
POCO कंपनी इंडिया समेत वैश्विक मंच पर अपना प्रोडक्ट पोर्टफोलियो बढ़ाने की तैयारी कर रही है। खबर है कि कंपनी पिछले साल लॉन्च किए गए POCO M3 के अपग्रेडेड वर्ज़न पर काम कर रही है जो POCO M4 नाम के साथ मार्केट में एंट्री लेगा। पोको एम3 स्मार्टफोन फरवरी 2021 में बाजार में उतारा गया था और अब सामने आ रही जानकारी के अनुसार पोको एम4 मोबाइल फोन फरवरी 2022 में लॉन्च होगा। नए लीक में फोन की लॉन्च टाईमलाईन के साथ ही इसकी स्पेसिफिकेशन्स का भी खुलासा हो गया है।
POCO M4 से जुड़ी यह नई अपडेट टेक वेबसाइट एमएसपी के जरिये सामने आई है। इस वेबसाइट ने सूत्र के हवाले से खबर छापी है जिसमें दावा किया गया है कि पोको एम4 स्मार्टफोन फरवरी महीने में टेक मंच पर लॉन्च किया जाएगा। यह फोन फरवरी के शुरूआती दिनों में मार्केट में एंट्री लेगा और कंपनी इसे ग्लोबल मंच पर एशियन मार्केट में भी उतार देगी। इस मार्केट्स में इंडिया का नाम भी शामिल रहेगा तथा इसी महीने यानी फरवरी में ही पोको एम4 स्मार्टफोन भारतीय बाजार में भी सेल के लिए उपलब्ध हो सकता है।

POCO M4 की स्पेसिफिकेशन्स
ताजा रिपोर्ट के अनुसार पोको एम4 स्मार्टफोन कंपनी की ओर से 90हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट वाली डिसप्ले पर लॉन्च किया जाएगा। फोन के स्क्रीन साईज़ और डिसप्ले स्टाईल की जानकारी तो सामने नहीं आई है लेकिन उम्मीद कर सकते हैं कि पोको अपने इस फोन में पंच-होल डिसप्ले देगी। यहां याद दिला दें कि POCO M3 स्मार्टफोन 6.53 इंच की फुलएचडी+ डिसप्ले सपोर्ट करता है जो वॉटरड्रॉप नॉच डिजाईन पर बनी है। यह भी पढ़ें : 10 जनवरी को लॉन्च होगा रियलमी का सस्ता और स्टाईलिश Realme 9i स्मार्टफोन
POCO M4 को एंडरॉयड 11 ओएस पर लॉन्च किया जाएगा जो मीयूआई 12.5 के साथ काम करेगा। खबर के मुताबिक प्रोसेसिंग के लिए इस फोन में आक्टाकोर प्रोसेसर के साथ मीडियाटेक का चिपसेट दिया जाएगा। चिपसेट कोडनेम की डिटेल तो अभी भी पर्दे में ही है परंतु POCO M3 में क्वॉलकॉम स्नैपड्रैगन 662 चिपसेट दिए जाने के बाद POCO M4 में MediaTek चिपसेट लाना भी बड़ा बदलाव है।

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि यह पोको फोन ट्रिपल रियर कैमरा सपोर्ट करेगा। इस कैमरा सेटअप में 64MP OV64B40 प्राइमरी सेंसर दिए जाने की बात कही गई है जिसके साथ 8 मेगापिक्सल का सोनी आईएमएक्स355 सेंसर और 2 मेगापिक्सल का ओवी2ए लेंस देखने को मिल सकता है। फिलहाल POCO M4 के बारे में अन्य डिटेल्स सामने नहीं आई है लेकिन उम्मीद है कि पोको का यह फोन आने वाले दिनों में सर्टिफिकेशन्स साइट्स पर दिखना शुरू हो जाएगा।





















