
भारत में अपनी 4जी सर्विस लॉन्च करने के साथ ही रिलायंस जियो ने मोबाइल बाजार में तहलका मचा दिया। जिसे देखो वही जियो की चर्चा कर रहा है। वहीं फिर से एक बार कंपनी हलचल मचाने को तैयार है। कुछ दिन पहले ही खबर दी गई थी कि मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस जियो जल्द ही सस्ते 4जी फोन को भारतीय बाजार में लॉन्च कर सकती है। वहीं इस बारे में आज एक नई खबर आई है।
इकनॉमिक टाइम्स द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस जियो 999 रुपये से 1,500 रुपये के बीच का सस्ता 4जी फोन लॉन्च कर सकती है। इस फोन में 4जी नेटवर्क के उपर वोएलटीई कॉल किया जा सकता है। टेलीकॉम एनालिस्ट का कहना है कि जियो द्वारा इस फोन को साल के पहले तिमाही में ही लॉन्च किया जा सकता है जो भारतीय मोबाइल बाजार में एक बार फिर से हलचल पैदा कर सकता है।
इस बारे में सायबर मीडिया के प्रिंसिपल एनालिस्ट फैजल कावूसा का कहना है कि ‘यदि भारतीय मोबाइल बाजार में जियो द्वारा सस्ते 4जी वोएलटीई फोन लॉन्च किए जाते हैं तो फ़ीचर फोन से स्मार्टफोन पर अपग्रेड रूक जाएगा और लोग फ़ीचर फोन से वोएलटीई फोन की तरफ ज्यादा जाएंगे।
वहीं रिपोर्ट में यह भी जानकारी दी गई है कि जियो द्वारा लॉन्च किए जाने वाले सस्ते 4जी वोएलटीई फोन में आपको फ्रंट और बैक कैमरा भी देखने को मिल सकता है। इसके साथ ही जियो बंडल ऐप भी हो सकते हैं। जैसे— जियो चैट और जियो लाइव आदि।





















