
Lenovo से जुड़ी एक खबर आज ही सामने आई थी जिसमें कपंनी की ‘के सीरीज़’ के आगामी स्मार्टफोन Lenovo K10 की जानकारी मिली थी। इस स्मार्टफोन को एंडरॉयड इंटरप्राइज़ वेबसाइट पर लिस्ट किया गया था जहां Lenovo K10 की कुछ स्पेसिफिकेशन्स भी मौजूद थी। वहीं अब सामने आ रही है कि Lenovo आने वाली 22 सितंबर को भारत में अपना नया स्मार्टफोन लाने जा रही है और इसका नाम Lenovo K10 Plus होगा। कंपनी की अॅाफिशियल घोषणा से पहले ही Lenovo K10 Plus की स्पेसिफिकेशन्स का खुलासा हो गया है।
Lenovo K10 Plus को दरअसल शॉपिंग साइट फ्लिपकार्ट द्वारा अॅाफिशियल कर दिया गया है। फ्लिपकार्ट ने इस फोन का प्रोडक्ट पेज बनाया है जिसमें फोन की फोटो के साथ ही इसकी स्पेसिफिकेशन्स की जानकारी भी दी गई है। फ्लिपकार्ट पर बने प्रोडक्ट पेज से ही पता चला है कि Lenovo K10 Plus आने वाली 22 सितंबर को दोपहर 12 बजे इंडियन मार्केट में लॉन्च किया जाएगा। उम्मीद है कि इस स्मार्टफोन की सेल सिर्फ फ्लिपकार्ट पर ही होगी।
Lenovo K10 Plus डिजाईन
फोन की लुक और डिजाईन की बात करें तो Lenovo K10 Plus को बेजल लेस डिसप्ले पर बना दिखाया गया है जिसके उपरी हिस्से पर ‘यू’ शेप वाली वॉटरड्रॉप नॉच दी गई है। डिसप्ले के दोनों साईड किनारें जहां पूरी तरह से बेजल लेस हैं वहीं नीचे की ओर थोड़ा चौड़ा चिन पार्ट दिया गया है। Lenovo K10 Plus को ट्रिपल रियर कैमरे पर लॉन्च किया जाएगा जो बैक पैनल पर उपरी बाईं ओर वर्टिकल शेप में स्थित है। कैमरा सेटअप के ठीक नीचे जहां फ्लैश लाईट मौजूद है वहीं पैनल के बीच में फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है। वाल्यूम रॉकर और पावर बटन फोन के दाएं पैनल पर दिया गया है।
Lenovo K10 Plus स्पेसिफिकेशन्स
फोन के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो इसे 19:9 आस्पेक्ट रेशियो पर पेश किया जाएगा जो 6.22 इंच की एचडी+ डिसप्ले सपोर्ट करेगी। कंपनी ने इस डिसप्ले को डॉटनॉच डिसप्ले का नाम दिया है। Lenovo K10 Plus को एंडरॉयड 9 पाई आधारित बताया गया है जो आक्टाकोर प्रोसेसर के साथ 14एनएम तकनीक पर बने क्वालकॉम के स्नैपड्रैगन 632 चिपसेट पर रन करेगा। वहीं ग्राफिक्स के लिए इस फोन में एड्रेनो 506 जीपीयू मौजूद रहेगा।

Lenovo K10 Plus को कंपनी की ओर से 4 जीबी रैम मैमोरी पर लॉन्च किया जाएगा तथा फोन में 64 जीबी की इंटरनल स्टोरेज देखने को मिलेगी जिसे माइक्रोएसडी कार्ड के जरिये बढ़ाया जा सकेगा। फोटोग्राफी सेग्मेंट की बात करें तो Lenovo K10 Plus ट्रिपल रियर कैमरा सपोर्ट करेगा। फोन के बैक पैनल पर एफ/2.0 अपर्चर वाला 13 MP का प्राइमरी सेंसर दिया जाएगा जिसके साथ 8 MP और 5 MP के डेफ्थ सेंसर और 120डिग्री वाइड एंगल लेंस मौजूद रहेगा। वहीं सेलफी के लिए यह फोन 16 MP का फ्रंट कैमरा सपोर्ट करेगा।
Lenovo K10 Plus डुअल सिम फोन होगा जो 4जी सपोर्ट करेगा। सिक्योरिटी के लिए जहां फोन के बैक पैनल पर रियर फिंगरप्रिंट सेंसर दिया जाएगा वहीं इस फोन में फेस अनलॉक फीचर देखने को मिल सकता है। इसी तरह पावर बैकअप के लिए Lenovo K10 Plus में 4,050एमएएच की बैटरी दी जाएगी जो क्विक चार्ज तकनीक से लैस होगी। 22 सितंबर की दोपहर Lenovo K10 Plus की कीमत से पर्दा उठा दिया जाएगा।





















