र 0.03 सेकेंड में फोकस करने में सक्षम है। वहीं फ्रंट कैमरे के साथ भी आपको कुछ खास फीचर्स देखने को मिलेंगे। रही बात कैमरा क्वालिटी की तो हम अच्छी तो कह सकते हैं लेकिन बहुत अच्छी नहीं। इससे पहले हमने आसूस जेनफोन का उपयोग किया है जिनकी पिक्वर क्वालिटी बहुत अच्छी कही जा सकती है। परंतु उस मामले में यह फोन थोड़ा फीका साबित होता है। हालांकि इसमें आप मैनुअल कंट्रोल बहुत ज्यादा मिलेगा और यदि आपको शटर स्पीड और अपर्चर आदी का अच्छा ज्ञान हो तो फोन का उपयोग सही तरह से कर सकते हैं।

आॅपारेटिंग सिस्टम
असूस जेनफोन 3 मैक्स 5.5 को एंडरॉयड आॅपरेटिंग सिस्टम 6.0 मार्शमेलो के साथ पेश किया गया है। इसके साथ ही आपको जेनयूआई 3.0 देखने को मिलेगा। हालांकि इसमें कस्टमाइजेशन पहले की अपेक्षा बेहतर हो गया है लेकिन हमें प्लेन एंडरॉयड ज्यादा पसंद है। हालांकि ऐसा नहीं कि आपको पसंद न आए। इसमें ऐप सर्च और उसका मैनेजमेंट ज्यादा अच्छा है। फोन मे कुछ ऐप्स प्रीलोडेड हैं लेकिन आप उन्हें बहुत उपयोगी नहीं कहेंगे।
कनेक्टिविटी
असूस जेनफोन 3 मैक्स दोहरा सिम सपोर्ट करता है और इसमें डाटा के लिए इसमें 3जी, वाईफाई और 4जी दिया गया है। सिक्योरिटी के लिए पिछले पैनल में फिंगरप्रिंट सेंसर भी मिलेगा। हालांकि आपको बता दूं कि इस फोन का दूसरा स्लॉट हाईब्रीड है। जहां आप सिम या मैमोरी कार्ड में से किसी एक का ही उपयोग कर सकते हैं। आज ज्यादातर महंगे डुअल सिम फोन में यही देखने को मिल रहा है।

पावर बैकअप
इस फोन में 4,100 एमएच बैटरी दी गई है। कंपनी 20 घंटे टॉकटाइम और 38 दिन स्टैंडबाय टाइम का दावा करती है। फोन के रिव्यू के दौरान हमें बैटरी से कोई शिकायत नहीं मिली। हालांकि 4,000 एमएएच की बैटरी आज आम है ऐसे में इसे बहुत ज्यादा नहीं कहा जा सकता लेकिन एक बार फोन को चार्ज करने पर आप आसानी से डेढ़ से दो दिन निकाल सकते हैं।
अच्छी बात यह कही जा सकती है कि असूस जेनफोन 3 मैक्स 5.5 में फास्ट चार्जिंग के साथ रिवर्स चार्जिंग सपोर्ट है जहां आप फोन का उपयोग पावर बैंक के रूप में भी कर सकते हैं।
निष्कर्ष
असूस जेनफोन 3 मैक्स 5.5 की कीमत 17,990 रुपये है। फोन के पूरे स्पेसिफिकेशन और फीचर पर अगर आप नजर डालते हैं तो पाएंगे कि लुक स्मार्ट है, डिसप्ले शानदार है, आॅपरेटिंग सिस्टम भी ज्यादा पुराना नहीं कहा जा सकता, प्रोसेसर औसत है, मैमोरी और रैम में कमी नहीं है। वहीं कैमरा भी बहुत अच्छा नहीं तो बुरा भी नहीं है। आपके रोजाना के उपयोग के लिए सही है। तो सवाल है कि क्या इसे खरीदना चाहिये या नहीं। तो बता दूं कि इस बजट में यदि आप आॅनलाइन पर उपलब्ध फोन से इसकी तुलना करते है तो मोटो एम, लेनोवो के6 नोट और लेईको ले 2 मैक्स जैसे फोन से थोड़ा पीछे नजर आता है।
हां यदि आॅफलाइन रिटेल से खरीदारी कर रहे हैं तो यह सबसे बेहतर फोन में से एक गिना जाएगा। वहां इस फोन को सैमसंग गैलेक्सी जे7 प्राइम से कड़ी टक्कर मिल सकती है।


















