
तकनीक जितनी एडवांस हो जाए उतना ही लाभदायक हो जाती है। लेकिन यह भी गलत नहीं है कि ऐसी तकनीक का जरूरत से ज्यादा यूज़ नुकसान भी पहुॅंचाता है। मोबाईल आज हर व्यक्ति के जीवन का अहम हिस्सा बन चुका है। सुबह की शुरूआत और रात का अंत भी मोबाईल के साथ ही होता है। लेकिन ज़रा सी लापरवाही किसी व्यक्ति की जान भी ले सकती है यह बात एक दुखद घटना के रूप में सामने आई है। मोबाईल को सिर के पास रखकर सोने पर उड़ीसा के व्यक्ति को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा है।
मीडिया रिपोर्ट में सामने आया है कि उड़ीसा के रहने वाले एक 22 वर्षीय युवक की मौत उस वक्त हो गई, जब वह मोबाईल अपने सिर के पास रखकर सो रहा था। मीडिया रिपोर्ट में सामने आया है कि इस 22 वर्षीय युवक का नाम कुना प्रधान था जो राजमिस्री का काम करता था। प्रधान रविवार रात एक कंस्ट्रक्शन साइट पर तीन अन्य कारीगरों के साथ सो रहा था। कुना ने सोते वक्त अपने फोन को चार्जिंग पर लगाकर अपने पास ही रख लिया था।

फोन को सिर के पास रखकर कुना सो गया और फोन चार्जिंग पर ही लगा रह गया। चार्जिंग पर लगे होने की वजह से पहले फोन की बैटरी फुल चार्ज होकर ओवर हीट हो गई है और फिर देर रात अचानक से बैटरी फट गई तथा फोन में ब्लास्ट हो गया है। फोन सिर के पास रखा होने की वजह से कुना प्रधान को गहरी चोट आई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई है। यह घटना उड़ीसा के अटहाराबांकी ईलाके की है।
यह भी पढ़ें : Jio ने दिया एक और झटका, इस प्लान की वेलिडिटी घटाकर कर दी 24 दिन
ब्लास्ट की खबर सुनते ही पुलिस मौके पर पहुॅंची और वहां कुना प्रधान को मृत पाया गया है। पुलिस ने शव को कस्टडी में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस की ओर से दर्ज की गई रिपोर्ट में यह खुलासा नहीं हो पाया है कि वह स्मार्टफोन कौन-से ब्रांड का था। कुना प्रधान की मौत से उसका परिवार तो सदमे में है ही लेकिन साथ ही यह हादसा हर मोबाईल यूजर्स को भी चेतावानी देता है।
फोन में ब्लास्ट होने और बैटरी में आग लगने के मामले समय-समय पर सामने आते रहे हैं। कुछ हादसे जहां विदेशों के होते हैं तो कुछ दुर्घटनाएं भारत में घटित होती है। 22 वर्षीय युवक की इस हादसे में हुई मौत से हर मोबाईल यूजर को सबक मिलता है कि कभी-भी फोन को ओवर चार्ज नहीं करना चाहिए और रात को सोते वक्त फोन को चार्जिंग से हटाकर खुद से दूर रखकर ही सोना चाहिए। सिर्फ ब्लास्ट ही नहीं बल्कि मोबाईल से निकलने वाली किरणें भी उतनी ही हानिकारक होती है।


















